Washim Murder Case: महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद शव को कार में रखा और कई घंटों तक इधर-उधर घूमता रहा. इसके बाद वह सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर करते हुए हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सलमान खान के रूप में हुई है, जबकि मृतका उसकी पत्नी हसीनबानो थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था. इसी विवाद ने कथित रूप से इस भयावह अपराध का रूप ले लिया.
चलती कार में हुई हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपी सलमान खान अपनी पत्नी हसीनबानो के साथ नागपुर से मुंबई की ओर यात्रा कर रहा था. दोनों के साथ उनके तीन छोटे बच्चे भी कार में मौजूद थे. इसी दौरान समृद्धि महामार्ग पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले किसी कठोर वस्तु से पत्नी पर हमला किया और बाद में उसका गला घोंट दिया. वारदात के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

Washim Murder Case: चलती कार में पत्नी की हत्या
शव के साथ घंटों घूमता रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को कार में ही रखा और कई घंटों तक विभिन्न स्थानों पर घूमता रहा. पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार बाद में वह सीधे वाशिम जिले के कारंजा शहर पुलिस स्टेशन पहुंचा और अधिकारियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है तथा शव उसकी कार में मौजूद है.
पुलिस ने कार से बरामद किया शव
आरोपी की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार की जांच की. जांच के दौरान कार से महिला का शव बरामद किया गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
चरित्र पर शक बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था. इसी वजह से दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला हिंसक रूप ले बैठा. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को विस्तार से खंगाल रही है.
आरोपी ने यह कहा
आरोपी के बयान के अनुसार, वह नागपुर से मुंबई जा रहा था. इसी दौरान समृद्धि एक्सप्रेसवे पर उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ. आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने पहले किसी कठोर वस्तु से पत्नी पर हमला किया और बाद में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद वह शव को अपनी गाड़ी में रखकर करंजा पुलिस स्टेशन पहुंचा.
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस अधीक्षक निकेश खतमोले ने बताया, "सलमान नाम का एक आरोपी आज सुबह करंजा पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है तथा उसका शव उसकी गाड़ी में रखा हुआ है. पुलिस ने उसके दावे का सत्यापन किया और कार से महिला का शव बरामद किया."
कई पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या समृद्धि एक्सप्रेसवे के किस हिस्से में हुई. साथ ही घटना के समय कार में मौजूद बच्चों की स्थिति और पूरे घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों ने कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है.
यह भी पढ़ें : कोरिया में पत्नी पर हैवानियत: मुंडन कर चेहरे पर पोती कालिख, जबरन पेशाब पिलाने का आरोप; पति गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, बिहार का पानीपुरी वाला गिरफ्तार; असम में POCSO के तहत केस दर्ज
यह भी पढ़ें : धान छोड़ अदरक-फूलों की खेती से मालामाल हो रहे किसान! छत्तीसगढ़ में क्यों बदल रही कृषि की तस्वीर
यह भी पढ़ें : बारात की थी तैयारी; शादी से पहले दूल्हे की हत्या, गिरिडीह में होने वाली पत्नी के जीजा ने मौत के घाट उतारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं