- यूपी पुलिस ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो संदिग्धों को मुठभेड़ में मार गिराया है.
- यह कार्रवाई शामली के औद्योगिक इलाके में हुई, जहां दोनों मृतक संदिग्धों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई.
- अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त की शाम जिम से निकलते समय 4 शूटरों ने की थी, जो बिना नंबर प्लेट की बाइक पर थे.
Ankit Balyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या मामले में सोमवार को यूपी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो संदिग्ध बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है. मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई. मारे गए दोनों संदिग्ध की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि दोनों अंकित बालियान की हत्या मामले में संदिग्ध थे.
पुलिस एनकाउंटर में मारे गए दोनों शूटर की पहचान
इस एनकाउंटर के बारे में शामली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में विस्तृत जानकारी दी गई है. जिसके अनुसार एनकाउंटर में ढेर हुआ शूटर मोहित सोनीपत का रहने वाला था. पुलिस प्रेस नोट के अनुसार मोहित पुत्र स्व0 महेश निवासी म0नं0 183 बईयापुरखुर्द थाना सदर जनपद सोनीपत (हरियाणा) मूल निवासी ग्राम जटवाड़ा थाना सदर जनपद सोनीपत (हरियाणा) का रहने वाला है. उसकी उम्र करीब 22 वर्ष है.
दूसरा शूटर सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी फ्लैट नं0 1420 हाऊसिंग बोर्ड कालोनी जी ब्लॉक, केडीआई, कुंडली सोनीपत (हरियाणा) मूल-निवासी ग्राम ककरौही थाना सदर जनपद सोनीपत हरियाणा का रहने वाला है, उसकी उम्र करीब 24 वर्ष है.
एनकाउंटर में दो पुलिस कांस्टेबल भी घायल
दोनों शूटर पर 50,000-50000/- रुपए का इनाम था. पुलिस ने बताया कि इस एनकाउंटर में स्वॉट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर व प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं. घटनास्थल से 2 पिस्टल, 10 जिंदा और 9 खोखा कारतूस 30 बोर, 1 पिस्टल मय 16 जिंदा 6 खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर बाइक, 1 बैग, 1 मोबाइल फोन व 5000 रुपए की नगदी बरामद हुई है.
#WATCH उत्तर प्रदेश | शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, "हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद रात को नाकेबंदी का आदेश दिया था। आज सुबह करीब 4 बजे, जब हिजाना के SHO अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से आती हुई एक मोटरसाइकिल… https://t.co/qwSZp1yNMM pic.twitter.com/j0uqhjzHDY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 31, 2026;
एसपी बोले- करनाल की तरफ से आए थे बदमाश, एनकाउंटर में दो आरक्षी भी घायल
एनकाउंटर के बारे में शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, "हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद रात को नाकेबंदी का आदेश दिया था. आज सुबह करीब 4 बजे, जब हिजाना के SHO अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से आती हुई एक मोटरसाइकिल देखी. उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की. बाइक पर दो अपराधी सवार थे; उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की...इसके बाद मन्ना मादरा पुल पर चेकिंग कर रहे पुलिसबल पर भी बदमाशों ने फायरिंग की. पुलिस से घिरने के बाद इन्होंने पुलिस पर जानलेवा हमला किया. हमारे 2 आरक्षी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए जहां उनकी मौत हो गई..."
Shamli, Uttar Pradesh: Two suspected killers of Haryanvi singer Ankit Balyan, identified as Sumit and Mohit died during a police encounter in the industrial area under Sadar Kotwali police station limits
— IANS (@ians_india) August 31, 2026
(Visuals from the spot) pic.twitter.com/6FCLbx34K6
दोनों शूटर मोहित और सुमित गोगी गैंग के
शामली में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए अंकित बालियान मर्डर केस के दो आरोपी मोहित और सुमित दिल्ली के गोगी गैंग के है. दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं. दिल्ली के गैंगस्टर जितेंद्र जोगी की हत्या 2021 में रोहिणी कोर्ट में कर दी गई थी. उसकी विरोधी गैंग टिल्लू ताजपुरिया के सूत्रों ने उसको कोर्ट के अंदर मार दिया था.
हाल ही में अंकित बालियान ने एक वीडियो एल्बम बनाया था, जिसकी बोल थे- कोर्ट के अंदर गोली मरवाऊंगा. पुलिस का कहना है हो सकता है हत्या इसीलिए की गई हो, लेकिन अभी जांच जारी है.

अंकित बालियान मर्डर केस में एनकाउंटर में मारे गए दोनों शूटर सुमित और मोहित की फाइल फोटो.
Photo Credit: NDTV
26 अगस्त की शाम अंकित बालियान की गोली मारकर हुई थी हत्या
मालूम हो कि 26 अगस्त की शाम 6:45 बजे अंकित बालियान की जिम से निकलकर जाते समय चार शूटरों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी. हत्याकांड को अंजाम देने के लिए शूटर बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए थे. बाद में सीसीटीवी फुटेज में पुलिस ने चार संदिग्दों की तस्वीरें भी जारी की थी. जिसमें यह साफ दिख रहा था कि बदमाश न तो हेलमेट पहना था और न ही अपने चेहरे ढके थे. ताकि आम लोगों की तरह दिखने के कारण पुलिस रास्ते में उन पर संदेह न करे.

सीसीटीवी फुटेज में 18 राउंड फायरिंग करते दिखे थे बदमाश
अंकित बालियान की जिस तरह से हत्या की गई, उससे पश्चिमी यूपी में सियासत में भी उबाल आ गया था. अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. पुलिस जांच के दौरान अंकित बालियान की हत्या का CCTV फुटेज भी सामने आया था. पुलिस के अनुसार चार हमलावरों ने 18 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके सिर में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
यह भी पढ़ें - अंकित बालियान मर्डर केस: 1200 CCTV और 200 मोबाइल खंगालने के बाद मिले अहम सुराग, परिजनों से मिले संगीत सोम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं