विज्ञापन

दिल्ली में अब लोकल पुलिस भी काटेगी गाड़ियों का ई-चालान ! जान लीजिए आने वाला नया नियम

दिल्ली की सड़कों पर वाहन चलाने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर अब सिर्फ ट्रैफिक पुलिस ही नहीं, बल्कि थाने और दूसरे यूनिट्स में तैनात लोकल पुलिसकर्मी भी अब ई-चालान काट सकेंगी. जानिए दिल्ली पुलिस की इस नई व्यवस्था और ई-चालान प्रक्रिया की पूरी जानकारी. 

दिल्ली में अब लोकल पुलिस भी काटेगी गाड़ियों का ई-चालान ! जान लीजिए आने वाला नया नियम
दिल्ली में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी: लोकल पुलिस की रहेगी पैनी नजर
NDTV

 Delhi Traffic Rules Update: राजधानी दिल्ली ( Delhi) की सड़कों पर ड्राइविंग करते वक्त अब वाहन चालकों को पहले से ज्यादा सतर्क और सावधान रहना पड़ेगा. दरअसल, दिल्ली में ट्रैफिक (Traffic in Delhi) व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों को तोड़ने वालों पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. अब सिर्फ ट्रैफिक पुलिस (Traffic Police) ही नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस के थानों (Police Station) और अलग-अलग यूनिट्स में तैनात खाकी वर्दी वाले स्थानीय पुलिसकर्मी (Local Police) भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकेंगे. 

इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक पुलिस का वर्कलोड कम करना और उन वाहन चालकों पर शिकंजा कसना है, जो ट्रैफिक पुलिस की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर सरेआम रेड लाइट जंप करते हैं, या अन्य नियमों का उल्लंघन करते हैं. 

क्यों पड़ी इस नई व्यवस्था की जरूरत?

दरअसल, मौजूदा वक्त में दिल्ली की सड़कों पर सिर्फ ट्रैफिक पुलिस अफसरों के पास ही ई-चालान काटने का अधिकार है. ऐसे में अक्सर यह देखा जाता है कि जहां रेड लाइट पर ट्रैफिक पुलिस तैनात होती है, वहां लोग नियमों का पालन करते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति में लोकल पुलिस के सामने भी लोग बेझिझक सिग्नल तोड़कर निकल जाते हैं. वाहन चालकों को पता होता है कि लोकल पुलिस के पास चालान काटने की शक्ति नहीं है. इसी खामी को दूर करने और ट्रैफिक नियमों के प्रति सख्ती बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर यह विशेष प्रस्ताव तैयार किया गया है. 

ये हैं ई-चालान की पूरी प्रक्रिया

सरकार से हरी झंडी मिलते ही इस नई व्यवस्था को पूरी दिल्ली में तुरंत लागू कर दिया जाएगा. नए नियमों के लागू होने के बाद ई-चालान की प्रक्रिया के तहत गश्त पर मौजूद कोई भी लोकल पुलिसकर्मी नियम तोड़ती हुई गाड़ी की अपने मोबाइल से तुरंत फोटो खींचेगा. इसके बाद उस तस्वीर को दिल्ली पुलिस के आधिकारिक ई-चालान ऐप पर अपलोड कर दिया जाएगा. इसके बाद सीधे मालिक के पास चालान पहुंच जाएगा. गाड़ी के नंबर के आधार पर ई-चालान सीधे वाहन मालिक के रजिस्टर्ड  मोबाइल नंबर और पते पर भेज दिया जाएगा. 

यह भी पढ़ें- स्वीडन की तर्ज पर Delhi-NCR में घटेगी वाहनों की रफ्तार! नियम तोड़ने वालों को महंगा बीमा और फिर लाइसेंस होगा रद्द

दिल्ली सरकार की मंजूरी के बाद लागू होगा नियम

यह प्रस्ताव दिल्ली पुलिस की ओर से तैयार कर दिल्ली सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है. जैसे ही सरकार से इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है, दिल्ली के सभी थानों और यूनिट्स के पुलिसकर्मियों को ई-चालान काटने का अधिकार दे दिया जाएगा. ऐसे में अगर आप दिल्ली की सड़कों पर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग या रेड लाइट जंप करते हैं, तो यह न सोचें कि ट्रैफिक पुलिस नहीं है, तो आप बच जाएंगे. इस नियम के लागू हो जाने के बाद गश्त पर तैनात लोकल पुलिस की एक फोटो भी आपकी जेब ढीली करवा सकती है. 

यह भी पढ़ें- Railway के 5 गुना तक जुर्माने का कानून हो चुका है लागू, जानिए किस गलती पर कितना लग रहा दंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Traffic, E Challan, Delhi Police, Traffic Rules, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com