Hardik Pandya replacement: भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या खेलने की स्वीकृति मिलने के कुछ घंटे बाद बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज से बाहर हो गए जब उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया. पंड्या बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी पीठ की ऐंठन की चोट से उबरने के बाद खेलने की मंजूरी लेने गए थे. यह चोट उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते समय लगी थी. हो सकता है कि यह नई चोट सीओई में आकलन के दौरान पूरे 10 ओवर की गेंदबाजी करने की वजह से लगी हो. अब सबसे बड़ा सवाल है कि पंड्या की जगह वनडे टीम में किस खिलाड़ी को मौका मिलेगा.
शिवम दुबे
हार्दिक के अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में न खेलने से उनकी जगह शिवम दुबे को मौका दिया जा सकता है. शिवम भी एक ऑलराउंडर हैं और हार्दिक की अनुपस्थिति में बेहतरीन परफॉर्मेंस कर सकते हैं. दुबे के पास भी भी बल्ले और गेंद से योगदान देने की क्षमता है. शिवम ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था और वह इस फॉर्मेट में वापसी करने के लिए उत्सुक होंगे. शिवम ने अब तक भारत के लिए 4 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने बल्ले से सिर्फ 43 रन बनाए हैं और गेंद से एक विकेट लिया था.
अक्षर पटेल
हार्दिक की जगह अक्षर पटेल को भी मौका मिल सकता है. अक्षर पटेल स्पिन ऑलराउंडर हैं और अपनी फिरकी से अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं. अक्षर पटेल ने भारत के लिए अबतक 71 वनडे मैच खेले हैं और 75 विकेट लिए हैं.
क्या सारांश जैन की खुलेगी किस्मत !
मध्य प्रदेश के 33 साल के ऑलराउंडर सारांश जैन घरेलू क्रिकेट और भारत A के सबसे अनुभवी ऑलराउंडरों में से एक हैं. सारांश ने अब तक 47 लिस्ट-A मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 80.37 के स्ट्राइक रेट से 553 रन बनाए हैं और 38 विकेट भी लिए हैं. अगर भारतीय टीम हार्दिक की जगह किसी अनुभवी खिलाड़ी को चुनना चाहती है, तो मध्य प्रदेश के इस ऑलराउंडर पर विचार किया जा सकता है.
आकिब नबी को भी मिल सकता है मौका !
जम्मू-कश्मीर के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर, आकिब नबी भारत की वनडे टीम में चोटिल हार्दिक पंड्या की जगह शामिल किए जाने के मजबूत दावेदारों में से एक हैं. नबी मुख्य रूप से अपनी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और घरेलू क्रिकेट में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से कमाल कर चुके हैं. रणजी ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन इस साल विजय हजारे ट्रॉफ़ी 2025-26 में भी उनका परफॉर्मेंस शानदार रहा था. 29 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी टीम के लिए सात मैचों में 14 विकेट लिए. इसी सीजन उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ नाबाद शतक भी लगाया था. इसके साथ ही वह 50 ओवर के मैच में नंबर 8 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बैटर भी बने थे.
ये भी पढ़ें- 6 6 6 6 6..34 गेंदों में 66 रन, गेंदबाजी में झटके तीन विकेट, मुंबई T-20 में अर्जुन तेंदुलकर ने मचाया गदर
ये भी पढ़ें- सचिन तेंदुलकर vs वैभव सूर्यवंशी, भारत A डेब्यू में किसने बनाए सबसे ज्यादा रन ? जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं