उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी में बाढ़ की वजह से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं. फैजुल्लागंज में एक अस्पताल पानी में डूब गया है. इलाके में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डरे हुए लोग अपने परिवारों को रिश्तेदारों के घर भेज चुके हैं और खुद अपने घरों की रखवाली के लिए वहीं रुके हुए हैं. गोमती नदी का पानी करीब 21 किलोमीटर दूर एकाना स्टेडियम के पास भी पहुंच गया है. जलभराव की वजह से अंडरपास बंद कर दिया गया है. आज यानी 6 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच होना है, जिसमें 30 से 35 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. मैच से एक दिन पहले लखनऊ प्रशासन इंतजामों को लेकर सतर्क नजर आ रहा है. सर्विस लेन में जमा पानी निकालने का काम किया जा रहा है. नदी का पानी स्टेडियम के गेट नंबर 1 से करीब 100 मीटर की दूरी तक पहुंच गया है.
सेक्टर-7 सबसे ज्यादा प्रभावित...
सोमवार को गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी किनारों को तोड़कर गोमती नगर एक्सटेंशन के नए रिहायशी इलाकों में घुस गया. बाढ़ का पानी सेक्टर 7 के घरों में घुस गया, जिससे परिवार फंस गए और कई निवासियों को अपने घर छोड़कर होटलों या अस्थायी ठिकानों में शरण लेनी पड़ी.
बाढ़ का पानी तेजी से रिवरफ्रंट से आगे फैल गया और अहिमामऊ क्रॉसिंग से सिग्नेचर बिल्डिंग तक के हिस्से, एकाना स्टेडियम के आस-पास के इलाकों और जनेश्वर मिश्र पार्क को जोड़ने वाले मुख्य अंडरपास को जलमग्न कर दिया.
यह भी पढ़ें | लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर रूम में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं कई दमकल गाड़ियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं