Petrol-Diesel Price 6 July: अगर आप आज पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने जा रहे हैं, तो पहले अपने शहर का ताजा रेट जरूर जान लें. देशभर में हर दिन सुबह 6 बजे पेट्रोल- डीजल के नए रेट जारी किए जाते हैं.आज यानी सोमवार, 6 जुलाई 2026 को भी सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है. अच्छी बात यह है कि पिछले कई दिनों से लोगों को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी नई बढ़ोतरी का सामना नहीं करना पड़ा है. 25 मई 2026 के बाद से कीमतें लगातार स्थिर बनी हुई हैं.
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बाद लोगों के मन में यही सवाल है कि आखिर पेट्रोल और डीजल सस्ता कब होगा.चलिए फटाफट जान लेते हैं आज 6 जुलाई को आपके शहर में पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव क्या है और कब पेट्रोल-डीजल के दाम घटने की उम्मीद है.
6 जुलाई को आपके शहर में क्या है पेट्रोल और डीजल का रेट?
- दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है.
- चेन्नई में पेट्रोल 107.76 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर पर है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल 111.68 रुपये और डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- नोएडा में पेट्रोल 101.96 रुपये और डीजल 95.44 रुपये प्रति लीटर है.
- गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.51 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर पर है.
- हैदराबाद में पेट्रोल 116.99 रुपये और डीजल 105.03 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर है.
- लखनऊ में पेट्रोल 101.86 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- पटना में पेट्रोल 113.37 रुपये और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
पेट्रोल और डीजल को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में जब तेल संकट बढ़ा था, तब कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी. कई देशों में फ्यूल की कमी और सप्लाई की परेशानी हुई, लेकिन भारत में किसी भी दिन पेट्रोल और डीजल की सप्लाई नहीं रुकी. उन्होंने कहा कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती समेत कई फैसले लेकर लोगों पर बोझ कम करने की कोशिश की.
कच्चा तेल सस्ता हुआ, फिर भी पेट्रोल-डीजल का भाव क्यों नहीं घटा?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में फिर नरमी आई है. OPEC+ ने अगस्त से तेल उत्पादन बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है. इसी वजह से ब्रेंट क्रूड करीब 71.88 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई करीब 68.58 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है.
पिछले कुछ हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने और होर्मुज स्ट्रेट से तेल सप्लाई सामान्य होने के बाद भी कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है.
पेट्रोल-डीजल कब सस्ता होगा?
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का कहना है कि अभी पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने का समय नहीं है. उन्होंने बताया कि सरकारी तेल कंपनियां अभी भी दो से ढाई महीने पहले खरीदे गए महंगे कच्चे तेल को रिफाइन कर रही हैं. उस समय कच्चा तेल महंगा था और इंश्योरेंस के साथ-साथ ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट भी ज्यादा था.
उन्होंने कहा कि अगर कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक इसी तरह कम बनी रहती हैं, तब पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने पर विचार किया जा सकता है. फिलहाल सरकारी तेल कंपनियां करीब 2.18 लाख करोड़ रुपये की पुरानी लागत की भरपाई भी कर रही हैं.
मई 2026 में चार बार बढ़े थे पेट्रोल और डीजल के दाम
इस साल मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतें चार बार बढ़ाई गई थीं. 15 मई को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 रुपये महंगा हुआ था. इसके बाद 19 मई और 23 मई को भी दोनों के दाम बढ़े. फिर 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा किया गया. इसके बाद से अब तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
घर बैठे ऐसे जानें अपने शहर का रेट
अगर आप अपने शहर में पेट्रोल और डीजल का ताजा रेट जानना चाहते हैं, तो इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की वेबसाइट पर जाकर कीमत देख सकते हैं. इसके अलावा एसएमएस के जरिए भी अपने शहर का लेटेस्ट रेट तुरंत पता किया जा सकता है. इंडियन ऑयल के ग्राहक RSP लिखकर अपने शहर का कोड जोड़कर 9224992249 पर भेज सकते हैं. भारत पेट्रोलियम के ग्राहक RSP लिखकर 9223112222 पर और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ग्राहक HP Price लिखकर 9222201122 पर एसएमएस भेजकर ताजा रेट जान सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं