मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज कॉक्रोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन है. विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली में 45 मेट्रो स्टेशन बंद करने के साथ 250 से ज्यादा ट्रेनें रद्द की गई हैं. हालांकि कैब-टैक्सी या ऑटो सेवाएं चलती रहेंगी. दिल्ली के सिंघु बार्डर, यूपी बॉर्डर, मुंडका बॉर्डर, चिल्ला बॉर्डर, गुरुग्राम-फरीदाबाद और गाजीपुर बॉर्डर पर 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से अधिक कंपनियां तैनात हैं. नई दिल्ली को दिल्ली पुलिस ने 20 जोन में बांटा है. दिल्ली पुलिसकर्मी बॉडी कैमरों से लैस रहेंगे, ताकि सारी गतिविधि कैमरे में कैद हो.
उत्तर रेलवे की 250 से अधिक ट्रेनें कैंसल
उत्तर रेलवे ने 250 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया है. 9 अक्टूबर दोपहर 2 बजे से चलने वाली और 10 अक्टूबर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है. इसमें 38 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें कैंसल हैं. दिल्ली आने वाली 40 और जाने वाली 35 ट्रेनें कैंसल हैं. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर 165 ट्रेन आती हैं. आनंद विहार टर्मिनल, पुरानी दिल्ली, सराय रोहिल्ला और दिल्ली छावनी पर ट्रेन अपने तय समय आएंगी. मगध एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं.

Delhi News Today
170 से अधिक पैसेंजर ट्रेनें रद्द
रेलवे ने 170 से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनें भी कैंसल कर दिया है. हरियाणा के पानीपत, कुरुक्षेत्र, हिसार, जींद, यूपी में अलीगढ़, मथुरा, सहारनपुर और अन्य राज्यों से आने वाली ट्रेनें रद्द की गई हैं. कई ट्रेनें गाजियाबाद तक ही चलेंगी.10 अक्टूबर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रदर्शन के कारण ये ट्रेनें रद्द हैं. रद्द ट्रेनों में दिल्ली, नई दिल्ली, गाजियाबाद, रोहतक, पलवल, पानीपत, जींद, रेवाड़ी, मुरादाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, शामली के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं.
दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशन बंद
इससे पहले दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने 45 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला किया है. जिन स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट बंद रहेंगे, उनमें जनपथ, पटेल चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान,सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, आईटीओ, राजेंद्र प्लेस, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, विश्वविद्यालय, कश्मीरी गेट, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, सीलमपुर, मौजपुर-बाबरपुर, दिल्ली गेट, खान मार्केट, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, दिल्ली हाट-INA, हौज खास, जोर बाग, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, इंद्रलोक,जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, गुरु तेग बहादुर नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, जहांगीरपुरी,शाहदरा और रिठाला मेट्रो स्टेशन शामिल हैं.
दिल्ली में 30 से ज्यादा रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट
दिल्ली में 30 से ज्यादा रूट बंद हैं या ट्रैफिक डायवर्ट हैं. ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. इसमें मंडी हाउस गोल चक्कर, रेल भवन गोल चक्कर, कनॉट प्लेस बाहरी सर्किल, पटेल चौक गोल चक्कर जैसे ट्रैफिक प्वाइंट शामिल हैं. यात्री हेल्पलाइन 1095 या 011-25844444 या व्हाट्सएप पर 8750871493 पर मदद ले सकते हैं.

कनॉट प्लेस, पालिका बाजार बंद
कनॉट प्लेस, जनपथ और पालिका बाजार को भी आज बंद रखा गया है. इन इलाकों में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है और कारोबारियों का लाखों-करोड़ों का व्यापार होता है. व्यापारी संगठनों को इसकी सूचना दे दी गई थी.
जंतर-मंतर के 4 किमी दायरे में इंटरनेट बंद
जंतर मंतर विरोध प्रदर्शन स्थल के 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं आज बंद हैं. एयरटेल, जियो और वोडाफोन को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्कूल-कॉलेजों की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं.

ये भी पढ़ें - LIVE: जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट, 500 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए, दीपके दिल्ली रवाना
दिल्ली में शराब की दुकानें बंद
9 अक्टूबर के बाद शनिवार 10 अक्टूबर को भी दिल्ली की सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी. दिल्ली की सभी सीमाओं पर नाकेबंदी कर गाड़ियों की गहन तलाशी ली जा रही है. शहर के होटल, गेस्ट हाउसों और धर्मशाला में भी चेकिंग हो रही है.
सोशल मीडिया और कंटेंट क्रिएटर्स पर नजर
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी है. 200 से ज्यादा कंटेंट क्रिएटर्स की जांच हो रही है, ताकि भीड़ को भड़काकर माहौल न बिगाड़ा जाए. मंदिर-मस्जिदों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है. यूट्यूब, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगाह रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें - CJP प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन आज शाम 6 बजे तक बंद, जनपथ, मंडी हाउस से ITO तक देखें पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं