विज्ञापन

IPL टिकट के नाम पर ठगी, 'VIP ऑफर' के चक्कर में युवक ने गंवाए 1.46 लाख रुपये, जानें क्या है टिकट बुक करने का सही तरीका

IPL Ticket Fraud: IPL टिकट खरीदने के लिए केवल भरोसेमंद ऐप और वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें. सोशल मीडिया पर दिखने वाले सस्ते या VIP ऑफर पर भरोसा न करें, साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति को सीधे पैसे न भेजें.

IPL टिकट के नाम पर ठगी, 'VIP ऑफर' के चक्कर में युवक ने गंवाए 1.46 लाख रुपये, जानें क्या है टिकट बुक करने का सही तरीका
IPL टिकट बुक करने का सही और सुरक्षित तरीका

IPL Ticket Fraud: बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां रहने वाला एक 25 साल का टेक प्रोफेशनल IPL मैच देखने के लिए टिकट खरीदना चाहता था. इसी दौरान उसे इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन दिखा, जिसमें सस्ते टिकट के साथ 'VIP बेनिफिट' का ऑफर दिया जा रहा था. युवक ने सोचा कि उसे अच्छा ऑफर मिल रहा है, इसलिए उसने तुरंत संपर्क किया. सामने वाले व्यक्ति ने खुद को स्टेडियम का सीनियर अधिकारी बताया और भरोसा दिलाया कि टिकट पूरी तरह असली है. साथ ही खाने के कूपन और खास सुविधाओं का भी लालच दिया गया.

जाल में धीरे-धीरे ऐसे फंसा 

शुरुआत में युवक ने दो टिकट खरीदे, जिनकी कीमत करीब 3700 रुपये प्रति टिकट थी. इसके बाद ठग ने नए-नए बहाने बनाकर पैसे मांगने शुरू कर दिए. ठग ने युवक से 'रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट' के नाम पर पैसे मांगे,'आईडी कार्ड' बनाने के लिए अलग चार्ज लिया, इसके अलावा 'फूड कूपन' और VIP सुविधा के लिए भी अतिरिक्त रकम ली. इधर, युवक को लगा कि ये सभी चार्ज जरूरी हैं, इसलिए उसने पैसे भेज दिए. उसने कई बार में पेमेंट किया. जब उसकी लिमिट खत्म हो गई, तो उसने अपनी मां के अकाउंट से भी पैसे ट्रांसफर किए. इस तरह कुल मिलाकर उसने करीब 1.46 लाख रुपये दे दिए.

इन सब के बाद ठग ने एक फर्जी ईमेल भेजकर टिकट कन्फर्म होने की बात कही और स्टेडियम के गेट नंबर 10 पर आने को कहा. युवक वहां पहुंचा, लेकिन उसे कोई टिकट नहीं मिला. उसने कई बार कॉल और मैसेज किए, लेकिन ठग ने पैसे वापस नहीं किए. उल्टा और पैसे मांगने लगा. तब जाकर युवक को समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है. इसके बाद उसने साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज करवाई.

यह भी पढ़ें- YEIDA Plot Scheme 2026: नोएडा एयरपोर्ट के पास सस्ते प्लॉट खरीदने का मौका, जानें कीमत, साइज और आवेदन प्रक्रिया

IPL टिकट बुक करने का सही और सुरक्षित तरीका

ऐसी ठगी से बचने के लिए हमेशा सही प्लेटफॉर्म से टिकट खरीदना जरूरी है. IPL टिकट के लिए केवल भरोसेमंद ऐप और वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें. आप टीम की ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा BookMyShow या District ऐप पर भी ये सुविधा दी जाती है.

बुकिंग कैसे करें?

IPL टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल ऐप या वेबसाइट खोलें.
अपनी पसंद का मैच चुनें.
स्टेडियम में सीट और कैटेगरी सिलेक्ट करें.
सुरक्षित पेमेंट गेटवे से भुगतान करें.
टिकट आपको QR कोड या ई-टिकट के रूप में मिलेगा.
इस तरह आप सुरक्षित तरीके से सही टिकट बुक कर सकते हैं.

ध्यान रखें कभी भी सोशल मीडिया पर दिखने वाले सस्ते या VIP ऑफर पर भरोसा न करें. किसी भी अनजान व्यक्ति को सीधे पैसे न भेजें. अगर कोई बार-बार अलग-अलग चार्ज मांग रहा है, तो सावधान हो जाएं. इसके अलावा हमेशा टिकट की बुकिंग का स्क्रीनशॉट और ईमेल चेक करें, शक होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें. याद रखें, सही जानकारी और सतर्कता ही आपको ठगी से बचा सकती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com