विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2026

एंथ्रोपिक का यूज बंद करो, ट्रंप ने दिया अल्टीमेटम, इसी बीच OpenAI को मिला पेंटागन का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट

ट्रंप ने सभी अमेरिकी एजेंसियों को Anthropic की AI तकनीक बंद करने का आदेश देते हुए कंपनी को राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम बताया. इसी दौरान OpenAI ने पेंटागन से करार किया, जिसके तहत उसके AI मॉडल नियंत्रित और मानव‑निगरानी वाले सैन्य नेटवर्क पर इस्तेमाल होंगे. दोनों कंपनियों के बीच रणनीतिक दूरी और बढ़ गई है.

एंथ्रोपिक का यूज बंद करो, ट्रंप ने दिया अल्टीमेटम, इसी बीच OpenAI को मिला पेंटागन का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट
  • ट्रंप ने अमेरिकी संघीय एजेंसियों को एंथ्रोपिक के AI सिस्टम का उपयोग 6 महीने में बंद करने का निर्देश दिया.
  • ट्रंप ने एंथ्रोपिक पर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा और रक्षा मंत्रालय पर अनुचित दबाव का आरोप लगाया.
  • पेंटागन ने एंथ्रोपिक को राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम घोषित करते हुए सैन्य ठेके प्रतिबंधित कर दिए.
नई दिल्ली:

अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में शुक्रवार को बड़ा भूचाल आ गया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एंथ्रोपिक पर सीधा हमला बोलते हुए सभी संघीय एजेंसियों को उसके AI सिस्टम का उपयोग तुरंत बंद करने का आदेश दिया. वहीं दूसरी ओर, OpenAI ने अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ वॉर के साथ एक अहम समझौता कर लिया, जिससे दोनों कंपनियों के बीच रणनीतिक दूरी और गहरी हो गई है.

ट्रंप का आदेश: 'एंथ्रोपिक की जरूरत नहीं, 6 महीने में सिस्टम हटाओ'

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, 'मैं निर्देश दे रहा हूं कि अमेरिकी सरकार की हर एजेंसी एंथ्रोपिक की तकनीक का उपयोग तुरंत बंद करे. हमें इसकी जरूरत नहीं है, हम इसे नहीं चाहते और अब इसका इस्तेमाल नहीं करेंगे.' उन्होंने कहा कि रक्षा विभाग सहित जिन एजेंसियों में इसका उपयोग हो रहा है, उन्हें 6 महीने के भीतर फेज‑आउट पूरा करना होगा.

ट्रंप ने एंथ्रोपिक पर आरोप लगाया कि कंपनी रक्षा मंत्रालय पर दबाव बनाकर युद्ध संचालन के तरीकों को प्रभावित करना चाहती है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है.

यह भी पढ़ें- US से जंग की आहट के बीच चीन के करीब आ रहा ईरान, खामेनेई खरीद रहे ऐसी मिसाइलें जो डुबो देंगी एयरक्राफ्ट कैरियर!

पेंटागन ने भी एंथ्रोपिक को 'राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम' घोषित किया

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एंथ्रोपिक को सप्लाई-चेन रिस्क टू नेशनल सिक्योरिटी करार देते हुए कहा कि कोई भी सैन्य कॉन्ट्रैक्टर अब कंपनी के साथ व्यावसायिक लेनदेन नहीं कर सकता. उन्होंने एंथ्रोपिक पर ‘अहंकार और गद्दारी' जैसा कठोर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी सैन्य उपयोग के लिए AI पर ‘अनुचित शर्तें थोप रही है' 

हथियारों में पूरी स्वायत्तता और घरेलू निगरानी से Anthropic का इनकार

Anthropic के CEO डारियो अमोदेई ने कहा कि वे Pentagon की उन मांगों को नहीं मान सकते जिनमें पूर्ण स्वायत्त हथियार प्रणालियों और बड़े पैमाने पर घरेलू निगरानी जैसे उपयोग शामिल हैं.अमोदेई ने कहा, 'हम अपनी सुरक्षा सीमाएं हटाने का जोखिम नहीं ले सकते. मौजूदा AI मॉडल इतने विश्वसनीय नहीं कि मानव निगरानी के बिना युद्धक्षेत्र में निर्णय लें.'

OpenAI को भारी फायदा: पेंटागन ने किया बड़ा करार

एंथ्रोपिक और ट्रंप के टकराव के बीच OpenAI ने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर के साथ एक महत्वपूर्ण डील साइन की है. CEO सैम ऑल्टमैन ने घोषणा की कि कंपनी अपने AI मॉडल्स को रक्षा विभाग के क्लासिफ़ाइड नेटवर्क्स पर तैनात करेगी.

इस करार के दो मुख्य सिद्धांत हैं:

  • घरेलू बड़े पैमाने की निगरानी पर पूर्ण प्रतिबंध.
  • हथियारों के इस्तेमाल का अंतिम निर्णय हमेशा मनुष्य के हाथ में रहेगा.

पेंटागन ने इन सिद्धांतों को कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा बनाया है. इसके साथ OpenAI विशेष फॉरवर्ड-डिप्लॉयड इंजीनियर्स भी तैनात करेगी, जो सिस्टम की सुरक्षा और प्रदर्शन पर निगरानी रखेंगे.

OpenAI और Anthropic... दो कंपनियों के रास्ते अलग

जहां Anthropic ने युद्ध में AI की सीमाएं तय कर दीं, वहीं OpenAI ने नियंत्रित और नियम-आधारित सैन्य उपयोग की सहमति दी. इससे अमेरिका में दो बड़ी AI कंपनियों की रणनीतियां बिल्कुल विपरीत दिशाओं में जा खड़ी हुई हैं.

AI उद्योग पर बड़ा असर

विशेषज्ञों के अनुसार, संघीय एजेंसियों से Anthropic का हटना, पेंटागन द्वारा दिया गया 'सप्लाई चेन रिस्क' टैग और OpenAI का नया सैन्य करार. यह AI उद्योग के शक्ति संतुलन को पूरी तरह बदल सकते हैं. यह कदम आने वाले वर्षों में फेडरल टेक प्रोक्योरमेंट, सैन्य AI की दिशा और उद्योग की प्रतिस्पर्धा को नया आकार देगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ChatGPT, Chatgpt Vs Anthropic, Anthropic AI, Anthropic AI Startup, Trump Vs Anthropic
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com