Delhi Amritsar Katra Expressway: अगर आप अक्सर दिल्ली से चंडीगढ़ सफर करते हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी हो सकती है. बता दें कि दिल्ली और चंडीगढ़ के बीच सफर अब पहले से कहीं ज्यादा तेज हो सकता है, क्योंकि एक बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जल्द तैयार होने वाला है. इसकी मदद से जहां दिल्ली से चंडीगढ़ सफर करने के लिए 5-6 घंटे लगते हैं, वह घटकर अब 2 घंटे हो सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे का ज्यादातर हिस्सा 2027 के मार्च तक चालू किया जा सकता है. इससे लोगों के लिए यात्रा करना आसान और सुविधाजनक हो जाएगा. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: अब पानी पर चलेगी मेट्रो, 18 शहरों में शुरू होगी वाटर मेट्रो सेवा, जानें कितना हो सकता है किराया
38,905 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा एक्सप्रेसवे
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे करीब 38,905 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां गाड़ियां 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकें. नए रूट के मुताबिक दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री सबसे पहले द्वारका एक्सप्रेसवे पर जाएंगे, फिर अर्बन एक्सटेंशन रोड और कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे. इसके बाद ट्रांस-हरियाणा एक्सप्रेसवे के जरिए अंबाला होते हुए चंडीगढ़ तक सफर पूरा किया जाएगा, जिससे यात्रा और तेज और आसान हो जाएगी.

6 घंटे में दिल्ली से कटरा
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे की मदद से चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब और जम्मू-कश्मीर तक पहुंच भी काफी आसान हो जाएगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली से अमृतसर का सफर करीब 4 घंटे में पूरा किया जा सकेगा, वहीं दिल्ली से कटरा पहुंचने में सिर्फ 6 घंटे लगेंगे जो अभी 14 घंटे लगते हैं. इससे यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुविधाजनक सफर का फायदा मिलेगा.
मार्च 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट में पंजाब के कुछ हिस्सों में जमीन अधिग्रहण और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी समस्याओं के कारण देरी हुई थी. हालांकि अब NHAI के मुताबिक निर्माण निर्माण कार्य ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है. अब इस पूरे प्रोजेक्ट को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके कई अहम हिस्से लगभग तैयार होने के करीब हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं