केंद्र सरकार ने सोमवार को बताया कि किसान सारथी डिजिटल प्लेटफॉर्म से अब तक 2.95 करोड़ किसान जुड़ चुके हैं. इनमें 56.16 लाख महिला किसान भी शामिल हैं. सरकार का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म किसानों को खेती से जुड़ी सही और समय पर सलाह देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और मौसम की जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है.
क्या है किसान सारथी?
किसान सारथी एक डिजिटल कृषि सलाह मंच है, जिसे जुलाई 2021 में शुरू किया गया था. इस प्लेटफॉर्म से 4,767 आईसीएआर वैज्ञानिक और 113 आईसीएआर संस्थान जुड़े हुए हैं. अब तक यहां किसानों के 19.21 लाख सवालों के जवाब दिए जा चुके हैं और 351 कृषि उत्पादों से जुड़ी 21,900 कृषि सलाह जारी की गई हैं.
किसानों को कैसे मिल रहा है फायदा?इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसान अपनी स्थानीय भाषा में कृषि विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं और उसी भाषा में सलाह भी ले सकते हैं. यहां खेती की नई तकनीकों, फसलों की देखभाल, पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी जैसी कई जरूरी जानकारियां उपलब्ध हैं.
इसके अलावा किसानों को मौसम का अपडेट, सरकारी योजनाओं की जानकारी और विशेषज्ञों से सीधे परामर्श की सुविधा भी मिलती है. प्लेटफॉर्म 13 क्षेत्रीय भाषाओं में लाइव बातचीत की सुविधा भी देता है.
कैसे जुड़े किसान?सरकार के मुताबिक, सबसे ज्यादा 2.89 करोड़ किसानों ने अपने नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के जरिए पंजीकरण कराया है. इसके अलावा
- 5.35 लाख किसानों ने किसान कॉल सेंटर के जरिए पंजीकरण कराया.
- 39,193 किसान कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से जुड़े हैं
- 21,517 किसानों ने मोबाइल ऐप से और
- 2,416 किसानों ने वेब पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन कराया है.
ऐसे में आप भी इनमें से कोई एक तरीका अपनाकर किसान सारथी से जुड़ सकते हैं. सरकार के अनुसार, किसान सारथी की सेवाएं अब 37 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, 768 जिलों और 6.63 लाख गांवों तक पहुंच चुकी हैं.
यह प्लेटफॉर्म किसान कॉल सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर, भारत मौसम विज्ञान विभाग, मायस्कीम और भाषिनी जैसी सेवाओं से भी जुड़ा है. इसके जरिए किसानों को 610 सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिनमें 102 केंद्र सरकार की योजनाएं शामिल हैं.
सरकार का कहना है कि किसान सारथी ने देशभर में कृषि विशेषज्ञों और किसानों के बीच एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया है. इससे किसानों तक उनकी जरूरत के मुताबिक भरोसेमंद और वैज्ञानिक सलाह तेजी से पहुंच रही है. साथ ही कृषि अनुसंधान से जुड़ी नई जानकारी भी सीधे खेतों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है.
यह भी पढ़ें- Credit Card से जुड़ा नया Scam, बिल भरने का ऑफर मिले तो हो जाएं सावधान, जानें कैसे लोगों को अपने जाल में फंसा रहे ठग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं