विज्ञापन

'बेंगलुरु जाने की जरूरत नहीं,' एयरपोर्ट पर थे आकिब नबी, तभी आया टीम इंडिया से फोन

तेज गेंदबाज आकिब नबी भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर हैं. नबी को पिछले रणजी सीजन में उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से टीम में जगह मिली है. 29 साल के नबी ने कहा कि उन्हें अपने प्रदर्शन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा टीम इंडिया में जगह मिलने की उम्मीद थी.

'बेंगलुरु जाने की जरूरत नहीं,' एयरपोर्ट पर थे आकिब नबी, तभी आया टीम इंडिया से फोन
Auqib Nabi
X (formerly Twitter)

श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को जगह मिली है. भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले वह जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर हैं. नबी को पिछले रणजी सीजन में उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से टीम में जगह मिली है.  आकिब नबी ने पिछले रणजी सीजन में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर को पहली बार चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाई थी. नबी ने पिछले रणजी सीजन में 60 विकेट लिए थे. 

29 साल के नबी ने कहा कि उन्हें अपने प्रदर्शन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा टीम इंडिया में जगह मिलने की उम्मीद थी.  बीसीसीआई द्वारा साझा एक वीडियो में नबी ने कहा, 'हां, मुझे उम्मीदें थीं. लेकिन साथ ही, एक क्रिकेट खिलाड़ी की मनोदशा भी होना चाहिए. आपका काम प्रदर्शन करना है, और बाकी सब देख लेंगे. आज नहीं तो कल मैं भारतीय टीम में शामिल हो जाऊंगा.'

उन्होंने कहा, 'आप इतने सालों से अच्छा कर रहे हैं. आपको अपनी मेहनत का फल मिलना ही चाहिए. जब ​​मैंने गेंदबाजी की तो मेरी मानसिक स्थिति भी यही थी. मेरा काम विकेट लेना और प्रदर्शन करना है. बाकी सब ऊपरवाले पर है.' नबी का धैर्य आखिरकार तब रंग लाया जब उन्हें चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला. 

उन्होंने कहा, 'मैं एयरपोर्ट पर था. हमें एक कैंप में जाना था. फ्लाइट बैंगलोर में बोर्ड होने वाली थी, तो मुझे एक कॉल आया और पूछा कि मैं कहां हूं. मैंने कहा, 'सर, मैं बैंगलोर जा रहा हूं, मैं एयरपोर्ट पर हूं.' उन्होंने कहा, 'नहीं, तुम्हें वहां जाने की जरूरत नहीं है, तुम्हें श्रीलंका आना होगा, और तुम्हारा चयन हो गया है.' पहले तो मुझे यकीन नहीं हुआ, क्योंकि इसकी उम्मीद नहीं थी.'  

उन्होंने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं. मेरा परिवार बहुत खुश है. मेरे लिए इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता.' नबी के घरेलू प्रदर्शन ने उन्हें आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के साथ पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट दिलाया था.  तेज गेंदबाज ने कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में आना एक खास अनुभव रहा है. वह जिन खिलाड़ियों के साथ नेट्स और ड्रेसिंग रूम साझा कर रहे हैं, उनमें से कई ऐसे हैं जिन्हें उन्होंने टेलीविजन पर देखा था. श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम गाले में 15 अगस्त से पहला टेस्ट मैच खेलेगी.

ये भी पढ़ें-  IND vs SL: कौन है टेस्ट का सबसे घातक गेंदबाज? कुलदीप यादव या असिथा फर्नांडो, यहां देखें आंकड़े

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sri Lanka, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com