Carens Clavis Diesel Mileage: देश में जब भी कोई बड़ी फैमिली कार खरीदने की बात आती है, तो लोगों का सबसे पहला सवाल होता है, ये गाड़ी कितना माइलेज देती है. एक बात ये कि कंपनियां भले ही टेस्टिंग में अच्छी माइलेज का दावा करें, लेकिन असली सच्चाई सड़क पर ही पता चलती है. किआ कैरेंस क्लेविस डीजल मैनुअल, इस समय कई ग्राहकों की नजर में हैं, वजह साफ है कि बड़ी गाड़ी है. साथ में कंपनी करीब 20 किमी प्रति लीटर का माइलेज निकलने की बात करती है. ऐसे में 1,500 किमी का एक टेस्ट ड्राइव इस पर किया गया. पता करना था कि कंपनी के दावे में कितनी सच्चाई है. इस टेस्ट के नतीजे काफी दिलचस्प और चौंकाने वाले रहे.

kia carens clavis
कंपनी के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, किआ कैरेंस क्लेविस डीजल मैनुअल का सर्टिफाइड माइलेज 19.53 किमी प्रति लीटर है. लेकिन हम सब जानते हैं कि हर जगह की सड़कें, ट्रैफिक और ड्राइविंग स्टाइल एक जैसी नहीं होतीं.
इस 1,500 किलोमीटर के लंबे टेस्ट की सबसे खास बात ये थी कि गाड़ी को किसी इको-ड्राइविंग मोडत पर नहीं चलाया. कार में सभी सीटों पर पैसेंजर्स बैठे थे, यानी गाड़ी फुल लोड थी और बूट स्पेस में सामान रखा हुआ था.यूं कहें कि इस कार को ठीक वैसे ही चलाया गया जैसे कोई परिवार अपनी छुट्टियों एक दम भर के चलता है.
सिटी और मिक्स ड्राइविंग
सफर की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर के ट्रैफिक, दो-लेन वाली सड़कों और फिर चौड़े एक्सप्रेसवे से हुई. इस मिक्स ड्राइविंग कंडीशन में, जहां बार-बार गियर बदलने पड़े और एसी लगातार फुल स्पीड पर चल रहा था, किआ कैरेंस क्लेविस ने 16.5 किमी प्रति लीटर का माइलेज दिया. 7-सीटर, फुल वजन और पैसेंजर लोड को देखते हुए 16.5 किमी/लीटर का ये आंकड़ा शानदार माना जा सकता है. शहरों की भागदौड़ में ये कार जेब पर बिल्कुल भी भारी नहीं पड़ती.
हाईवे पर माइलेज देखकर उड़ गए होश
असली जादू तब देखने को मिला जब गाड़ी लखनऊ-अयोध्या हाईवे और एक्सप्रेसवे पर आई. जैसे ही गाड़ी को एक फिक्स स्पीड पर डाला गया और ट्रैफिक हटा, कैरेंस क्लेविस का डीजल इंजन अपनी असली फॉर्म में आ गया. सपाट हाईवे पर लगातार चलने के बाद इस कार ने 23.2 किमी प्रति लीटर का धमाकेदार माइलेज दे दिया.

kia carens clavis diesel manual
जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा. हाईवे पर इस कार का माइलेज कंपनी के दावे यानी 19.53 किमी/लीटर से भी कहीं ज्यादा निकल गया. इस सेगमेंट की किसी भी दूसरी 7-सीटर गाड़ी के लिए फुल लोड के साथ ऐसा माइलेज देना बहुत बड़ी बात है.
दमदार इंजन और शानदार परफॉर्मेंस
इस परफॉर्मेंस के पीछे किआ का 1.5-लीटर डीजल इंजन है. ये इंजन अपने शानदार पिकअपऔर दमदार मिड-रेन्ज टॉर्क के लिए जाना जाता है. मतलब कि जब गाड़ी पूरी तरह भरी हो, तब भी ओवरटेक करते समय ऐसा नहीं लगेगा कि कार की पावर कम हो रही है. इसका 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन स्मूथ है, जिससे लंबे सफर में भी थकान नहीं होती.
केबिन कम्फर्ट में भी शानदार
1,500 किलोमीटर का सफर छोटा नहीं होता, लेकिन कैरेंस क्लेविस ने साबित कर दिया कि आराम से लंबे टूर इसमें किए जा सकते हैं. सस्पेंशन सेटअप अच्छा है, आपको छोटे-मोटे गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते फील ही नहीं होंगे.
आखिर में अगर आपका परिवार बड़ा है और आप अक्सर वीकेंड या छुट्टियों में रोड ट्रिप पर जाना पसंद करते हैं, तो ये गाड़ी आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इसमें आपको ज्यादा जगह और अच्छे फीचर्स मिलते हैं. साथ में हाईवे पर करीब 23.2 किमी/लीटर का माइलेज भी देती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं