- दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई है.
- सीएम रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया.
- दिल्ली से हापुड़ अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू की गई है.
Delhi New Electric Bus Start: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से न केवल लोगों का सफर आसान और सुरक्षित होगा, बल्कि राजधानी में प्रदूषण को कम करने में भी बड़ी मदद मिलेगी.
दिल्ली में 5400 इलेक्ट्रिक बसें
कार्यक्रम के बाद बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार पिछले 18 महीनों से सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि आज बेड़े में 100 और नई बसें जुड़ने के बाद दिल्ली में कुल बसों की संख्या बढ़कर 7088 हो गई है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. इनमें से करीब 5400 बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक हैं, जो देश के किसी भी राज्य के मुकाबले सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है. सरकार ने साल 2028 के अंत तक राजधानी की सड़कों पर 14000 बसें उतारने का लक्ष्य रखा है और ये सभी बसें इलेक्ट्रिक होंगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु सरकार 15,000 करोड़ रुपये के बजट वाली बड़ी ईवी नीति पर काम कर रही है. इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर सब्सिडी और पुरानी गाड़ियों को स्क्रैप कराने पर विशेष प्रोत्साहन राशि दी जा रही है. उन्होंने दावा किया कि सरकार और जनता के साझा प्रयासों से नवंबर के महीने में दिल्ली के मौसम और वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है.
हापुड़ के बाद दिल्ली से बिहार बस सेवा होगी शुरू
अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि रोजाना दिल्ली और एनसीआर के शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हापुड़ के बाद जल्द ही दिल्ली को बिहार से जोड़ने वाली बस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी.
इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार अंतिम छोर यानी लास्ट-माइल कनेक्टिविटी तक इलेक्ट्रिक बस सेवाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने पिछली सरकार पर परिवहन व्यवस्था और कनेक्टिविटी को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार दिल्ली-हापुड़ के साथ-साथ करनाल और पानीपत के बीच भी प्रदूषण मुक्त बस सेवाएं संचालित कर रही है, जिसे यात्रियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में आज हजारों शादी, साउथ दिल्ली-गुरुग्राम से द्वारका तक ट्रैफिक अलर्ट, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं