पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से बड़ रहा है और इस दौड़ में भारत सबसे आगे निकलता हुआ नजर आ रहा है. क्योंकि साल 2025 में भारत AI ऐप डाउनलोड के मामले में नंबर 1 पोज़ीशन पर पहुंच गया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में जेनरेटिव AI ऐप्स के डाउनलोड में साल-दर-साल 207 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
मार्केट इंटेलिजेंस फर्म Sensor Tower की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में होने वाले जेनरेटिव AI ऐप डाउनलोड में लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा भारत का है यानी हर 5 में से 1 नया AI ऐप डाउनलोड भारत से हो रहा है.

हालांकि, इतने बड़े यूजर बेस के बावजूद कमाई के मामले में भारत की तस्वीर अलग है. 2025 में इन-ऐप खरीदारी से होने वाली कुल कमाई में भारत का योगदान सिर्फ लगभग 1 प्रतिशत रहा. यानी डाउनलोड तो बहुत हो रहे हैं, लेकिन पेड सब्सक्रिप्शन या प्रीमियम फीचर्स पर खर्च कम हो रहा है.
भारत में AI ऐप्स की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे कंपनियों के आकर्षक ऑफर और फ्री प्लान भी बड़ी वजह हैं. OpenAI और Google जैसी कंपनियों ने भारत में सस्ते या मुफ्त प्लान पेश किए. उदाहरण के तौर पर, Google ने Jio के साथ मिलकर एक साल का फ्री AI Pro प्लान दिया. Perplexity ने Airtel के साथ अपना Pro प्लान ऑफर किया. वहीं, OpenAI ने सीमित समय के लिए ChatGPT Go का एक साल का मुफ्त एक्सेस उपलब्ध कराया,
इन फ्री ऑफर्स का सीधा असर रेवेन्यू पर भी दिखा. जब नवंबर में ChatGPT Go का मुफ्त एक्सेस शुरू हुआ, तो भारत में ChatGPT की कमाई नवंबर में 33 प्रतिशत और दिसंबर में 32 प्रतिशत गिर गई.
वायरल ट्रेंड बना वजह
AI से बने वीडियो, इमेज और कंटेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. यही कारण है कि कंटेंट क्रिएशन और एडिटिंग से जुड़े AI ऐप्स 2025 में भारत में सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाले टॉप 20 ऐप्स में शामिल रहे. लोग फोटो एडिटिंग, वीडियो जनरेशन और टेक्स्ट क्रिएशन जैसे फीचर्स का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं.
अमेरिका अभी भी एंगेजमेंट में आगे
हालांकि डाउनलोड के मामले में भारत आगे है, लेकिन एंगेजमेंट में अमेरिका अभी भी आगे बना हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी यूजर्स हर हफ्ते AI ऐप्स पर भारतीय यूजर्स की तुलना में 21 प्रतिशत ज्यादा समय बिताते हैं और औसतन 17 प्रतिशत ज्यादा बार ऐप खोलते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं