विज्ञापन

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा; 3 यात्रियों की मौत, गुरुग्राम से बिहार जा रही थी बस

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुग्राम से बिहार जा रही बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा; 3 यात्रियों की मौत, गुरुग्राम से बिहार जा रही थी बस
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 3 यात्रियों की मौत
सुल्तानपुर:

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए. बल्दीराय थाना क्षेत्र में लखनऊ से गाजीपुर लेन पर खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बस गुरुग्राम से बिहार जा रही थी. सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया.

खड़ी बस से टकराया तेज रफ्तार ट्रक

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 96 पर हुआ. गुरुग्राम से बिहार के सुपौल जा रही यात्रियों से भरी बस किसी कारणवश सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक बस से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस, यूपीडा की गश्ती टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को एंबुलेंस के जरिए अयोध्या के कुमारगंज स्थित सौरेसा अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

कई थानों की पुलिस पहुंची

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार, थाना बल्दीराय, हलियापुर और कूड़ेभार की पुलिस टीमें मौके पर तैनात रहीं. एआरटीओ सुल्तानपुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है.

यातायात कराया गया सुचारू

पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर सड़क किनारे कराया. प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते एक्सप्रेसवे पर यातायात को अधिक देर तक प्रभावित नहीं होने दिया गया. पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें : रॉकेट की रफ्तार से टकराई बाइक, हवा में कई फीट उछली, वीडियो रोंगटे खड़े कर देगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Purvanchal Expressway Accident, Sultanpur Road Accident, Bus Truck Collision, Uttar Pradesh News, UPEIDA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com