अगर आपको गलती से चालान मिल गया है तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि दिल्ली पुलिस नया नियम लागू करने जा रही है. दिल्ली में ड्राइवरों के लिए ई-चालान सिस्टम अब और आसान और डिजिटल बनने वाला है. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनका चालान गलत तरीके से कट गया या उसमें कोई गलती है, लेकिन इसे ठीक कराने में काफी समय और मेहनत लग जाती है. कई बार लोगों को अलग-अलग दफ्तरों या कोर्ट तक जाना पड़ता है. अब इन परेशानियों को कम करने के लिए दिल्ली के ई-चालान सिस्टम में सुधार किया जा रहा है, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
अब नए सिस्टम के तहत इन समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. इसमें सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अगर किसी को लगे कि उसका चालान गलत है, तो वह अब ऑनलाइन ही आपत्ति दर्ज कर सकेगा. इसके लिए उसे कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी. पूरा काम डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ही किया जाएगा, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी.
घर बैठे होगा काम
कई बार कैमरे की तकनीकी गलती, गाड़ी का नंबर गलत पढ़ने या किसी और वजह से चालान गलत वाहन के नाम पर कट जाता है. ऐसे में लोगों को अपनी बात साबित करने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. अब नए सिस्टम में ऑनलाइन शिकायत की सुविधा मिलेगी, जिससे आप घर बैठे ही अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर पाएंगे. इससे शिकायतों का निपटारा जल्दी होने की उम्मीद है.
पेमेंट भी होगा आसान
इसके अलावा ई-चालान का भुगतान करना भी पहले से आसान और तेज हो जाएगा. कई बार लोगों को पेमेंट के दौरान तकनीकी दिक्कतें आती थीं या पेमेंट अपडेट होने में देर लगती थी. नए सिस्टम में डिजिटल पेमेंट को बेहतर किया जाएगा, ताकि कुछ ही मिनटों में चालान भरने के साथ रिकॉर्ड भी तुरंत अपडेट हो जाए.
पूरा सिस्टम होगा डिजिटल
इस बदलाव का बड़ा मकसद कोर्ट और सरकारी सिस्टम पर बढ़ते बोझ को कम करना है. अभी चालान से जुड़े कई मामले लंबित पड़े हैं, जिनमें समय और संसाधन दोनों लगते हैं. अब लोग ऑनलाइन ही शिकायत दर्ज करेंगे और उसका समाधान भी ऑनलाइन होगा. इसके साथ ही इस सिस्टम से पारदर्शिता भी बढ़ेगी. वाहन मालिक यह देख सकेंगे कि उनका चालान क्यों कटा, किस कैमरे ने रिकॉर्ड किया और शिकायत दर्ज करने के बाद उसकी स्थिति क्या है. इससे लोगों का भरोसा भी सिस्टम पर और ज्यादा बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें:- मुंबई के स्टार्टअप ने 64 साल के व्यक्ति को काम पर रखा, वीडियो देखकर इंटरनेट पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं