दिल्ली के जनकपुरी इलाके में 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बताकर धमकी दी थी.
आरोपी ने WhatsApp पर धमकी भरे मैसेज भेजकर 60 लाख रुपये की मांग की थी. इतना ही नहीं, परिवार को डराने के लिए उसने एक खास तरीके से धमकी भी पहुंचाई. आरोपी ने 10 रुपये के नोट को लैमिनेट करवाकर उसके दो टुकड़े किए और उसका आधा हिस्सा एक लिफाफे में रखकर घर भिजवा दिया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जनकपुरी के रहने वाले कारोबारी जतिन गाबा ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उनके परिवार को WhatsApp पर लगातार धमकी भरे मैसेज मिल रहे हैं और 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है. इसके अलावा उनके घर पर एक लिफाफा भी पहुंचा था, जिसमें लैमिनेट किए गए 10 रुपये के नोट का आधा हिस्सा रखा हुआ था.
रैपिडो राइडर ने पहुंचाया लिफाफा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनकपुरी थाना पुलिस की टीम ने जांच शुरू की और घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली.
CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने उस शख्स की पहचान की, जिसने शिकायतकर्ता के घर तक लिफाफा पहुंचाया था. यह शख्स पंकज गौतम था, जो रैपिडो राइडर का काम करता है. पूछताछ में पंकज ने बताया कि उसे मानेसर, गुरुग्राम से एक ऑनलाइन राइड बुक की गई थी और एक लिफाफा जनकपुरी स्थित शिकायतकर्ता के घर पहुंचाने के लिए कहा गया था.
यह भी पढ़ें | पंजाब के कॉलेज का स्टूडेंट कनाडा के मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर वन पर कैसे पहुंचा?
ऐसे पकड़ में आया मुख्य आरोपी
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच की और एक दूसरे नंबर का पता लगाया. तकनीकी जांच में यह नंबर रायबरेली के रहने वाले 27 साल के आशु मौर्य के नाम पर रजिस्टर्ड मिला. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशु मौर्य को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे पैसों की जरूरत थी और इसी वजह से उसने 60 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की योजना बनाई थी. आरोपी के पिता पिछले 27 साल से शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे हैं. इस वजह से आरोपी को शिकायतकर्ता और उनके परिवार के बारे में काफी जानकारी थी.
उसने सोचा कि अगर वह खुद को अनमोल बिश्नोई बताकर धमकी देगा तो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से परिवार डर जाएगा और रंगदारी की रकम देने के लिए तैयार हो जाएगा.
फोन-सिम, बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड समेत कुल चार मोबाइल फोन, एक वनप्लस टैबलेट, लैमिनेट किए गए 10 रुपये के नोट का बचा हुआ आधा हिस्सा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशु मौर्य मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है और फिलहाल हरियाणा के मानेसर में रहकर ड्राइवर का काम कर रहा था. मामले में आगे की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं