Water Metro: देश में जल्द ही लोगों को सफर का एक नया और शानदार तरीका मिलने वाला है. केंद्र सरकार अब 18 शहरों में वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है. इस योजना का मकसद शहरों में ट्रैफिक कम करना और लोगों को सस्ता, आरामदायक और तेज सफर देना है. सरकार ने पहले चरण में गुवाहाटी, श्रीनगर, पटना, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज जैसे शहरों को चुना है. आने वाले समय में दूसरे शहरों में भी यह सेवा शुरू की जाएगी.
क्या होती है वाटर मेट्रो?
वाटर मेट्रो एक ऐसी सेवा है, जिसमें बड़ी इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड बोट्स के जरिए लोगों को पानी के रास्ते एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जाता है. यह बिल्कुल मेट्रो ट्रेन की तरह काम करती है, लेकिन यह नदी, झील या बैकवॉटर में चलती है.
सरकार का कहना है कि वाटर मेट्रो बनाने में सामान्य मेट्रो के मुकाबले काफी कम खर्च आता है. इसमें ज्यादा जमीन की जरूरत नहीं होती और इसे जल्दी तैयार किया जा सकता है. यही वजह है कि अब देश के कई शहरों में इसे शुरू करने की योजना बनाई जा रही है.
केरल में है भारत की पहली वाटर मेट्रोबता दें कि भारत की पहली वाटर मेट्रो Kochi Water Metro है. इसकी शुरुआत साल 2023 में केरल के कोच्चि शहर में हुई थी. आज के समय में यह स्थानीय लोगों और टूरिस्ट दोनों के लिए बड़ी सुविधा बन चुकी है. इसमें कुल 38 स्टेशन हैं और यह रोज सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक चलती है.
किराया कितना है?कोच्चि वाटर मेट्रो का किराया काफी सस्ता रखा गया है. इसमें अधिकतम टिकट करीब 40 रुपये तक है. इससे अलग रोजाना सफर करने वाले यात्री हफ्ते या महीने का पास भी बनवा सकते हैं. एक हफ्ते का पास बनवाने के लिए 180 रुपये का भुगतान करना पड़ता है. वहीं, एक महीने का पास 600 रुपये में मिलता है.
ऐसे में माना जा रहा है कि वाराणसी, श्रीनगर और दूसरे शहरों में शुरू होने वाली नई वाटर मेट्रो का किराया भी आम लोगों के बजट में होगा. यानी लोग कम पैसों में ट्रैफिक से बचते हुए आरामदायक सफर कर पाएंगे.
मिलेंगी ये खास सुविधाएंवाटर मेट्रो में यात्रियों को फ्री वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सीसीटीवी कैमरे और लाइफ जैकेट जैसी सुविधाएं मिलती हैं. बोट्स में आरामदायक सीटें होती हैं और सफर के दौरान लोग खूबसूरत नजारों का आनंद भी ले सकते हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में वाटर मेट्रो शहरों में सफर का बड़ा और सस्ता विकल्प बन सकती है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में लगाए जाएंगे 13 नए AQI मॉनिटरिंग स्टेशन, जानें क्या होते हैं ये, आपके इलाके में लगेंगे या नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं