Kia India ने अपनी तीन पॉपुलर गाड़ियों Carens CNG, Carens Clavis CNG और Carnival Limousine Hybrid की प्री-बुकिंग अपने डीलरशिप नेटवर्क पर शुरू कर दी है. इन नए मॉडल्स के आने से कंपनी की थ्री-रो (7-सीटर) रेंज में ग्राहकों को फैक्ट्री-फिटेड CNG और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन के नए ऑप्शन मिल जाएंगे. हालांकि, कंपनी ने अभी तक इनकी कीमतों और लॉन्चिंग की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
Carens MPVs के लिए फैक्ट्री-फिटेड CNG
Carens CNG और Carens Clavis CNG में Kia का 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा. इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. इन दोनों ही कारों में कंपनी की तरफ से फिट किया हुआ 60-लीटर का CNG टैंक मिलेगा. ये उन ग्राहकों के लिए बड़ी राहत है जो पहले बाहर या डीलर स्तर पर CNG किट लगवाने को मजबूर थे.
Kia का कहना है कि CNG मॉडल्स को नए फ्यूल सिस्टम के हिसाब से खास तौर पर डिजाइन किया गया है. CNG टैंक के अतिरिक्त वजन को संभालने और गाड़ी के संतुलन व ब्रेकिंग को दुरुस्त रखने के लिए इंजन ट्यूनिंग और सस्पेंशन को अपडेट किया गया है. इसके अलावा इनमें 16-इंच के टायर दिए गए हैं.
इन गाड़ियों में CNG से पेट्रोल पर स्विच करने के लिए एक बटन (फ्यूल-चेंज स्विच) मिलेगा. साथ ही 4.2-इंच की कलर-स्क्रीन (TFT MID) पर CNG की 'डिस्टेंस-टू-एम्प्टी' (DTE) की जानकारी भी दिखेगी. जिससे ड्राइवर को पता रहेगा कि गैस खत्म होने से पहले गाड़ी कितनी दूर और चल सकती है. कंपनी ने तीसरी रो की सीटों के रिक्लाइन एंगल को भी थोड़ा सुधारा है. लंबी यात्राओं के दौरान पिछली सीटों पर बैठने वाले यात्रियों के कम्फर्ट के लिहाज से ये एक छोटा पर बेहद काम का बदलाव है.
Carens And Clavis CNG वैरिएंट
ग्राहकों के लिए Kia Carens CNG को Premium (O) G1.5 6MT वेरिएंट में पेश किया जाएगा. इसके अलावा, कमर्शियल और फ्लीट ग्राहकों (टैक्सी और बिजनेस यूज) के लिए कंपनी इसका एक स्पेशल M-Drive वेरिएंट भी तैयार कर रही है. वहीं, Carens Clavis CNG को प्राइवेट खरीदारों के लिए HTE और HTE (O) ट्रिम्स में लाया जाएगा. फ्लीट और कमर्शियल सेगमेंट को ध्यान में रखते हुए इसका भी एक विशेष HTM वेरिएंट लाने की योजना है.
CNG का ये नया विकल्प पहले से बिक रहे पेट्रोल और टर्बो-डीजल ऑप्शन्स के साथ मिलकर ग्राहकों की चॉइस को और बड़ा कर देगा. ध्यान रहे कि Carens Clavis इलेक्ट्रिक (EV) अवतार में भी उपलब्ध है, जो इसे भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा इंजन ऑप्शंस वाली 7-सीटर गाड़ी बनाता है.
Kia Carnival Hybrid
प्रीमियम सेगमेंट में Kia अपनी सबसे आलीशान MPV Carnival का हाइब्रिड मॉडल Limousine+ G1.6T HEV 6AT वेरिएंट में ला रही है. इसमें 1.6-लीटर का टर्बो-पेट्रोल स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन मिलेगा, जिसे 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है.
फीचर्स की बात करें तो Carnival Hybrid में 18-इंच के क्रिस्टल कट एरो अलॉय व्हील्स, एक्टिव एयर फ्लैप्स और वर्चुअल इंजन साउंड सिस्टम (VESS) जैसे फीचर्स मिलेंगे. इसके अलावा केबिन में एयर प्यूरीफायर (AQI डिस्प्ले के साथ), वायरलेस चार्जिंग से लैस फोल्डेबल सीटबैक टेबल, एंबियंट लाइटिंग, कप होल्डर्स और लेदरेट डोर ट्रिम्स जैसी लग्जरी चीजें दी गई हैं.
ये भी पढ़ें- 28 किमी का माइलेज, बड़ा सनरूफ, कीमत 9 लाख से शुरू, देखें बेस्ट और सस्ती SUV
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं