अगर आपका पासपोर्ट बनने में देरी हो रही है, फाइल अटक गई है या पासपोर्ट से जुड़ी कोई परेशानी है, तो आपके लिए अच्छी खबर है. RPO गाजियाबाद ने लोगों की सुविधा के लिए 'वॉक-इन सर्विस' (Walk-in Service) की व्यवस्था शुरू की है. इसके तहत लोग बिना पहले से अपॉइंटमेंट लिए भी कार्यालय पहुंचकर अपनी पासपोर्ट संबंधी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं. हालांकि, इसके लिए कुछ नियम भी तय किए गए हैं, आइए जानते हैं-
कब मिलेगी यह सुविधा?
यह सुविधा हर हफ्ते सोमवार से गुरुवार तक मिलेगी. लेकिन सरकारी छुट्टी के दिन काम नहीं किया जाएगा. सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको पहले से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की जरूरत नहीं होगी. आप सीधे पासपोर्ट कार्यालय पहुंच सकते हैं और अपनी समस्या बता सकते हैं. हालांकि, इसके लिए हर दिन सिर्फ 150 लोगों को मौका मिलेगा.
किन लोगों को होगा फायदा?- जिनकी पासपोर्ट फाइल लंबे समय से रुकी हुई है.
- जिन्हें पासपोर्ट से जुड़ी किसी जरूरी समस्या का समाधान चाहिए या
- जिन्हें तुरंत मदद की जरूरत है, उनके लिए यह सुविधा खास तौर पर मददगार साबित हो सकती है.
- वॉक-इन सुविधा के तहत हर दिन 150 टोकन दिए जाएंगे.
- टोकन बांटने का समय सुबह 9 बजे से शुरू होगा.
- टोकन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगे यानी जो लोग पहले पहुंचेंगे, उन्हें पहले टोकन मिलेगा.
इसलिए अगर आप इस सुविधा का फायदा लेना चाहते हैं, तो कोशिश करें कि समय से पहले पहुंच जाएं.
किन लोगों को पहले मिलेगा टोकन?पासपोर्ट कार्यालय ने कुछ लोगों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है. इनमें-
- 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिक
- दिव्यांग व्यक्ति और
- छोटे बच्चे शामिल हैं.
इन्हें टोकन देने में पहले मौका दिया जाएगा, ताकि ज्यादा इंतजार न करना पड़े.
टोकन कौन ले सकता है?टोकन सिर्फ उसी व्यक्ति को मिलेगा, जिसका पासपोर्ट से जुड़ा काम है. अगर आवेदक की उम्र 18 साल से कम है, तो उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक उसकी ओर से टोकन ले सकते हैं. किसी दूसरे व्यक्ति को टोकन नहीं दिया जाएगा.
कहां जाना होगा?कमरा नंबर- 336 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO), सीजीओ कॉम्प्लेक्स-1, हापुड़ चुंगी, कमला नेहरू नगर, गाजियाबाद- 201002
और अधिक जानकारी के लिए आप contact.rpogzb@cpo.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं.
ℹ️ पासपोर्ट आवेदकों के लिए आवश्यक जानकारी
— RPO Ghaziabad (@rpoghaziabad) June 8, 2026
ℹ️ Important information for passport applicants@ranganathan_sr @mubarakbs @Kove1985 @arjundeore pic.twitter.com/LwVUI1EAx2
यह भी पढ़ें- GDA की बड़ी नीलामी: गाजियाबाद में घर, दुकान, स्कूल, होटल के लिए प्लॉट खरीदने का सुनहरा मौका, जानें कैसे करें आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं