नई दिल्ली में आयोजित 2 दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन 'ग्रामोदय से राष्ट्रोदय' के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर से आए 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ व्यापक मंथन किया. सम्मेलन में न सिर्फ योजनाओं की समीक्षा हुई, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में 'विकसित ग्राम-विकसित भारत' के विजन को जमीन पर उतारने के लिए ठोस रणनीतियां भी सामने आईं. इस दौरान उन्होंने शिवराज सिंह चौहान ने 'विकसित भारत- जी राम जी योजना' और 'लखपति दीदी' के रोडमैप के बारे में भी बताया.
1 जुलाई से लागू होगी 'विकसित भारत- जी राम जी' योजना
शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि 1 जुलाई से 'विकसित भारत- जी राम जी' योजना देशभर में लागू होगी जो मनरेगा की जगह लेगी. इसके लिए 95,682 करोड़ रुपए की अंतरिम स्वीकृति दी जा चुकी है. उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे समय पर अपनी औपचारिकताएं पूरी करें ताकि योजना का लाभ लोगों को आसानी से मिल सके.
क्या है वीबी जी राम जी योजना का लाभ?
अभी तक मनरेगा के तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 100 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलती है. लेकिन 1 जुलाई 2026 से यह सीमा बढ़ाकर 125 दिन कर दी जाएगी. यानी जरूरतमंद परिवारों को पहले के मुकाबले 25 दिन ज्यादा काम मिल सकेगा. साथ ही अगर आवेदन के 15 दिनों के अंदर रोजगार नहीं मिलता है, तो संबंधित व्यक्ति को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा.
कौन उठा सकेगा योजना का लाभ?
गांव में रहने वाला कोई भी परिवार, जिसके वयस्क सदस्य अकुशल मजदूरी का काम करना चाहते हैं, इस योजना का लाभ ले सकेंगे. जिन लोगों के पास अभी मनरेगा जॉब कार्ड नहीं है, वे ग्राम पंचायत में आवेदन देकर नया ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड बनवा सकेंगे.
6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की योजना
सम्मेलन में 'लखपति दीदी डैशबोर्ड' लॉन्च किया गया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए शिवराज सिंह ने बताया कि पीएम मोदी की ओर से 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए अगले 5 वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपए का बैंक लिंकिंग रोडमैप तैयार किया गया है.
यह भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा होगी आसान, जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर 3.5 किमी लंबी टनल तैयार, जानिए रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं