Audi ने अपनी सबसे पॉपुलर और दमदार लग्जरी एसयूवी Audi Q7 का थर्ड-जनरेशन ग्लोबली पेश कर दिया है. सबसे मजेदार बात यह है कि इस EV के दौर में भी ऑडी ने डीजल इंजन का साथ नहीं छोड़ा है. नई 2026 Audi Q7 को फॉक्सवैगन ग्रुप के प्रीमियम प्लेटफॉर्म कम्बशन (PPC) पर तैयार किया गया है. यह कार न सिर्फ दिखने में बेहद मस्कुलर है, बल्कि इसकी परफॉर्मेंस और ताकत भी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है.
पेट्रोल और डीजल का डबल इंजन
नई Audi Q7 को बाजार में पेट्रोल और डीजल दोनों ही V6 इंजन विकल्पों के साथ उतारा गया है. अगर पेट्रोल इंजन की बात करें, तो इसमें 2.9-लीटर का ट्विन-टर्बोचार्ज्ड V6 इंजन मिलता है. यह इंजन 429hp की बेमिसाल पावर और 599Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. रफ्तार के मामले में यह इतनी तेज है कि महज 4.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ लेती है. इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑडी का सिग्नेचर 'क्वाट्रो' ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम स्टैंडर्ड दिया गया है.
Tata Tiago Facelift के वो 5 फीचर्स जो आपको Swift में नहीं मिलते, कार खरीदने से पहले देख लें
भले ही पेट्रोल वेरिएंट दमदार हो, लेकिन असली लाइमलाइट इसके 3.0-लीटर V6 TDI डीजल इंजन ने बटोरी है. यह इंजन दो अलग-अलग ट्यूनिंग के साथ आता है. इसका बेस वेरिएंट 245 hp की पावर और 500 Nm का टॉर्क देता है, जबकि इसका टॉप वेरिएंट 299 hp की पावर और 630 Nm का भारी-भरकम टॉर्क पैदा करता है.
अक्सर डीजल गाड़ियों को प्रदूषण फैलाने के लिए जिम्मेदार माना जाता है, लेकिन ऑडी ने इसका भी तोड़ निकाल लिया है. नई क्यू7 का डीजल इंजन हाइड्रोट्रेटेड वेजीटेबल ऑयल (HVO) यानी एक तरह के रिन्यूएबल फ्यूल पर भी चल सकता है. ऑडी का दावा है कि इस खास ईंधन का इस्तेमाल करने से पारंपरिक डीजल के मुकाबले कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) का उत्सर्जन 95 प्रतिशत तक कम हो जाता है.
साल 2009 में कंपनी ने Q7 V12 TDI लॉन्च की थी, जिसमें रेस कार वाला बहुत बड़ा V12 डीजल इंजन लगा था. वह कार 490 hp की पावर और 1,000 Nm का हैरान कर देने वाला टॉर्क देती थी. हालांकि आज के दौर में इतने बड़े इंजन नहीं बनते, लेकिन नई ऑडी क्यू7 का V6 TDI इंजन उसी पुरानी लेगेसी को आगे बढ़ा रहा है.
कब होगी लॉन्च और क्या होगी कीमत?
यूरोप के बाजारों में नई 2026 Audi Q7 की बुकिंग इसी महीने से शुरू होने जा रही है. ग्राहकों को इसकी डिलीवरी सितंबर 2026 से मिलना शुरू होगी. कीमत की बात करें तो इसके बेस डीजल वेरिएंट की शुरुआती कीमत 87,900 यूरो (यानी करीब 96.90 लाख रुपये) रखी गई है. वहीं, इसके हाई-स्पेक वेरिएंट की कीमत 90,500 यूरो (यानी करीब 99.76 लाख रुपये) तक जाती है. भारत में इसके लॉन्च की तारीख अभी तय नहीं है, लेकिन चूंकि भारत में Q7 हमेशा से सुपरहिट रही है, इसलिए जल्द ही इसके भारतीय सड़कों पर भी दिखने की पूरी उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं