ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026-27 का खिताब जीता. ईशान फाइनल में पहली पारी में 270 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 80 रन बनाए. किशन पारियों में 350 से ज्यादा रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने. इस मैच में एक खिलाड़ी जिसकी चर्चा रही वो रहे वैभव सूर्यवंशी. हालांकि 15 साल का यह खिलाड़ी फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाया, लेकिन दलीप ट्रॉफी में वे अपनी बल्लेबाजी और टीम मैनेजमेंट द्वारा उन्हें सौंपी गई उपकप्तानी की भूमिका, दोनों ही वजहों से सुर्खियों में बने रहे.
जब विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए, तो वैभव मैदान पर स्टैंडइन कप्तान रहे. इसी दौरान सूर्यवंशी को पहली बार सफल डीआरएस कॉल लेने का अनुभव मिला. बाद में फाइनल में, जब ईशान मैदान पर टीम की कप्तानी कर रहे थे, तब भी रिव्यू लेने का फैसला करने में सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही.
ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच हुए फाइनल मैच में, सूर्यवंशी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए. एक वायरल क्लिप में इस युवा टैलेंटेड खिलाड़ी को ईशान को रिव्यू लेने के लिए मनाते हुए देखा गया, और बाद में उनका यह फैसला सही साबित हुआ. हालांकि, बाद में BCCI द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में ईशान ने मजाक-मजाक में कहा कि सूर्यवंशी ने उन रिव्यू का क्रेडिट ले लिया, जिन्हें लेने का फैसला ईशान पहले ही कर चुके थे.
ईशान ने वैभव की टांग खिचते हुए कहा,"इसने हर जगह रिव्यू का क्रेडिट ले लिया है. भले ही रिव्यू मैं लेने वाला था, लेकिन यह आकर बड़े कॉन्फिडेंस से कहता था कि 'मैं आपके पास आ जाता हूं'. फिर तो इंटरनेट का रिएक्शन ऐसा होता था. वैभव!"
When the Captain and Vice-Captain meet, you can expect a whole lot of fun and banter! 😄
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) September 11, 2026
A wholesome chat between Ishan Kishan and Vaibhav Sooryavanshi post East Zone's memorable #DuleepTrophy triumph 🏆👏 - By @jigsactin #EZvSZ | @ishankishan51 pic.twitter.com/3kRQC6pVT4
सूर्यवंशी ने तुरंत हाजिर-जवाबी से जवाब दिया. अपने कप्तान को उस सेमीफाइनल की याद दिलाते हुए जब ईशान चोट के कारण बाहर हो गए थे, 15 साल के इस खिलाड़ी ने बताया कि किसने आगे बढ़कर अहम रणनीतिक फ़ैसले लिए थे. वैभव ने कहा,"और जब आप मैदान से बाहर जा रहे थे, तब रिव्यू कौन ले रहा था? जरा यह भी तो बता दीजिए."
ईशान ने इस दौरान युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की और बताया कि एक खिलाड़ी के अलावा, वो बाकी टीम मेट्स का भी अच्छे से ख्याल रखते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी उम्मीद जताई है कि वह अभी जितने खतरनाक है, आगे उससे अधिक खतरनाक होंगे. उन्होंने कहा, "हां, वह वैभव ही था. हां. शायद भविष्य का कप्तान? देखते हैं आगे क्या होता है."
ईशान ने मैच की कमेंट्री का भी जिक्र किया और बताया कि कैसे कमेंटेटर्स ने मैदान पर सूर्यवंशी की तेज समझ की तारीफ की. ईशान ने कहा, "कमेंटेटर ने कहा कि अगर अब आपको रिव्यू लेना है, तो आपको वैभव सूर्यवंशी के पास जाना होगा."
ईशान ने यह हल्की-फुल्की बातचीत खत्म करते हुए कहा,"लेकिन टीम में उनका होना बहुत अच्छी बात है क्योंकि, आप जानते हैं, एक बहुत अच्छे खिलाड़ी होने के साथ-साथ वह एक बहुत अच्छे इंसान भी हैं जो टीम में हर किसी का ख्याल रखते हैं, चाहे वह जूनियर खिलाड़ी हो या सीनियर... अरे, जूनियर तो तुम ही हो, सॉरी, सॉरी. और यही वह खूबी है जो मुझे उनमें बहुत पसंद है. और उम्मीद है कि वह आज जितने खतरनाक हैं, उससे भी ज़्यादा खतरनाक बनेंगे. मुझे नहीं लगता कि यह उनका पहला या आखिरी मैच होगा. मुझे लगता है कि वह ऐसे और भी कई मैच खेलेंगे और इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे."
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा- किशोर जेना के बाद रोहित यादव रचेंगे इतिहास, एशियन गेम्स में जैवलिन थ्रो के टॉप 5 ऑल-टाइम रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: 'वह यहां क्यों है?', नासिर हुसैन पाक बल्लेबाज सैम अयूब पर बुरी तरह बरसे, दिया सहवाग का उदाहरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं