देशभर में टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले हजारों-लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अपने FASTag आधारिक लोकल पास सिस्टम को डिजिटल बना दिया है. अब पात्र वाहन मालिक सिर्फ 350 रुपये में मासिक लोकल पास बनवा सकते हैं और आसपास के टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित आवाजाही कर सकते हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए अब टोल प्लाजा के चक्कर लगाने या कागजी डॉक्यूमेंट्स जमा करने की जरूरत नहीं होगी.
कौन ले सकता है 350 रुपये वाला पास?
ये सुविधा उन लोगों के लिए है, जिनका घर किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में स्थित है. ऐसे स्थानीय निवासी अपने प्राइवेट गाड़ियों के लिए लोकल पास बनवा सकते हैं और रोजाना आने-जाने के दौरान बार-बार टोल शुल्क देने से बच सकते हैं. ऐसे में लोकल पास नौकरी करने वाले, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नियमित यात्रियों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है.
लोकल पास के लिए पूरी प्रक्रिया है ऑनलाइन
NHAI ने लोकल पास के आवेदन को Rajmargyatra मोबाइल ऐप से जोड़ दिया है. आवेदन ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं. सिस्टम DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी प्लेटफॉर्म से वाहन और पते की जानकारी की डिजिटल जांच करेगा. इसके बाद GIS तकनीक की मदद से ये वैरिफाई किया जाएगा कि आवेदक का पता वास्तव में टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की सीमा के अंदर है या नहीं.
किन जानकारियों की होगी जांच?
लोकस पास जारी करने से पहले डिजिटल सिस्टम निम्न जानकारियों को वैरिफाई कर सकता है
- आवेदक का एड्रेस वेरिफिकेशन
- गाड़ी के रजिस्ट्रेशन का विववरण
- गाड़ी से जुड़ा FASTag
- टोल प्लाजा के आसपास पते की लोकेशन
सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया से मैनुअल जांच और दस्तावेज सत्यापन की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी.
121 टोल प्लाजा पर उपलब्ध सुविधा
NHAI ने इस डिजिटल लोकल पास सुविधा का विस्तार देशभर के 121 टोल प्लाजा तक कर दिया है. पात्र टोल प्लाजाओं की सूची Rajmargyatra पोर्टल और मोबाइल ऐप पर देखी जा सकती है. प्राधिकरण का कहना है कि आने वाले महीनों में इसे और अधिक टोल प्लाजाओं तक बढ़ाया जाएगा.
ये भी पढ़ें - FASTag यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब 121 टोल प्लाजा पर घर बैठे बनवा सकेंगे लोकल पास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं