Mother Daughter Moment: कहते हैं कि एक मां के लिए उसकी सबसे बड़ी कामयाबी उसकी संतान होती है, लेकिन क्या हो जब मां अपनी प्रोफेशनल सफलता के मंच पर अपनी नन्ही सी जान को साथ लेकर पहुंचे? सोशल मीडिया पर एमिरेट्स की एक नई नवेली फ्लाइट अटेंडेंट का वीडियो तहलका मचा रहा है, जिसमें वह अपनी बेटी के साथ 'ट्विनिंग' करते हुए अपनी ट्रेनिंग पूरी होने का जश्न मना रही हैं.
ये भी पढ़ें:-26 की उम्र में बने करोड़पति...स्टार्टअप बेचकर हुए मालामाल, अब लग्जरी छोड़ क्यों चुना सेहत और सादगी का रास्ता?
थाईलैंड की रहने वाली चिट्टावन सुकाफात (Chittawan Sukaphat) के लिए यह पल किसी हसीन ख्वाब से कम नहीं था. एमिरेट्स एयरलाइन में क्रू मेंबर बनने की कड़ी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद जब ग्रेजुएशन की बारी आई, तो उन्होंने दुनिया को अपनी असली 'अचीवमेंट' दिखाई. उन्होंने अपनी छोटी सी बेटी को भी बिल्कुल वैसी ही एमिरेट्स की यूनिफॉर्म पहनाई...वही मशहूर लाल टोपी और स्कार्फ. जब यह मां-बेटी की जोड़ी स्टेज पर कदम रख रही थी, तो हॉल में मौजूद हर शख्स की नजरें इन्हीं पर टिक गईं.
मैचिंग यूनिफॉर्म और स्टेज पर नन्हे कदम (Matching Emirates Uniform: A Moment of Pure Love)
जैसे ही चिट्टावन अपनी बेटी का हाथ थामकर स्टेज पर आगे बढ़ीं, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. नन्ही बच्ची अपनी मां की परछाई बनकर चल रही थी, जिसे देखकर लोग अपनी मुस्कुराहट नहीं रोक पाए. सोशल मीडिया पर यूजर्स इस नजारे को देखकर कह रहे हैं कि यह सिर्फ एक डिग्री मिलने का जश्न नहीं है, बल्कि एक मां के संघर्ष और उसकी ममता की जीत है. मां और बेटी का यह खास रिश्ता इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है.
ये भी पढ़ें:-बॉस ने नहीं दी प्रेगनेंसी लीव, बच्चे की मौत के बाद कोर्ट पहुंची महिला, ऑफिस को देना होगा इतना करोड़ जुर्माना
बेटी को भी मिला सम्मान, अधिकारी हुए मेहरबान (Surprise Certificate for Daughter at Graduation Ceremony)
इस ग्रेजुएशन सेरेमनी का सबसे इमोशनल और यादगार मोड़ तब आया, जब डिप्लोमा बांट रहे अधिकारी ने एक खूबसूरत जेस्चर दिखाया. उन्होंने न सिर्फ मां को सर्टिफिकेट दिया, बल्कि नन्ही बच्ची के हाथ में भी एक छोटा सा सर्टिफिकेट थमा दिया. यह एक छोटा सा इशारा था, लेकिन इसने इस पल की कीमत और बढ़ा दी. चिट्टावन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह उनके जीवन की 'सबसे बड़ी उपलब्धि' है.
ये भी पढ़ें:-बाथरूम में फटा टूथब्रश, महिला ने बताया कैसा था सीन? बोली- किस्मत अच्छी थी वरना...
ममता और मेहनत का बेहतरीन संगम (Motherhood and Career: Balancing Dreams Successfully)
सोशल मीडिया पर लोग चिट्टावन की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कोई उन्हें 'सुपरमॉम' कह रहा है, तो कोई कह रहा है कि उन्होंने साबित कर दिया कि मां बनने के बाद भी आसमान छूना नामुमकिन नहीं है. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि, वह उस दिन का इंतजार कर रहा है जब यह बच्ची सचमुच आसमान में उड़ान भरेगी. यह वीडियो उन सभी महिलाओं के लिए एक मिसाल है, जो अपने करियर और परिवार के बीच तालमेल बिठाने की जद्दोजहद में लगी रहती हैं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं