- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और कोटा-विदिशा-सागर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से दिल्ली से भोपाल का सफर 9 घंटे में पूरा होगा
- प्रस्तावित ग्रीनफील्ड कॉरिडोर कोटा और भोपाल के बीच दूरी में 65 KM की कटौती करेगा
- यह एक्सप्रेसवे नेटवर्क पूरी तरह एक्सेस कंट्रोल्ड होगा और चार राज्यों को एक-दूसरे से जोड़ेगा
Delhi To Bhopal Expressway Network: देशभर में कई नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. ये एक्सप्रेसवे राज्यों और शहरों की दूरी कम कर रहे हैं और सुपरफास्ट सफर का जरिया बन रहे हैं. कई जगहों पर इन एक्सप्रेसवे को आपस में भी जोड़ा जा रहा है. इससे एक पूरा एक्सप्रेसवे नेटवर्क तैयार होता है. आज हम ऐसे ही बेहद खास एक्सप्रेसवे नेटवर्क के बारे में बता रहे हैं, जो देश की राजधानी दिल्ली को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से कनेक्ट करेगा. इस महाएक्सप्रेसवे के बनने के बाद दिल्ली से भोपाल का सफर महज 9 घंटे में पूरा हो सकेगा. इसके साथ ही यह रूट चार राज्यों की भी कनेक्टिविटी देगा.
दो एक्सप्रेसवे का नेटवर्क
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे: दिल्ली से भोपाल पहुंचने जाने के लिए सबसे पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए राजस्थान के कोटा तक पहुंचना होगा. यह सफर महज 3.5 से 4 घंटे में पूरी होगा.
- कोटा-विदिशा-सागर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर: यह प्रस्तावित ग्रीनफील्ड कॉरिडोर कोटा और भोपाल की दूरी को 75 किलोमीटर कम कर देगा. इससे कोटा से भोपाल का सफर सिर्फ 4 से 5 घंटे का रह जाएगा.
4 राज्यों को जोड़ेगा महा-एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे नेटवर्क पूरी तरह से एक्सेस कंट्रोल्ड होगा और देश के चार राज्यों को कनेक्ट करेगा.
- दिल्ली: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की शुरुआत ही यहीं से होगी.
- हरियाणा: गुरुग्राम-फरीदाबाद बेल्ट इस एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ेगी.
- राजस्थान: दौसा, सवाई माधोपुर और कोटा क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी.
- मध्य प्रदेश: नए एक्सप्रेसवे से कोटा, विदिशा और सागर जैसे शहरों की कनेक्टिविटी मिलेगी.

क्यों खास है कोटा-विदिशा-सागर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर?
मध्य प्रदेश के शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए सरकार ने कोटा-विदिशा-सागर एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी है. यह 4-लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा जो तीन बड़े कॉरिडोर से सीधे जुड़ेगा, जिससे मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा की दूरी कम हो जाएगी. यह एक्सप्रेसवे भोपाल के बाहरी इलाकों और भोपाल-बैरसिया रोड तक सीधे जुड़ेगा. करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह एक्सप्रेसवे लगभग 300 किलोमीटर लंबा होगा. अभी कोटा से भोपाल पहुंचने में जहां 8-9 घंटे लगते हैं वहीं यह नया एक्सप्रेसवे यह सफर 4-5 घंटे में पूरा कर देगा. यह कोटा, झालावाड़, अकलेरा, बैरसिया, विदिशा और सागर होते हुए भोपाल बायपास और बैरसिया रोड तक कनेक्ट होगा.
ये एक्सप्रेसवे भी जुड़ेंगे
भोपाल-कानपुर एक्सप्रेसवे: सागर और विदिशा के बीच यह कॉरिडोर भोपाल-कानपुर एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इसके बाद यूपी के कई शहरों की कनेक्टिविटी मिलेगी.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे: इसके अलावा, भोपाल-कानपुर एक्सप्रेसवे के जरिए यह नेटवर्क लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से भी सीधे जुड़ेगा.
चंबल एक्सप्रेसवे: सागर-कोटा एक्सप्रेसवे कोटा इलाके में बनने वाले एक नए इंटरचेंज के जरिए चंबल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा.
यह भी पढ़ें: कटरा से देहरादून 9 घंटे में, दिल्ली 6 घंटे में, 5 राज्यों को जोड़गा महाएक्सप्रेसवे, जम्मू-अमृतसर-शामली तक कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
