विज्ञापन

कालीघाट के पूर्व OC के घर ताले तोड़कर घुसी ED, 12 घंटे बाद बंगले पर लगा सरकारी लॉक; जानिए अंदर क्या मिला?

सुबह की खामोशी में टूटे ताले, दिनभर चला सर्च ऑपरेशन और रात होते ही लग गया सरकारी लॉक. गोविंद ठाकुर की इस रिपोर्ट में जानिए पूर्व ओसी शांतनु सिन्हा के घर हुई 12 घंटे की छापेमारी में ईडी को क्या-क्या मिला?

कालीघाट के पूर्व OC के घर ताले तोड़कर घुसी ED, 12 घंटे बाद बंगले पर लगा सरकारी लॉक; जानिए अंदर क्या मिला?
कालीघाट थाने के पूर्व OC शांतनु सिन्हा का घर ED ने किया सील, ताला तोड़कर की जांच
NDTV Reporter

Bengal News in Hindi: कालीघाट पुलिस स्टेशन के पूर्व ओसी शांतनु सिन्हा बिस्वास (Shantanu Sinha Biswas) के कंडी स्थित आवास पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करीब 12 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया. सुबह के सन्नाटे में ताले तोड़कर शुरू हुआ यह सर्च ऑपरेशन रात के अंधेरे में पूरे बंगले पर 'सरकारी लॉक' लगाने के साथ खत्म हुआ. जानिए इस छापेमारी के दौरान घर के अंदर क्या-क्या हुआ...

सुबह 7 बजे टूटे ताले, लोकल मुखिया बने गवाह

इस पूरे ऑपरेशन की शुरुआत सुबह करीब 7 बजे  हुई, जब केंद्रीय जांच अधिकारियों की टीम अचानक शांतनु सिन्हा के बंद घर के बाहर पहुंच गई. अधिकारियों ने पहले काफी देर तक यह पता लगाने की कोशिश की कि घर के अंदर कोई मौजूद है या नहीं. जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई और किसी का पता नहीं चला, तो जांच अधिकारियों ने एक-एक करके घर के ताले तोड़ना शुरू कर दिया. कार्रवाई को पूरी तरह पारदर्शी और कानूनी बनाए रखने के लिए ED के अधिकारियों ने स्थानीय ग्राम पंचायत के मुखिया और एक बीजेपी (BJP) कार्यकर्ता को मौके पर बुलाया और उन्हें सरकारी गवाह के तौर पर अपने साथ अंदर ले गए.

12 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, अंदर क्या मिला?

घर के अंदर दाखिल होने के बाद केंद्रीय अधिकारियों ने चप्पा-चप्पा छान मारा. सुबह 7 बजे से शुरू हुई यह जांच रात के 10 बजे तक खिंच गई. हर कमरे, अलमारी और लॉकर की तलाशी ली गई. ED के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस 12 घंटे की लंबी छानबीन में घर के अंदर से कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स के अलावा फिलहाल और कोई बड़ी बरामदगी नहीं हुई है. रात के 10 बजते ही अधिकारियों ने कुछ समय के लिए इस जांच प्रोसेस को रोक दिया.

पूरे बंगले पर लगा 'सरकारी लॉक'

भले ही ईडी को मौके से कुछ खास सामान न मिला हो, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारियों ने पूर्व ओसी शांतनु सिन्हा के पूरे बंगले को सील पैक कर दिया है. अधिकारियों ने घर के सभी एंट्री गेट और दरवाजों को अच्छी तरह बंद करके उन पर सरकारी लॉक लगा दिया है. इसके साथ ही दरवाजों पर कानूनी नोटिस भी चिपका दिए गए हैं. जांच अधिकारियों का कहना है कि वे आने वाले दिनों में आगे की तफ्तीश और सबूत जुटाने के लिए दोबारा इस घर में आ सकते हैं, यही वजह है कि पूरे बंगले पर 'सरकारी लॉक' लगा दिया गया है.

ये भी पढ़ें:- कोलकाता से मुर्शिदाबाद तक ED की रेड, 'सोना पप्पू' ने उगले कई राज तो नप गए पुलिस अफसर!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com