- हरियाणा पुलिस और STF ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं.
- जांच में पता चला कि हत्याकांड लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गोगी और पंपू गैंग से संबंध रखता है.
- पुलिस ने 1200 से अधिक CCTV फुटेज और 200 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच कर हमलावरों का पता लगाया है.
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस और STF को कई अहम सुराग मिले हैं. जांच एजेंसियां शूटरों के काफी करीब पहुंच चुकी हैं और उनकी तलाश में हरियाणा में व्यापक स्तर पर घेराबंदी की गई है. शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के तार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गोगी गैंग और राजेश उर्फ पंपू गैंग से जुड़ते नजर आ रहे हैं. मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की हैं. STF के साथ पुलिस की आठ टीमें हरियाणा में लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चला रही हैं. कुछ संदिग्धों और शूटरों के करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है.
1200 CCTV और 200 मोबाइल नंबरों की जांच
जांच के दौरान 1200 से ज्यादा CCTV फुटेज और 200 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया. पुलिस के अनुसार हमलावर मेरठ-करनाल हाईवे के रास्ते शामली पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए. हत्या के करीब 20 मिनट बाद सभी शूटरों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर दिए थे.
शूटरों ने बदले थे कपड़े
जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से पहले हरियाणा सीमा के पास अपने कपड़े बदले थे. वारदात के दौरान वे बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार थे और आम लोगों की तरह दिखने के लिए उन्होंने न तो हेलमेट पहना था और न ही चेहरा ढका था. इधर रविवार को अंकित बालियान के परिजनों से मिलने के बाद भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा कि इस मामले में बहुत जल्द न्याय मिलेगा.

अंकित बालियान के पिता और परिजनों के बीच भाजपा नेता संगीत सोम.
Photo Credit: NDTV
अंकित बालियान से परिजनों से मिलने पहुंचे बीजेपी नेता संगीत सोम
इधर भाजपा नेता संगीत सोम रविवार को शामली में अंकित बालियान के परिजनों से मिलने पहुंचे. उन्होंने अंकित के माता-पिता, पत्नी सहित अन्य परिजनों से मिलकर सांत्वना दी. अंकित की पत्नी ने उनसे न्याय गुहार लगाई. मीडिया से बात करते हुए संगीत सोम ने कहा कि मामले में बहुत ही जल्दी न्याय होगा और यह ऐसा होगा जैसा उत्तर प्रदेश में होता है. उन्होंने यह भी कहा कि यह हमारे लिए बहुत शर्म की बात है कि हत्यारे बाहर से हमारे घर में आकर मारकर चले गए.
यूपी एसटीएफ चीफ बोले- जल्द होगा मामले का खुलासा
अंकित बालियान मर्डर केस में उत्तर प्रदेश सरकार के एडीजी कानून व्यवस्था एवं STF चीफ अमिताभ यश ने कहा है कि अंकित बालियान की हत्या प्रोफेशनल शूटरों ने की है. चार बदमाशों ने बाइक का इस्तेमाल कर हत्या की है. एक गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर ली है, जिसका वैरिफिकेशन किया जा रहा है. यूपी पुलिस इस घटना की जांच कर रही है, STF को भी लगाया गया है, उम्मीद है कि जल्द मामले का खुलासा होगा.
यह भी पढ़ें - 25 सेकेंड में 18 गोलियां मारीं, कार में बैठते ही अंकित बालियान को भून डाला, शामली के घर का CCTV सामने आया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं