Viral Post: अगर आप अगले 6 महीने में सोने के जेवरात खरीदने की सोच रहे हैं, तो बाजार में हर तरफ '0% मेकिंग चार्ज' के ऑफर नजर आने वाले हैं. लेकिन मारवाड़ी एंटरप्रेन्योर और ज्वेलर प्रेम सोनी ने लोगों से इस ट्रैप में ना फंसने की सलाह दी है. गुरुवार रात करीब 10 बजे उन्होंने एक्स पर इसकी वजह बताते हुए उन 3 नियमों के बारे में भी जानकारी दी है, जिसके बारे में सोना खरीदने वाले हर ग्राहक को पता होना चाहिए.
'रुपयों की कमाई सिर्फ दिखावा है'
प्रेम सोनी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'पिछले साल भारतीय ज्वैलर्स के कारोबार में जो जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई, वह असल में सोना महंगा होने की वजह से थी. जब सोना 80 हजार से 1.80 लाख रुपये तक पहुंच जाता है, तो शोरूम 30 फीसदी कम सोना बेचकर भी रुपयों में ज्यादा कमाई दिखा सकते हैं. लेकिन, इस धंधे में रुपयों की कमाई सिर्फ दिखावा है, असली बात तो यह है कि कितने ग्राम या किलो सोना बिका. अगर सोने के भाव तीन महीने भी नीचे रह जाएं, तो सारा सच सामने आ जाएगा और कंपनियों की कमाई घट जाएगी.
क्यों मिल रहे 0% मेकिंग चार्ज के ऑफर?
प्रेम सोनी के मुताबिक, 'बड़े और छोटे शहरों में चमकदार शोरूम खोलने के लिए कई ज्वेलर्स ने भारी कर्ज लेकर माल भर लिया. भाव बढ़ने के लालच में उन्होंने नुकसान से बचने का कोई इंतजाम भी नहीं किया. लेकिन, जब स्टॉक की कीमत 25% गिरती है, तो बैंक और ज्यादा गारंटी मांगने लगते हैं. ऐसे में अपना काम चलाने के लिए ये कंपनियां 0% मेकिंग चार्ज का लालच देकर माल बेचने लगती हैं, लेकिन दूसरे खर्चे बढ़ाकर ग्राहकों से पैसा वसूल लेती हैं.'
सोना खरीदते वक्त याद रखें ये 3 नियम
आम लोगों की मेहनत की कमाई बचाने के लिए प्रेम सोनी ने खरीदारी के तीन जरूरी नियम बताए हैं:-
- पहला नियम यह है कि बाजार में 0% मेकिंग चार्ज जैसा कुछ नहीं होता. उन्होंने साफ कहा, 'ऐसे ऑफर में आपसे या तो दूसरे छिपे हुए खर्चे लिए जाएंगे या फिर सोने का भाव बढ़ाकर वसूला जाएगा.'
- दूसरा नियम बताते हुए उन्होंने कहा कि कभी भी बाजार के असली लाइव भाव से सस्ता सोना न खरीदें. उनके शब्दों में, 'सोना दुनिया भर में एक तय भाव पर बिकता है, यह कोई सस्ती सेल का सामान नहीं है. अगर कोई बाजार से सस्ता सोना दे रहा है, तो इसमें मिलावट का पूरा खतरा है. ठीक वैसे ही जैसे रीनियम पाउडर वाला घोटाला, जिसके बारे में मैंने दो महीने पहले चेतावनी दी थी और जो अब खबरों में है.'
- तीसरे नियम के तौर पर प्रेम सोनी ने सलाह दी कि सोना हमेशा उसी दुकानदार से खरीदें, जो आपको लिखित में बायबैक गारंटी दे. इससे भविष्य में जब भी आप सोना बेचेंगे या बदलवाएंगे, तो आपको पूरा पैसा मिलने का भरोसा रहेगा.
यहां पढ़ें पूरी पोस्ट:-

Photo Credit: X@ValueWithPrem
सोशल मीडिया पर लोगों ने किया रिएक्ट
इस पोस्ट को पढ़ने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने अपने-अपने अंदाज में सवाल पूछे. कुछ ने हाल ही में खरीदी गई ज्वेलरी का बिल दिखाकर पूछा कि इसमें कितना एक्स्ट्रा चार्ज ऐड है, जबकि कुछ ने कहां से सोना खरीदें जैसे सवाल पूछे.
एक यूजर ने लिखा, 'मैं यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि कंपनियां कीमतों में उतार-चढ़ाव से खुद को कैसे बचाती हैं? अगर कोई इन्वेंट्री ऊंची कीमतों पर खरीदी गई है, तो कीमतें गिरने पर उसकी वैल्यू कम हो जाती है, और यहां हम बहुत बड़ी इन्वेंट्री की बात कर रहे हैं.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'लेकिन आपको कैसे पता चलेगा कि सोने वाला हिस्सा 100% सोना है?'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'क्या आभूषणों की तुलना में जानी-मानी कंपनियों के सोने के बिस्कुट खरीदना एक सुरक्षित विकल्प है?'
चौथे यूजर ने लिखा, 'क्या कल्याण और तनिष्क लिखित में बाय-बैक गारंटी देते हैं?'
यह भी पढ़ें:- 'मैं तैयार था, फिर भी प्रमोशन नहीं मिला', Amazon के पूर्व VP ने बताया कहां होती है सबसे बड़ी गलती
यह भी पढ़ें:- राजस्थान में पालतू गाय की मौत पर बैंड-बाजों के साथ निकाली अंतिम यात्रा, लोगों ने चुनरी ओढ़ाकर दी विदाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं