- मांड्या जिले के उक्कडा मंदिर में बीजेपी विधायक की बेटी पर महिला पुलिस अधिकारी से मारपीट का आरोप लगा है
- भीम अमावस्या के दौरान मंदिर में देर से एंट्री मिलने पर एश्वर्या और महिला PSI सविता बी के बीच विवाद हुआ था
- महिला पुलिस अधिकारी सविता बी ने थप्पड़ मारने, बदसलूकी करने और धमकाने के आरोप में FIR दर्ज कराई है
कर्नाटक के एक बीजेपी विधायक की बेटी पर एक पुलिस अधिकारी से मारपीट का आरोप लगा है. ये घटना एक मंदिर से जुड़ी है. गुरुवार को मांड्या जिले के उक्कडा मंदिर में भीम अमावस्या की खास पूजा चल रही थी. तुमकुरु ग्रामीण बीजेपी विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी और ACP गौतम की पत्नी एश्वर्या भी मंदिर पहुंची थीं. आरोप है कि मंदिर में एंट्री देर से मिलने पर वह भड़क गईं और उन्होंने मंदिर में स्पेशल सिक्योरिटी ड्यूटी पर तैनात महिला PSI के साथ कथित तौर पर मारपीट की.
बीजेपी विधायक की बेटी पर पुलिस अधिकारी को मारने का आरोप
ये घटना 12 अगस्त को मांड्या जिले के श्रीरंगपट्टनम तालुक में आरती उक्कडा मंदिर में रात करीब 8 बजकर 15 मिनट के आसपास घटी. उस समय मंदिर में अमावस्या का खास पूजा-पाठ चल रहा था. जिस महिला पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट हुई, उनका नाम सविता बी. है. वह मांड्या महिला पुलिस स्टेशन से जुड़ी PSI हैं. उन्होंने बीजेपी विधायक की बेटी पर बदसलूकी, अपशब्द कहने, उन्हें थप्पड़ मारने, मारपीट करने, उनको ड्यूटी करने से रोकने और धमकियां देने की शिकायत दर्ज कराई है.

मंदिर में लेट एंट्री पर भड़कीं विधायक की बेटी
यह घटना तब हुई जब ऐश्वर्या दर्शन के लिए मंदिर पहुंची और उन्हें एंट्री मिलने में देरी हुई. आरोप है कि इसी बात पर वह इतना ज्यादा भड़क गईं कि उन्होंने पुलिस अधिकारी से मारपीट कर डाली. घटना के बाद, PSI सविता ने ऐश्वर्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. बीजेपी विधायक की बेटी के खिलाफ क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 115(2), 352 और 351(2) के तहत FIR दर्ज की गई है.

पुलिस की कार्रवाई की सवाल
हालांकि, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. घटना को 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद, ऐश्वर्या को न तो हिरासत में लिया गया है और न ही कोई नोटिस भेजा गया है. जबकि इस मामले में गैर-जमानती धाराएं भी शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं