FASTag Local Pass Online : क्या आप हर रोज या फिर सप्ताह में कई बार टोल प्लाजा से गुजरते हैं और बार-बार टोल टैक्स देकर परेशान हो गए हैं? अगर हां, तो ये खबर आपके लिए हो सकती है. दरअसल, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने FASTag आधारिक डिजिटल लोकल पास सुविधा का विस्तार करते हुए देशभर के 121 टोल प्लाजा तक पहुंचा दिया है. अच्छी बात ये है कि इस सुविधा के जरिए पात्र वाहन चालक अब घर बैठे ऑनलाइन मासिक लोकल पास बनवा सकेंगे.
NHAI के मुताबिक, डिजिटल लोकल पास की मदद से लोगों को टोल प्लाजा पर जाकर डॉक्यूमेंट जमा करने या वेरिफाई कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पात्र आवेदक राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप के जरिए सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य टोलिंग व्यवस्था को ज्यादा ट्रांसपेरेंस, आसान और नागरिक केंद्रित बनाना है.
किन लोगों को मिलेगा फायदा?
डिजिटल लोकल पास योजना के तहत इस पास का आवेदन ऐसे लोग कर सकते हैं, जो किसी पात्र टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं. लोकस पास जारी होने के बाद गाड़ी चालक अपने आसपास के टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित ट्रैवल कर सकेंगे. पहले इसके लिए लोगों को टोल प्लाजा पर जाकर निवास से जुड़े कुछ डॉक्यूमेंट्स जमा करने पड़ते थए, लेकिन अब यह प्रोसेस पूरी तरह से ऑनलाइन कर दी गई है.
अब कैसे होगी पात्रता की जांच?
NHAI के मुताबिक, इस नई व्यवस्था में डिजीलॉकर (DigiLocker) और वाहन जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा. आवेदक की परमिशन से निवास संबंधी जानकारी, व्हीकल डिस्ट्रीब्यूशन और FASTag की जानकारी डिजिटल माध्यम से वैरिफाई की जाएगी. इसके अलावा GIS आधारित तकनीक के जरिए ये जांच होगी कि आवेदक का पता संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की निर्धारित सीमा के अंदर है या नहीं.
दिल्ली से हुई थी शुरुआत
डिजिटल लोकल पास सुविधा की शुरुआत जुलाई 2026 में दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई थी. सफल परीक्षण के बाद अब इसे देशभर के 121 टोल प्लाजा तक विस्तारित कर दिया गया है. NHAI का कहना है कि आने वाले महीनों में और अधिक टोल प्लाजाओं को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा.
लोगों को क्या होगा फायदा?
NHAI के अनुसार, डिजिटल वेरिफिकेशन और ऑनलाइन प्रोसेस से मैनुअल डॉक्यूमेंटेशन और फिजिकल वेरिफिकेशन की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी. इससे लोकल यात्रियों को राहत मिलेगी, प्रोसेस तेज होगी और टोल संचालन में ट्रांसपेरेंसी बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें - टोल प्लाजा पर गंदा टॉयलेट दिखे तो तुरंत करें ये काम, पाएं 1000 रुपये का इनाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं