विज्ञापन
22 days ago

BRICS Summit Delhi Live Updates: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS शिखर सम्मेलन जारी है. इस समिट के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई. दोनों नेताओं ने व्यापार और सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. इसके बाद भारत मंडपम में ही ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक हुई. इस बैठक में पीएम मोदी, पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति समेत कई वैश्विक नेताओं ने संबोधन दिया.

वहीं इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए पहुंच गए हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी कल भारत आएंगे. शनिवार को भारत मंडपम में यह समिट जारी रहेगी और कई अहम बैठकें होंगी.

ब्रिक्स समिट के लिए अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधि भी दिल्ली पहुंचेंगे. इन सभी को दिल्ली के अलग-अलग होटलों में ठहराया जाएगा. 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में ब्रिक्स समिट में सभी सदस्य देशों के प्रतनिधि चर्चा करेंगे. जिसके लिए दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंध की गई है. ब्रिक्स समिट और मोदी-पुतिन वार्ता से जुड़े पल-पल के अपडेट्स जानें इस लाइव ब्लॉग पर. 

BRICS Summit Modi Putin Meeting LIVE Updates:

BRICS Summit Live: थाईलैंड के डिप्टी PM पहुंचे भारत

थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेओ नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे.

BRICS Summit Live: पीएम मोदी और जिनपिंग की मुलाकात की हो रही तैयारी

ब्रिक्स समिट के बीच चीन के राजदूत का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि चीन और भारत, राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारी कर रहे हैं. कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद, यह लगातार तीसरा साल होगा जब दोनों नेता एक-दूसरे से मिलेंगे.

चीन, दोनों नेताओं के रणनीतिक निर्देशों पर अमल करने, द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत बढ़ाने, सहयोग को मजबूत करने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने और अच्छे पड़ोसी व एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार के तौर पर साथ काम करेगा.

BRICS Summit Live: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति पहुंचे भारत

इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए पहुंचे. वे 12-13 सितंबर को होने वाली बैठकों में शामिल होंगे.

BRICS Summit Live: UNSC सेक्रेटरी से पीएम मोदी ने की मुलाकात

दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UNSC महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की.

BRICS Summit Live: ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों ने स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने पर दिया जोर

ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों ने वैश्विक व्यापार पर बढ़ते टैरिफ और गैर-शुल्क बाधाओं को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सदस्य देशों के बीच स्थानीय मुद्राओं में व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर दिया है. मुंबई में आयोजित बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि ब्रिक्स समूह सीमा-पार भुगतान व्यवस्था को अधिक तेज, सस्ता, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए व्यावहारिक समाधान तलाश रहा है.

संयुक्त बयान के अनुसार, ब्रिक्स पेमेंट टास्क फोर्स वर्तमान में विभिन्न सदस्य देशों की भुगतान प्रणालियों और संदेश विनिमय (मैसेजिंग) प्रणालियों के बीच बेहतर अंतरसंचालनीयता (इंटरऑपरेबिलिटी) विकसित करने पर काम कर रही है, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच होने वाले लेनदेन को अधिक कुशल, कम लागत वाला और आसानी से सुलभ बनाना है. समूह का मानना है कि ऐसी व्यवस्था व्यापार और निवेश को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ डॉलर पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी सहायक हो सकती है.

BRICS Summit Live: प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल से रखे तीन सुझाव

प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल से तीन सुझाव रखे.

  1. क्या ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार में आने वाली सबसे बड़ी 10 बाधाओं पर रिपोर्ट तैयार की जा सकती है?
  2. क्या हर साल 100 ब्रिक्स स्टार्टअप्स को दूसरे ब्रिक्स देशों के बाजारों में विस्तार करने में मदद मिल सकती है? 
  3. क्या हर साल कारोबार के क्षेत्र में 1,000 नई साझेदारियां बनाई जा सकती हैं?

पीएम मोदी ने कहा कि इन तीनों लक्ष्यों पर हर साल प्रगति की समीक्षा होनी चाहिए. ब्रिक्स को अपनी महत्वाकांक्षाओं को जमीन पर उतारना होगा और सामूहिक ताकत को वैश्विक समाधानों में बदलना होगा. उनके शब्दों में, "ब्रिक्स आगे बढ़ेगा तो दुनिया भी आगे बढ़ेगी."

ब्रिक्स महिला बिजनेस एलायंस भारत के विजन का अहम हिस्सा है. भारत चाहता है कि महिला उद्यमी विकास की इस यात्रा का नेतृत्व करें. उन्होंने बताया कि भारत में हुई इस एलायंस की बैठक में करीब 200 महिला बिजनेस लीडर्स ने हिस्सा लिया.

नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री, भारत

BRICS Summit Live: ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी ने की UPI की तारीफ

पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों और हवाई अड्डों का विस्तार कर रहा है. साथ ही देश शिपबिल्डिंग, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, महत्वपूर्ण खनिजों और बायोटेक्नोलॉजी जैसे अहम क्षेत्रों में नई क्षमताएं विकसित कर रहा है. उन्होंने डिजिटल क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि यूपीआई (UPI) ने बड़े स्तर पर लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने का काम किया है. आज दुनिया में होने वाले रियल-टाइम डिजिटल पेमेंट्स का बड़ा हिस्सा इसी तकनीक के जरिए होता है. समुद्री सुरक्षा पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक व्यापार की प्रगति के लिए समुद्री रास्तों का सुरक्षित होना, सप्लाई रूट्स का खुले रहना और जहाजों पर काम करने वाले लोगों की सुरक्षा बेहद जरूरी है. भारत हमेशा से समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा का समर्थन करता रहा है.

BRICS Summit Live: दुनिया में अनिश्चितता के माहौल, भारत लगातार विकास की ओर बढ़ रहा: PM मोदी

दिल्ली में ब्रिक्स बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप सभी का स्वागत है. इस साल ब्रिक्स के 20 साल पूरे हो रहे हैं. 2006 में जब इसकी शुरुआत हुई थी, तब इसमें सिर्फ 4 देश थे, लेकिन आज सदस्य और पार्टनर देशों को मिलाकर यह समूह 21 देशों का परिवार बन चुका है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय है, "मजबूती, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास के लिए निर्माण". पिछले 12 वर्षों से भारत अपनी आर्थिक और व्यापार नीतियों में इसी सोच को आगे बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत ने ऊर्जा से लेकर टेक्नोलॉजी तक कई क्षेत्रों में सप्लाई चेन को ज्यादा मजबूत और भरोसेमंद बनाया है. यही वजह है कि दुनिया में अनिश्चितता के माहौल के बावजूद भारत लगातार विकास और स्थिरता का उदाहरण बना हुआ है.

BRICS Summit Live: यह अब तक का सबसे बड़ा बिजनेस फोरम: पीएम मोदी

भारत में आयोजित यह फोरम अब तक का सबसे बड़ा ब्रिक्स बिजनेस फोरम है. हम ब्रिक्स की 20वीं बर्षगांठ मना रहे हैं. जब ब्रिक्स शुरू हुआ तब 4 सदस्य थे. लेकिन अब हमारा परिवार बढ़कर 21 देशों का बन चुका है.

BRICS Summit 2026 LIVE: पुतिन ने कहा, ग्लोबल GDP का 40% BRICS से आता है

BRICS बिजनेस समिट में अपने संबोधन के दौरान, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि ग्लोबल GDP का 40 प्रतिशत हिस्सा BRICS देशों से आता है.

आज दुनिया बहुत मुश्किल दौर से गुजर रही है. देशों के बीच तनाव और अनिश्चितता बढ़ रही है, सामान की सप्लाई में दिक्कतें आ रही हैं और आर्थिक ताकत का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है. इन सब वजहों से दुनिया का कारोबारी और आर्थिक माहौल और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गया है. ऐसे में सवाल है कि ब्रिक्स इन चुनौतियों का सामना कैसे करेगा? हमारा मानना है कि ब्रिक्स की असली ताकत सिर्फ उसके सदस्य देशों की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में नहीं है. इसकी असली ताकत तब सामने आती है, जब ये देश मिलकर व्यापार बढ़ाते हैं, निवेश करते हैं और संयुक्त रूप से वित्तीय सहयोग करते हैं. यानी सिर्फ साथ काम करने की संभावना तक सीमित रहने के बजाय, उस सहयोग को जमीन पर उतारना और उसे हकीकत में बदलना जरूरी है.

मसूद पेज़ेश्कियान

ईरान के राष्ट्रपति

BRICS Summit Live: ब्रिक्स बिजनेस फोरम में क्या बोले ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान?

ब्रिक्स बिजनेस फोरम में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि आज दुनिया सबसे जटिल दौर से गुजर रही है. किसी देश का युद्ध विश्व के लिए भी बड़ा खतरा है. मौजूदा समय में ब्रिक्स की भूमिका बेहद अहम है. ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले से स्थिति खराब हुई. ईरान कड़े प्रतिबंधों से गुजर रहा है. ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा मौलिक अधिकार हैं.

BRICS Summit Live: ब्रिक्स में PM मोदी और पुतिन के बीच किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

ब्रिक्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई. विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच राजनीति और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की गई. इसके साथ ही पश्चिम एशिया तनाव और ब्लैक सी विवाद पर भी चर्चा हुई. भारत शांति बहाली में सहयोग करेगा.

पुतिन ने कहा कि दोनों देश आपसी सहयोग और बढ़ाएंगे. पीएम मोदी ने पुतिन का निमंत्रण स्वीकार किया है. दोनों के बीच समुद्री व्यापार और नाविक सुरक्षा पर भी चर्चा हुई.

BRICS Summit Live: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण खनिजों पर होगी चर्चा: रेड्डी

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण खनिजों पर प्रमुखता से चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि सरकार देश में ऐसे खनिजों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है. रेड्डी ने कहा कि परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के लिए जरूरी लिथियम ब्लॉक हासिल करने के लिए अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया और चिली के साथ सरकार से सरकार स्तर पर बातचीत चल रही है. रेड्डी ने बताया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले उन्होंने बृहस्पतिवार को रूस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष बैठक भी की थी.

आज यहां सदस्य देशों और पार्टनर देशों के 2000 से ज्यादा बिजनेस लीडर्स और प्रतिनिधि इकट्ठा हुए हैं, यह अब तक का सबसे बड़ा ब्रिक्स बिजनेस फोरम है. इस फोरम में नॉन-टैरिफ बैरियर्स, ग्लोबल वैल्यू चेन पर असर डालने वाले मुद्दों, खेती और एग्री-टेक्नोलॉजी, सर्विस ट्रेड, महिलाओं के नेतृत्व वाले बिजनेस और डिजिटल इकॉनमी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई है. ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल ने 44 से ज्यादा सुझावों के साथ अपनी सालाना रिपोर्ट पूरी कर ली है. ब्रिक्स विमेंस बिजनेस अलायंस की बैठक पिछले 2 दिनों में हुई और इसने ब्रिक्स देशों में महिलाओं के नेतृत्व वाले बिजनेस की बड़ी भूमिका के लिए रास्ता तैयार किया है.

पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री

BRICS Summit Live: ब्रिक्स देशों में रहती है दुनिया की आधी आबादी

ब्रिक्स देशों में दुनिया की लगभग आधी आबादी रहती है. ये देश दुनिया के कुल आर्थिक उत्पादन में करीब 30 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार में करीब पांचवां हिस्सा रखते हैं.

BRICS Summit Live: क्या है BRICS? पूरा इतिहास जानिए

ब्रिक्स सहयोग की शुरुआत 2006 में हुई थी, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत और चीन शामिल थे. इसके बाद 2011 में दक्षिण अफ्रीका आधिकारिक तौर पर समूह में शामिल हुआ. अगस्त 2023 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में 15वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया, जहां ब्रिक्स की सदस्यता बढ़ाने का फैसला लिया गया. इसके बाद 1 जनवरी 2024 को सऊदी अरब, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात, ईरान और इथियोपिया ब्रिक्स के पूर्ण सदस्य बने.

इसके बाद 2025 में इंडोनेशिया भी ब्रिक्स का पूर्ण सदस्य बन गया. वहीं, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, युगांडा और नाइजीरिया ब्रिक्स के भागीदार देश बन गए.

BRICS Summit Live: ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक शुरू

भारत मंडपम में ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक शुरू हो गई है. इस बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी पहुंचे हैं. फिलहाल केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल संबोधन दे रहे हैं. गोयल ने सभी देशों के मेहमानों का स्वागत किया.

 

BRICS Summit LIVE: भारत-रूस की प्रदर्शनी देख रहे PM मोदी और पुतिन

भारत मंडपम में भारत और रूस की इनोप्रोम प्रदर्शनी लगाई गई है. इस प्रदर्शनी में दोनों देशों की 120 से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया है. प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन इस प्रदर्शनी को देख रहे हैं.

BRICS Summit LIVE: ब्रिक्स को लेकर क्या बोलीं साउथ अफ्रीका की यूनिप्रो प्रोटेक्टिव वियर की पुलेंग

दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स समिट पर साउथ अफ्रीका की यूनिप्रो प्रोटेक्टिव वियर की पुलेंग पोर्शिया न्कागिसांग ने कहा, "यहां मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा है. मैं कुछ ऐसी कंपनियों से मिली हूं जिनके साथ हम मिलकर काम कर सकते हैं, और मुझे लगता है कि यह सहयोग बहुत फायदेमंद साबित होगा. मैं इस पूरे इवेंट के नतीजों से खुश हूं."

पुतिन को तोहफा देने के बाद क्या बोले मोदी

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन को 'तिरुक्कुरल' का रूसी अनुवाद भेंट किया, जिसमें महान तिरुवल्लुवर की शाश्वत बुद्धिमत्ता समाहित है जो भाषाओं और सीमाओं से पूरी तरह परे है.

एक कार से पहुंचे मोदी-पुतिन

जिस प्रकार से रूस में पुतिन पीएम मोदी का स्वागत करते हैं, कुछ उसी अंदाज में भारतीय प्रधानमंत्री ने भी रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया है. द्विपक्षीय बैठक समाप्त होते ही पीएम मोदी और पुतिन एक ही गाड़ी से जाते हुए दिखाई दिए.

बिजनेस फोरम के लिए पहुंचे मोदी-पुतिन

द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति बिजनेस फोरम के लिए पहुंच गए हैं. यहां भी कई मुद्दों पर चर्चा होगी.

मोदी-पुतिन की बैठक समाप्त

पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक समाप्त हो गई है. रूसी राष्ट्रपति भारत मंडपम से बाहर निकल गए हैं.

इजिप्ट के राष्ट्रपति पहुंचे भारत

इजिप्ट के राष्ट्रपति ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंच गए हैं. अब्देल फतेह अल-सिसी का अधिकारियों ने स्वागत किया है.

नाइजीरिया के उप राष्ट्रपति पहुंचे भारत

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए नाइजीरिया के उप राष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा भारत पहुंच चुके हैं. अधिकारियों ने उनका स्वागत किया है.

पुतिन को तोहफा देते समय क्या बोले पीएम

पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट करते हुए कहा कि पीपल टू पीपल कनेक्ट के लिए इस किताब का पढ़ा जाना बहुत जरूरी है, इसकी अपनी अहमियत है.

दिल्ली का मौसम जानिए

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सम्मेलन के दौरान दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में बारिश होने के प्रबल आसार जताए हैं. बंगाल, ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव का क्षेत्र अब मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिसके असर से हवाओं का रुख बदल रहा है. 

मोदी-पुतिन बैठक में क्या हो रहा है?

पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति के बीच बैठक शुरू हो चुकी है. एनडीटीवी को सूत्रों से पता चला है कि पक्षीय व्यापार को 2030 तक 100 बिलियन डॉलर तक ले जाने पर जोर दिया जा रहा है. इसके अलावा सिविल न्यूक्लियर कॉरपोरेशन पर भारत रूस के साथ व्यापार बढ़ाना चाहता है. इंडियन स्कील्ड वर्कर्स को भी रूस भेजने में भारत इच्छा जता रहा है.

किन मुद्दों पर होगी बात?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कई मुद्दों पर चर्चा होने वाली है. अमेरिकी टैरिफ से लेकर रूस पर लगे प्रतिबंध तक, विमान निर्माण से लेकर डिफेंस तक, कई मुद्दों पर गहन चर्चा संभव है. कुछ समझौते भी दोनों देशों के बीच हो सकते हैं. 

पीएम मोदी ने पुतिन को क्या गिफ्ट दिया?

पीएम नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया है. इसकी एक तस्वीर भी सामने आई है.

मोदी-पुतिन ने मिलाया हाथ, दिखी गर्मजोशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गर्मजोशी से मुलाकात की है. दोनों ने हाथ मिलाया और गले मिले.

BRICS बैठक में फूड सिक्योरिटी और इनोवेशन पर जोर

नई दिल्ली में BRICS बिजनेस काउंसिल की बैठक के दौरान रूसी चैप्टर के चेयरमैन आंद्रे गुरयेव ने कहा कि भारत और रूस लंबे समय से भरोसेमंद साझेदार रहे हैं. उन्होंने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य की स्थिति को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है. गुरयेव ने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है और उनके प्रतिनिधिमंडल में 300 सदस्य शामिल हैं.
 

भारत के बारे में क्या सोचता है चीन? चीनी पत्रकार ने एनडीटीवी को बताया

चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क के इंटरनेशनल मीडिया संगठन CGTN की रिपोर्टर हुआंग युए (Huang Yue) ने NDTV से बातचीत में बताया, "भारत हमारा एक पुराना पड़ोसी है, और यह एक ऐसा पड़ोसी है जिसे हम संजोकर रखते हैं." हुआंग युए की एनडीटीवी के साथ हुई बातचीत के वीडियो अंश को भारत में चीनी दूतावास की स्पोर्कपर्सन यू जिंग ने एक्स पर साझा किया है. 

पढ़ें पूरी खबर- भारत के बारे में क्या सोचता है चीन? कॉलेज के किस्से से चीनी पत्रकार ने NDTV को बतलाई असलियत

ब्रिक्स समिट के बीच दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज

ब्रिक्स समिट के बीच दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला. दिल्ली, नोएडा सहित कई हिस्सों में अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हुई. दिल्ली के भारत मंडपम के पास भी बारिश हुई. इधर मौसम विभाग ने आगे तीन दिनों के लिए दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. ब्रिक्स समिट के बीच बारिश से व्यवस्था में कुछ परेशानी होने की बात भी कही जा रही है.

BRICS Summit LIVE Updates: ब्रिक्स समिट पर अमित शाह बोले- भारत संबंधों को मजबूत कर रहा

ब्रिक्स समिट पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ब्रिक्स 2026 के लिए मंच तैयार है और भारत संबंधों को मजबूत करने, सहयोग बढ़ाने एवं साझा समृद्धि को प्रोत्साहित करने पर विचार-विमर्श के लिए आए अन्य देशों के नेताओं का स्वागत कर रहा है.

 

BRICS Summit LIVE Updates: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान पहुंचे दिल्ली

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भारत पहुंच चुके हैं. कुछ देर पहले ईरान के राष्ट्रपति विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के साथ-साथ उनकी पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होने की चर्चा है. 
 

BRICS Summit LIVE Updates: शाम 5 बजे ब्रिक्स बिजनेस फोरम में शामिल होंगे पीएम मोदी और पुतिन

प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन आज शाम 5 बजे ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री मोदी शाम करीब 5.45 बजे ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे. रूसी राष्ट्रपति पुतिन शाम 5.35 बजे ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे.

ब्रिक्स समिट पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा- सभी देश मिलकर एक व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करें

ब्रिक्स समिट पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, "भारत को ये देखना है कि सभी लोग मिलकर एक व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करेंगे. हम मिलकर विश्व के लिए एक नई परिस्थिति पैदा कर सकते हैं, उस ओर हमें ध्यान देना है. हमें न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए आतंकवाद को समाप्त करना है, हमें जलवायु परिवर्तन का विषय पूरे विश्व के लिए चाहिए, जिस पर हमें एकमत होना है. डीडॉलरायझेशन की बात है तो कहां-कहां पर कितने देश आपस में जो व्यापार कर रहे हैं, उसे वे अपने दो देशों की करंसी में तय करने का प्रयास कर रहे हैं. 

डीडॉलरायझेशन तब होगा जब कोई नई करंसी बन जाएगा लेकिन उस करेंसी पर तो आम सहमति नहीं है कि एक करंसी बने और डॉलर को समाप्त किया जाए. हो सकता है कि वे लोग जो डॉलर से व्यापार करते हैं, वह उस पर कोई नई व्यवस्था बनाएं... अमेरिका भी इस ओर ध्यान देगा, मुझे पूरी उम्मीद है. इन सभी बातों पर भारत को आम सहमति बनाने की आवश्यकता है... ब्रिक्स में ऐसे देश भी हैं जिनके आपसी विवाद है। UAE और ईरान भी इसमें शामिल हैं... इससे पूरा विश्व प्रभावित हुआ है... इन कठिनाईयों को हम दूर कर सकते हैं जो लोगों के बीच आई हैं..."

 

BRICS Summit LIVE Updates: ब्रिक्स सम्मेलन में मेहमानों को दिया जा रहा ये खास तोहफा

ब्रिक्स 2026 सम्मेलन के लिए मेहमानों को खास तोहफा दिया जा रहा है. भारत की मेजबानी में हो रहे इस बड़े सम्मेलन में मेहमानों का खास ख्याल रखा जा रहा है. तोहफे में ब्रिक्स के लोगो वाले बैग के साथ-साथ सत्तू, कॉफी और एक स्टॉल दिया जा रहा है. देसी-विदेशी मीडियाकर्मियों और डेलिगेट्स को ये तोहफे दिए जा रहे हैं. खांटी देसी अंदाज वाले इस तोहफे में एक मग भी है.

पढ़ें पूरी खबर- सत्तू, मखाना, कॉफी.. ब्रिक्स सम्मेलन में मेहमानों को खास तोहफा
 

पुतिन का स्पेशल प्लेन, 2 एक जैसे सुपर प्लेन के साथ क्यों उड़ान भरते हैं रूसी राष्ट्रपति

भारत में आयोजित हो रहे BRICS शिखर सम्मेलन के लिए रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं. पुतिन इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच रूस से दिल्ली पहुंचे कि किसी को ये पता तक नहीं चला कि वह बैठे किस विमान में थे. उनके एयरक्राफ्ट की सुरक्षा देख हर कोई हैरान था. वजह थी उनके फ्लीट में हूबहू एक जैसे दो एयरक्राफ्ट्स का शामिल किया जाना. पुतिन जिस विमान से सफर करते हैं, वो बेहद खास होता है. जानिए उसकी खासियतें क्या हैं...

पढ़ें पूरी खबर- पुतिन का स्पेशल प्लेन, 2 एक जैसे सुपर प्लेन के साथ क्यों उड़ान भरते हैं रूसी राष्ट्रपति

BRICS Summit LIVE Updates: बिजनेस फोरम में एस जयंशकर ने सप्लाई नेटवर्क को जोड़ने की भी बात कही

इस दौरान एस जयशंकर ने यह भी कहा कि इन सभी में एक बात समान है. हमारे देशों के बिजनेस के लिए ज्यादा पार्टनर खोजना, ज्यादा मार्केट तक पहुंचना, सप्लाई नेटवर्क को जोड़ना और एक-दूसरे की खूबियों को काम के कमर्शियल पार्टनरशिप में बदलना आसान बनाना. खासकर ब्रिक्स (BRICS) के लिए, ज्यादा आर्थिक गतिविधि और आर्थिक सुरक्षा का मतलब है ज्यादा आत्मनिर्भरता. मकसद यह है कि हम आपस में जुड़े और कॉम्पिटिटिव रहते हुए भी मुश्किल हालात का सामना करने की अपनी क्षमता को मजबूत करें. इसके लिए सही मार्केट प्रैक्टिस, भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स, ऐसा बिजनेस माहौल जिसमें चीजों का अंदाजा लगाया जा सके, अलग-अलग तरह के कमर्शियल रिश्ते और पारदर्शी व्यापार और निवेश की जरूरत है. साथ ही, ऐसे एनर्जी सिस्टम की भी जरूरत है जो रुकावटों का सामना कर सकें और ऐसे ट्रांज़िशन रास्ते हों जो अलग-अलग देशों की स्थितियों के हिसाब से हों.
 

BRICS Summit LIVE Updates: दुनिया में उथल-पुथल का माहौल, ब्रिक्स देशों में नई संभावनाएं... ब्रिक्स बिजनेस फोरम में बोले जयशंकर

BRICS बिजनेस फोरम में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ब्रिक्स के 20 साल की जर्नी पर कहा,  बीते 20 सालों में BRICS ने अपनी सदस्यता, एजेंडा और सहयोग के तरीकों के मामले में काफी विकास किया है. भारत की अध्यक्षता ने 'मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी' के लिए काम करने की थीम के जरिए इस विकास को आगे बढ़ाने की कोशिश की है. ये प्राथमिकताएं आज हमारे देशों के सामने मौजूद हालात के लिहाज़ से बहुत अहम हैं. हम ऐसे समय में मिल रहे हैं जब दुनिया की राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था में बड़े बदलाव हो रहे हैं. हमारे आस-पास की दुनिया में उतार-चढ़ाव, अनिश्चितता और जटिलता आम बात हो गई है. हम भू-राजनीतिक टकरावों, महामारियों और जलवायु से जुड़ी समस्याओं के आर्थिक नतीजों को देख रहे हैं. साथ ही, तेज़ी से हो रहे डिजिटलाइज़ेशन और तकनीकी तरक्की से विकास, उत्पादकता और तरक्की के नए रास्ते खुल रहे हैं. इसका नतीजा यह है कि आर्थिक माहौल में जोखिम और मौके दोनों ही तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में पहले से अंदाजा लगाने, हालात के हिसाब से ढलने और प्रतिक्रिया देने की क्षमता ज़्यादा अहम होती जा रही है.

 

 

BRICS Summit LIVE Updates: दुनिया में अस्थिरता का दौर, सहयोग पर जोर देना होगा... ब्रिक्स बिजनेस फोरम में बोले जयशंकर

BRICS बिजनेस फोरम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, "BRICS शिखर सम्मेलन से ठीक पहले BRICS बिजनेस फोरम में आप सभी के साथ शामिल होकर मुझे बहुत खुशी हो रही है. यह साल एक अहम पड़ाव है. यह एक अहम पड़ाव इसलिए है क्योंकि हम BRICS के संस्थागत सहयोग के 20 साल पूरे कर रहे हैं." उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में अस्थिरता का दौर है, हमे सहयोग पर जोर देना होगा.
 

BRICS Summit LIVE Updates: बिजनेस फोरम में पीयूष गोयल बोले- हमारी साझेदारी अगले स्तर पर पहुंचेगी

ब्रिक्स समिट से पहले हो रहे ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मौजूदगी के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. यह आज के दौर में आर्थिक कूटनीति के महत्व को साफ तौर पर दिखाता है, जब दुनिया बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है. आपकी मौजूदगी इस भरोसे को और मजबूत करती है कि बिजनेस जगत आर्थिक कूटनीति और राजनीतिक कूटनीति के बीच गहरे तालमेल को अहम मानता है. मेरे अच्छे दोस्त और रूस के माननीय मंत्री मैक्सिम रेशेतनिकोव, भारत में आपका हार्दिक स्वागत है. मुझे उम्मीद है कि ब्रिक्स बिजनेस फोरम से ऐसे अहम नतीजे निकलेंगे जो हमारे सभी सदस्य देशों को इस बातचीत और हमारे बिजनेस को अगले स्तर पर ले जाने में मदद करेंगे..."

BRICS Summit LIVE Updates: युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो दिल्ली पहुंचीं

ब्रिक्स समिट में भाग लेने के लिए युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो दिल्ली पहुंच चुकी हैं. उनका नई दिल्ली हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया. केंद्रीय राज्य मंत्री जंयत चौधरी ने उनका स्वागत किया.

 

BRICS Summit LIVE Updates: ब्रिक्स बिजनेस समिट में रूस के कारोबारी बोले- हमारे पास बहुत संभावनाएं

ब्रिक्स बिजनेस फोरम में रूस की GSBI लिमिटेड के फाउंडर और CEO एलेक्जेंडर कोकोव ने कहा, "अभी हमारे पास जो मौके हैं, उनसे कहीं ज्यादा संभावनाएं मौजूद हैं. इकॉनमी के हर सेक्टर में हमारे पास बहुत संभावनाएं हैं और हमें इन संभावनाओं को हकीकत में बदलने का सबसे असरदार तरीका खोजना होगा. यह फोरम हमारे देशों के बीच आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और यह पता लगाने के लिए है कि हम और विकास कैसे कर सकते हैं और इन संभावनाओं को साकार करने के लिए सबसे अच्छे समाधान कैसे ला सकते हैं."

BRICS Summit LIVE Updates: ब्रिक्स बिजनेस फोरम में 2000 से अधिक प्रतिभागी हो रहे शामिल

ब्रिक्स बिजनेस फोरम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा, "ब्रिक्स परिवार के 2,000 से अधिक प्रतिभागियों - जिनमें बिजनेस लीडर्स, निवेशक और उद्यमी शामिल हैं का स्वागत करना सम्मान की बात है. ब्रिक्स एक महत्वपूर्ण और बढ़ता हुआ बाजार है, और हमारी सामूहिक कोशिश यह होनी चाहिए कि बिजनेस इस अवसर का पूरा लाभ उठा सकें. 2025 में वस्तुओं और सेवाओं का वैश्विक व्यापार रिकॉर्ड 35 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का बड़ा योगदान रहा. ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार में भी बढ़ोतरी हुई है."

 

BRICS Summit LIVE Updates: पुतिन के बाद दक्षिण अफ्रीका का राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा भी पहुंचे दिल्ली

ब्रिक्स समिट में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा दिल्ली पहुंच चुके हैं. केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने उनका स्वागत किया. मालूम हो कि दक्षिण अफ्रीका ब्रिक्स का भारत, रूस की तरह ही मूल स्थापक देशों में शामिल है.

'ब्रिक्स सिर्फ बड़े बाजारों का समूह नहीं, एक-दूसरे को मजबूत करने वाला आर्थिक नेटवर्क', बिजनेस फोरम में बोले चेयरमैन

BRICS बिजनेस फोरम में ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल के चेयरमैन और UPL लिमिटेड के CEO जय श्रॉफ ने कहा, "हमें ब्रिक्स को सिर्फ बड़े बाजारों के समूह के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे आर्थिक नेटवर्क के तौर पर देखना चाहिए. जहां हमारी ताकतें एक-दूसरे को मजबूत कर सकें. एक ब्रिक्स अर्थव्यवस्था का संसाधन दूसरी अर्थव्यवस्था में मैन्युफैक्चरिंग में मदद कर सकता है. एक बाजार में विकसित तकनीक दूसरे बाजार में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो सकती है. हमारी अर्थव्यवस्थाओं में कैपिटल को प्रोजेक्ट मिल सकते हैं और बिजनेस को नए पार्टनर और ग्राहक मिल सकते हैं. हम इन कनेक्शन को जितना असरदार बनाएंगे, ब्रिक्स के भीतर उतनी ही ज़्यादा वैल्यू बना पाएंगे. 

उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी लगातार इस बात पर जोर देते हैं कि ब्रिक्स को 'ग्लोबल साउथ' की प्राथमिकताओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए. इससे हमारे बिजनेस समुदायों पर भी बड़ी जिम्मेदारी आती है. ग्रोथ से न सिर्फ बाजार का विस्तार हो सकता है, बल्कि इससे क्षमताएं भी बननी चाहिए—जैसे नौकरियां पैदा करना, तकनीक का प्रसार करना, एंटरप्रेन्योरशिप को मजबूत करना और हमारी अर्थव्यवस्थाओं में नए अवसर खोलना. अगर ब्रिक्स बिजनेस मिलकर ऐसा कर सकते हैं, तो हम न सिर्फ अपने देशों के बीच आर्थिक सहयोग को गहरा कर सकते हैं, बल्कि यह भी दिखा सकते हैं कि 'साउथ-साउथ पार्टनरशिप' का एक मजबूत मॉडल क्या हासिल कर सकता है."

 

BRICS Summit LIVE Updates: BRICS बिजनेस फोरम के साथ BRICS समिट 2026 की शुरुआत

BRICS बिजनेस फोरम के साथ BRICS समिट 2026 की शुरुआत हो गई है. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल वक्ताओं में शामिल हैं. दूसरी ओर अलग-अलग देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है.

BRICS Summit LIVE Updates: 15 हजार जवान, पैरामिलिट्री की 200 कंपनियां... ब्रिक्स के लिए दिल्ली किले में तब्दील

ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. पूरी दिल्ली में पुलिस के 15 हजार जवान और पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां तैनात रहेंगी. दिल्ली में 14 साल बाद BRICS समिट होने जा रहा है. इससे पहले 2012 में दिल्ली में BRICS हुई थी. 

पढ़ें पूरी खबर- 15 हजार पुलिसकर्मी और 200 CAPF कंपनियां तैनात, CCTV, ड्रोन से निगरानी... BRICS से पहले किले में तब्दील दिल्ली

BRICS समिट के कारण कई ट्रेनें रद्द, कई का रूट भी बदला, देखें पूरी LIST

ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें अगले तीन दिनों तक रद्द की गई है. राजधानी, तेजस, संपूर्ण क्रांति सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का रूट भी बदला गया है. देखें पूरी लिस्ट.

पढ़ें पूरी खबर- ब्रिक्स समिट के कारण कई ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदलें, पूरी लिस्ट

BRICS Summit LIVE Updates: विश्व कल्याण की कामना से सार्थक चर्चा होगी, ब्रिक्स समिट पर बोले पीएम मोदी

ब्रिक्स समिट को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे. पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी. इस पोस्ट में पीएम मोदी ने संस्कृत का एक श्लोक भी लिखा.

सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्।
सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥


 

BRICS Summit LIVE Updates: पुतिन पहुंचे, जिनपिंग से UAE के क्राउन प्रिंस तक अन्य मेहमान कब आएंगे, देखें शेड्यूल

BRICS 2026 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए 26 देशों के मेहमान दिल्ली आ रहे हैं. पुतिन समेत कुछ मेहमान पहुंच चुके हैं लेकिन जिनपिंग समेत अन्य मेहमानों का इंतजार है. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा भी आज सुबह करीब 9 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली पहुंचेंगे.  ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान 11 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक दिल्ली पहुंचेंगे. अन्य मेहमान कब तक दिल्ली पहुंचेंगे दिल्ली, जानें.

पढ़ें पूरी खबर- ब्रिक्स समिट के लिए जिनपिंग से UAE के क्राउन प्रिंस तक अन्य मेहमान कब आएंगे, देखें शेड्यूल
 

Putin in India LIVE Updates: ITC मौर्या होटल में ठहरे हैं रूसी राष्ट्रपति पुतिन

ब्रिक्स समिट में भाग लेने दिल्ली पहुंचे विदेशी मेहमानों को अलग-अलग पांच सितारा होटल में ठहराया गया है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ITC मौर्या में ठहरे हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग होटल ताज में ठहरेंगे. साथ ही अन्य विदेशी मेहमानों को अलग-अलग फाइव स्टार होटल में ठहराने की व्यवस्था की गई है. जहां सुरक्षा की चाक-चौबंध व्यवस्था की गई है. 

Modi Putin Meeting LIVE Updates: सुखोई डील पर पूर्व मेजर जनरल अश्विनी शिवाच ने कहा- संभावना पूरी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी की द्विपक्षीय बातचीत में क्रूड ऑयल, ट्रेड कॉरिडोर और डिफेंस प्रोजेक्टस पर फोकस रहेगा. चर्चा है कि दोनों नेताओं की बातचीत में सुखोई 57 को डील हो सकती है.  NDTV से भारतीय सेना के पूर्व मेजर जनरल अश्विनी शिवाच से बात की. उन्होंने कहा- संभावना तो पूरी है. हालांकि, घोषणा के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता. इतना तय है कि सहमति बन सकती है. भारत 1 से 2 सुखोई 57 स्क्वाड्रन की डील कर सकता है. इसके साथ ही एस 400 के तीन और स्क्वाड्न या एस 500 को लेकर भी सहमति बन सकती है.  रूस टेक्नोलॉजी ट्रांसफर के लिए पहले से तैयार है. ऐसे में दोनों देशों को कल की बातचीत में सिर्फ इस बात का हल निकालना है कि अमेरिका इस खरीद में कोई टांग ना अड़ाए. अमेरिका काट्सा कानून के जरिए भारत पर सैंक्शंस लगा सकता है. अगर इस बात का कोई हल निकल जाता है तो फिर डील हो सकती है.
 

 

Modi Putin Meeting LIVE Updates: 3.30 बजे मोदी-पुतिन की बातचीत, पालम एयरपोर्ट पर ऐसे हुआ स्वागत

ब्रिक्स समिट में भाग लेने पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आज दोपहर बाद करीब 3.30 बजे पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी. जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है. इससे पहले शुक्रवार तड़के जब पुतिन का विमान पालम एयरपोर्ट पहुंचा तो उनका स्वागत किस तरह से हुआ, उसका वीडियो भी सामने आया है. देखें वीडियो.

Putin in India LIVE Updates: पुतिन के साथ रूस का एक डेलिगेशन भी भारत पहुंचा

ब्रिक्स समिट में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक हाईलेवल डेलिगेशन भी भारत पहुंचा है. पीएम मोदी के साथ होने वाली द्विपक्षीय बातचीत में दोनों देशों के डेलिगेशन भी शामिल होंगे. पालम एयरफोर्स एयरपोर्ट पर भारत के विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया. भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्वागत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BRICS Summit Delhi, BRICS Summit 2026, BRICS Summit 2026 New Delhi, Modi Putin Meeting, Modi Putin Meeting Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com