विज्ञापन

यूपी CM के गोरखपुर में गैस एजेंसी पर 33 लाख का जुर्माना, मच्‍छरदानी लगाकर रात बिताने पर बड़ा एक्‍शन

गोरखपुर की गंगा गैस सर्विस पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने होम डिलीवरी में लापरवाही और उपभोक्ताओं को परेशान करने के आरोप में 33 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है.

  • गोरखपुर में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने गंगा गैस एजेंसी पर भारी जुर्माना लगाया है
  • गंगा गैस एजेंसी की खराब व्यवस्था के कारण उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए रातभर इंतजार करने को मजबूर हुए थे
  • सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन ने गैस एजेंसी को कड़ी चेतावनी और कार्रवाई की चेतावनी दी थी

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में उपभोक्ताओं के साथ मनमानी और गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में लापरवाही बरतने पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने बड़ी कार्रवाई की है. कंपनी ने गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित 'गंगा गैस सर्विस' पर 33 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है.

 गंगा गैस एजेंसी गोरखपुर यूपी 

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से गंगा गैस एजेंसी की बदइंतजामी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही थीं. तीन दिन पहले एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई थी. हालात इस कदर खराब थे कि लोगों को सिलेंडर लेने के लिए मच्छरदानी लगाकर गोदाम के बाहर ही रात बिताने को मजबूर होना पड़ा था. इस अव्यवस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने इस पर कड़ा रुख अख्तियार किया था.

प्रशासन की चेतावनी के बाद एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही सख्त चेतावनी जारी की थी कि यदि गैस एजेंसी के बाहर दोबारा ऐसी भीड़ या अव्यवस्था देखी गई, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके तुरंत बाद हरकत में आई बीपीसीएल (BPCL) कंपनी ने एजेंसी की मनमानी, समय पर होम डिलीवरी न करने और वितरण व्यवस्था में भारी लापरवाही बरतने के आरोपों को सही पाया और एजेंसी पर 33 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया.

अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप मचा

इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को परेशान करने और नियमों का उल्लंघन करने के चलते गैस कंपनी (BPCL) द्वारा यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है. इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र की अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि उपभोक्ताओं के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.  

यह भी पढ़ें- भोजशाला: आदेश के बाद पहले शुक्रवार को घरों और मस्जिदों में हुई नमाज, मंदिर में दिनभर चली पूजा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP, UP News, Uttar Pradesh, Gorakhpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com