विज्ञापन

देशभर में मानसून की बारिश, मुंबई-पुणे में स्कूल, कॉलेज बंद; दिल्ली से उत्‍तराखंड तक कई राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

Monsoon Rain Update: दिल्ली, मुंबई, केरल समेत कई राज्यों में आज भी झमाझम बारिश होने का अनुमान है. इस बीच मुंबई के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है और स्कूल-कॉलेज बंद रहने का फैसला लिया गया है. जानिए, मॉनसून की बारिश के बीच देशभर के राज्‍यों में आज कैसा रहेगा मौसम.

देशभर में मानसून की बारिश, मुंबई-पुणे में स्कूल, कॉलेज बंद; दिल्ली से उत्‍तराखंड तक कई राज्यों के लिए IMD का अलर्ट
देशभर में मानसून की बारिश
  • दिल्ली एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी है, पूरे दिन तेज बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चलने का अनुमान
  • मुंबई और पुणे में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, यातायात को डायवर्ट कर यात्रियों को यात्रा टालने की सलाह
  • मुंबई में लगातार बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी है, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे
नई दिल्‍ली:

Monsoon Rain: दिल्‍ली से मुंबई और कश्‍मीर से केरल तक मॉनसून की बारिश से मौसम सुहावना हो गया है. दिल्‍ली और इससे सटे नोएडा, गुरुग्राम, बहादुरगढ़ में रविवार से ही झमाझम बारिश हो रही है. दिल्‍ली एनसीआर में आज भी बारिश होने का अनुमान है. हालांकि, कई राज्‍यों में बारिश परेशानी का सबब भी बनती दिख रही है. मुंबई और उसके आसपास पिछले कई दिनों से बारिश, आफत बनी हुई है. मौसम विभाग ने आज भी मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश के बीच मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सोमवार यानि आज स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इस दौरान पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड पर पुणे से मुंबई जाने वाली लेन में टनल 2 के एग्जिट के पास जबरदस्त बारिश के बीच भूस्खलन हुआ है. वहीं, बारिश के कारण उत्‍तराखंड, हिमाचल प्रदेश से भी भूस्‍खलन की कई खबरें आ रही हैं. कैसा रहेगा आज देशभर के शहरों का मौसम, आइए आपको बताते हैं. 

दिल्‍ली में ऑरेंज अलर्ट, पूरे दिन होगी बारिश

मौसम विभाग ने दिल्‍ली के लिए आज 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. दिल्‍ली में आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं, धूप नहीं निकली है. साथ ही ठंडी-ठंडी हवा चल रही है. मौसम विभाग की मानें तो दिल्‍ली में आज सुबह और दोपहर को कई जगहों पर झमाझम बारिश होगी और इस दौरान 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. शाम को भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है. कुल मिलाकर आज दिल्‍ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और मौसम सुहावना बना रहेगा. दिल्‍ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की उम्‍मीद है. 

Latest and Breaking News on NDTV

पुणे में भारी बारिश से भूस्‍खलन

मुंबई और पुणे में इस समय भारी बारिश हो रही है. पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड पर पुणे से मुंबई जाने वाली लेन में टनल 2 के एग्जिट के पास जबरदस्त बारिश के बीच भूस्खलन हुआ है. सुरक्षा कारणों से, सुबह 4 बजे से ही ट्रैफिक को दूसरे रास्ते पर डायवर्ट कर दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि हम हाईवे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि अगर हो सके तो यात्रा करने से बचें. 

मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मुंबई में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है. ऐसे में लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में लगातार बारिश का अनुमान लगाया है. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश, कुछ अलग-अलग जगहों पर बहुत ज्‍यादा बारिश और 60-70 किमी/घंटा की रफ्तारर से तेज हवाएं चलने की संभावना है. सूत्रों के मुताबिक, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी को रविवार को एक घंटे के लिए रनवे का सारा कामकाज रोकना पड़ा, जिससे इंडिगो की चार उड़ानें रद्द कर दी गईं और अलग-अलग एयरलाइंस के 13 विमानों को पास के एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा. सड़कों पर भी पानी भरा नजर आया. कई सबवे एहतियातन बंद करने पड़े. मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक मुंबई में ऐसी ही झमाझम बारिश होती रहेगी. आईएमडी ने कई क्षेत्रों में 24 घंटों के भीतर 200 मिमी से अधिक और कुछ स्थानों पर लगभग 300 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद 'रेड अलर्ट' जारी रखा है.

Latest and Breaking News on NDTV

मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में आज बंद रहेंगे स्कूल, कॉलेज

मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आज सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने रविवार शाम बताया कि आईएमडी ने मुंबई के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसके मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. आईएमडी ने भारी बारिश के अलावा तेज हवा चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है. मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बहुत भारी बारिश हो रही है जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया है और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं. 30 जून से अब तक इन घटनाओं में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है. 

केरल में आज और कल भारी बारिश का अनुमान 

केरल के अधिकांश हिस्सों में रविवार को भारी वर्षा हुई, जिससे राज्य के कई क्षेत्रों में 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी किये गए हैं. आईएमडी ने 6 जुलाई को कन्नूर और कासरगोड के लिए तथा 7 जुलाई को कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन, मिट्टी धंसने और अचानक आने वाली बाढ़ के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है. राज्यभर में आपातकालीन नियंत्रण कक्ष का संचालन शुरू कर दिया गया है.

हिमाचल में भी जारी है बारिश का दौर
 

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही, जिसके बाद स्थानीय मौसम कार्यालय ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. राज्य के घमूरूर में सबसे अधिक 84.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद धर्मशाला में 39.2 मिमी बारिश हुई. हिमाचल में 1 जुलाई से सामान्य 27.2 मिमी के मुकाबले 44.2 मिमी बारिश हुई है, जो 63 प्रतिशत अधिक है. कांगड़ा और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की खबरें हैं, जबकि बिलासपुर 36 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा.

ये भी पढ़ें:-मुंबई में भारी बारिश अलर्ट: 6 जुलाई को स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद, BMC ने लोगों से की घरों में रहने की अपील

देश के विभिन्न हिस्सों में रविवार को मानसून की भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, उड़ानें प्रभावित हुईं और सड़कें जलमग्न हो गईं. वहीं मुंबई में एक व्यक्ति की मौत हो गई. केरल में बाढ़ और भूस्खलन को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न वायु दाब का क्षेत्र अब गहरे अवदाब में बदल गया है. इसके अगले 24 घंटों के भीतर उत्तरी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है, जिससे पूर्वी भारत में व्यापक और अत्यंत भारी बारिश होने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें:- पहली बारिश में ही दिल्ली बेहाल, 15 फ्लाइट्स डायवर्ट; द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी असर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon Rain, IMD Alert, Mumbai Rain, Delhi Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com