- अमेरिका में 17 साल के भारतीय मूल के अर्जुन अरविंद पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है
- मृतक मां सुधा वेंकटेशन की बॉडी घर के बेसमेंट में और छोटे भाई सिद्धार्थ की बॉडी फर्स्ट फ्लोर पर मिली है
- पुलिस जांच में पता चला कि अर्जुन ने इंटरनेट और चैटजीपीटी पर परिवार की हत्या से जुड़े फैंटसी सर्च किए थे
अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 साल के लड़के पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है. एक्टन शहर के रहने वाले अर्जुन अरविंद को बुधवार को रात भर चली तलाश के बाद गिरफ्तार किया गया. अर्जुन पर अपनी 45 साल की मां सुधा वेंकटेशन और 14 साल के भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या करने का आरोप है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उस पर हत्या के दो मामले, परिवार के सदस्य पर हमला करने के दो मामले, मारपीट के दो मामले, बिना अनुमति किसी की गाड़ी इस्तेमाल करने और मोटर वाहन चोरी करने का मामला दर्ज किया गया है.
जुर्म क्या है?
अर्जुन एक्टन-बॉक्सबोरो रीजनल हाई स्कूल में पढ़ता है. पुलिस का आरोप है कि मंगलवार को उसने अपने घर के अंदर अपनी मां और भाई पर जानलेवा हमला किया. इसके बाद वह अपनी मां की होंडा अकॉर्ड कार लेकर वहां से भाग गया. मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस प्रमुख डगलस स्टर्निओलो ने बताया कि मंगलवार को एक्टन के मार्था लेन इलाके में परिवार के घर के अंदर दोनों (मां और भाई) की मौत हुई. यह जगह बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर है.
मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे एक ट्यूटर पढ़ाने के लिए परिवार के घर पहुंची. वह घर के अंदर नहीं जा सकी. इसके बाद उसने अर्जुन के पिता को फोन किया. पिता ने भी परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी. इसके बाद उन्होंने एक्टन पुलिस विभाग को फोन किया और परिवार की सुरक्षा की जांच करने को कहा.
दोनों के शरीर पर साफ तौर पर चोट के निशान थे. लेकिन चीफ मेडिकल जांच अधिकारी ने अभी मौत की सही वजह और मौत किस तरह हुई, इसकी जानकारी नहीं दी है. हत्या में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल हुआ, इसकी भी जांच चल रही है.
फिर अर्जुन हुआ गायब
मैरियन रयान ने बताया कि अर्जुन और उसकी मां की होंडा अकॉर्ड दोनों घर से गायब थे. पुलिस ने अर्जुन को खोजने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में वह नहीं मिला. इसके बाद पुलिस और दूसरी एजेंसियों को अलर्ट किया गया और लोगों से भी उस पर नजर रखने को कहा गया. बुधवार सुबह मैसाचुसेट्स के वेलैंड में पुलिस एक पार्किंग लॉट में किसी दूसरी घटना से जुड़े अलार्म की जांच करने पहुंची. वहां उन्हें अर्जुन की मां की कार मिली. अर्जुन कार के अंदर था. पुलिस ने बिना किसी परेशानी के उसे गिरफ्तार कर लिया.
चैटजीपीटी की हिस्ट्री की भी जांच
मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस ने एक बयान में कहा कि जांच में पता चला है कि अर्जुन हाल के दिनों में चिंता पैदा करने वाला व्यवहार कर रहा था. बयान के मुताबिक, वह इंटरनेट और चैटजीपीटी पर अपने परिवार को मारने से जुड़े काल्पनिक विचारों और कल्पनाओं (फैंटसीज) के बारे में सर्च कर रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि अर्जुन ने AI चैटबॉट से गॉथिक उपन्यास जैसी कहानियां बनाने में मदद मांगी थी. वह इसके लिए सवाल पूछता था और किरदार बनाता था.
अर्जुन को बुधवार को लोवेल जुवेनाइल कोर्ट में पेश किए जाने की उम्मीद थी. लेकिन जुवेनाइल कोर्ट के पास हत्या के मामले की सुनवाई का अधिकार नहीं है. इसलिए हत्या और उससे जुड़े मारपीट के मामलों में उसे बाद में कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा.
(इनपुट- न्यूज एजेंसी पीटीआई)
यह भी पढ़ें: कंटेंट AI ने लिखा है तो अब पकड़ा जाएगा, जाने कैसे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं