विज्ञापन

कार में बैठते ही घेरा, दनादन दागी गोलियां… अंकित बालियान मर्डर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है. पुलिस के अनुसार चार हमलावरों ने 18 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके सिर में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

कार में बैठते ही घेरा, दनादन दागी गोलियां… अंकित बालियान मर्डर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया
Ankit Balyan हत्याकांड का CCTV वीडियो आया सामने, जिम से निकलते ही चार हमलावरों ने घेरा
शामली:

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हत्या का सनसनीखेज CCTV फुटेज सामने आया है. करीब 89 सेकेंड के इस वीडियो में अंकित बालियान जिम से निकलकर अपनी कार तक पहुंचते दिखाई देते हैं, तभी चार हमलावर उन्हें घेर लेते हैं और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा देते हैं. पुलिस के अनुसार हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर आए थे और उन्होंने करीब 18 राउंड फायरिंग की. गोली लगने से अंकित बालियान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग के नाम से पोस्ट सामने आने से जांच एजेंसियां संगठित अपराध के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही हैं.

CCTV में कैद हुई हत्या की पूरी वारदात

सामने आए CCTV फुटेज में अंकित बालियान जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जाते दिखाई देते हैं. वह पहले कार के पास पहुंचकर अपना बैग रखते हैं और फिर दूसरी तरफ से गाड़ी में बैठने का प्रयास करते हैं. इसी दौरान चार हमलावर पैदल उनकी ओर बढ़ते हैं. अंकित कुछ समझ पाते उससे पहले हमलावरों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और पिस्टलों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. वीडियो में फायरिंग के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई देता है. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Ankit Baliyan Murder Video CCTV: अंकित बालियान को गोली मारते हुए हमलावर
Photo Credit: CCTV Footage

18 राउंड फायरिंग, सिर में लगी गोली

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा, "अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त को शामली जनपद में हुई है. CCTV फुटेज की जांच करने पर यह पता चला है कि लगभग चार लोग थे, जो दो मोटरसाइकिल से आए और 18 राउंड फायरिंग की. उनमें से एक गोली अंकित बालियान के सिर में लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई."

गोगी गैंग के नाम से पोस्ट की जांच

एडीजी के अनुसार घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग ने ली है. उन्होंने कहा, "एक सोशल मीडिया पोस्ट भी मिला जिसमें बताया गया कि गोगी गैंग द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है और इस घटना को भोलू शाहपुरिया नाम के शख्स ने अंजाम दिया है."

Ankit Baliyan Murder Video CCTV: गोली मारने के बाद जाते हुए हमलावर

Ankit Baliyan Murder Video CCTV: गोली मारने के बाद जाते हुए हमलावर
Photo Credit: CCTV Footage

हत्या से कुछ घंटे पहले किया था वीडियो पोस्ट

अंकित बालियान ने अपनी हत्या से करीब दो घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था. वह हाल ही में रिलीज हुए अपने गीत 'बेबी बदमाश' का प्रचार कर रहे थे. वीडियो में वह जिस गीत को गाते हुए दिखाई दे रहे थे, उसमें "मर्डर मार दे सड़क के ऊपर" जैसी पंक्तियां शामिल थीं. इसके कुछ घंटे बाद ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स और हालिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है.

कबड्डी खिलाड़ी से बने लोकप्रिय गायक

शामली के बंटी खेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान ने हरियाणवी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी. उनके यूट्यूब चैनल पर 3.68 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे, जबकि इंस्टाग्राम पर करीब 4.97 लाख फॉलोअर्स थे. परिवार के अनुसार अंकित पहले राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी थे और दिल्ली, भोपाल समेत कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे. पैर में फ्रैक्चर होने के बाद उन्होंने खेल छोड़ दिया और बाद में संगीत की दुनिया में कदम रखा. साल 2022 के आसपास उन्होंने हरियाणवी संगीत में सक्रिय रूप से काम शुरू किया और 50 से अधिक गीतों में गायक, गीतकार और संगीतकार के रूप में योगदान दिया.

राजनीति और बॉलीवुड में जाने की थी तैयारी

परिजनों के अनुसार अंकित बालियान 20 से अधिक नए गीतों पर काम कर रहे थे, जिन्हें अगले महीने रिलीज किया जाना था. वह अपने गांव से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे. इसके अलावा उनके बॉलीवुड में भी किस्मत आजमाने की योजना थी.

हत्या के बाद भड़का आक्रोश

हत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने शामली में सड़क जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद अंकित बालियान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बंटी खेड़ा में किया गया. इस हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने भी उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

लोगों के सामने हुई वारदात, कोई नहीं आया आगे

CCTV फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि घटना के समय आसपास लोगों की आवाजाही जारी थी. सड़क और आसपास के क्षेत्र में लोग मौजूद थे, लेकिन हमलावरों की ताबड़तोड़ गोलीबारी के बीच कोई भी उन्हें रोकने या पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका.

यह भी पढ़ें : भोलू शाहपुरिया ने अंकित बालियान को मरवाया, पोस्ट में लिखा- 'ये सिर्फ शुरुआत, सबकी बारी आएगी'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ankit Baliyan Murder Case, Ankit Baliyan, Haryanvi Singer, CCTV Footage, Ankit Balyan Shot Dead
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com