कभी जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कथित मानसिक प्रताड़ना से टूटकर रातभर रोने वाली सिमरन शर्मा के लिए अब एक खास पल आने वाला है. जिस खिलाड़ी ने मुश्किल हालात में भी हार नहीं मानी और जापान में अपने प्रदर्शन से देश का सिर गर्व से ऊंचा किया, वही सिमरन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने खुद एक वीडियो शेयर कर इस मुलाकात को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है. लेकिन उनकी इस मुस्कान के पीछे एक ऐसा दर्द भी है, जिसे उन्होंने पहले एक इंटरव्यू में बयां किया था.
पीएम मोदी से मिलने को लेकर उत्साहित हैं सिमरन
सिमरन शर्मा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वह बताती नजर आ रही हैं कि 5 नवंबर को उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होने वाली है. सिमरन इस मुलाकात को लेकर काफी उत्साहित हैं. वीडियो में उन्होंने कहा, 'नमस्ते, मेरा नाम सिमरन शर्मा है और मैं पैरा ओलंपिक मेडलिस्ट और अर्जुन अवॉर्डी हूं. मुझे बहुत खुशी है कि मैं 5 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी से मिलने जा रही हूं, जहां हम अपने अनुभव शेयर करेंगे.'
उन्होंने आगे कहा, 'जब भी हम अपने प्रधानमंत्री से मिलते हैं तो हर बार कुछ न कुछ नया सीखने को मिलता है. वह हमें बहुत अच्छी-अच्छी बातें बताते हैं. उनके साथ बात करके ऐसा लगता है जैसे हम दोस्त हों. मैं कभी अपना पुराना समय याद करती हूं तो ऐसा लगता है कि यहां तक पहुंचना इतना आसान नहीं था.'
एशियन गेम्स में जाने का नहीं था मन
सिमरन की आज की खुशी को समझने के लिए उनके उस दौर को जानना जरूरी है, जब खेल के मैदान तक पहुंचना भी उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं था. हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में सिमरन ने अपना दर्द बयान करते हुए कहा था कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अधिकारियों की कथित मानसिक प्रताड़ना ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था.
उन्होंने बताया था कि एशियन गेम्स से पहले के दो महीनों में उनके लिए हर कदम पर मुश्किलें खड़ी की गईं. हालात ऐसे हो गए थे कि उनका एशियन गेम्स में जाने का भी मन नहीं था. सिमरन ने इंटरव्यू में कहा था, 'मेरा एशियन गेम्स में जाने का मन ही नहीं था. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अधिकारियों ने गेम्स से पहले इतना मानसिक उत्पीड़न किया कि अगर मेरी जगह कोई और होता तो शायद वह प्रदर्शन ही नहीं कर पाता. मैं पूरी रात रोकर सुबह ट्रेनिंग करती थी, क्योंकि हर कदम पर हमारे लिए चीजें मुश्किल बनाई जा रही थीं. लेकिन खिलाड़ी होने के नाते हम हार नहीं मानते और मैंने भी हार नहीं मानी.'
दो गोल्ड जीतकर दिया था अपने दर्द का जवाब
सिमरन ने बताया था कि एशियन गेम्स के लिए रवाना होते समय भी वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं. लेकिन उन्होंने खुद से एक वादा किया था कि इस बार सिर्फ एक नहीं, बल्कि दो गोल्ड मेडल जीतकर लौटना है. उनके मुताबिक, यह वादा सिर्फ देश के लिए पदक जीतने का नहीं था, बल्कि उन लोगों को जवाब देने का भी था, जिन्होंने पिछले दो महीनों में उन्हें कथित तौर पर परेशान किया था.
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में सिमरन ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 इवेंट में गोल्ड मेडल जीता. इसके बाद उन्होंने 100 मीटर टी12 में 12.02 सेकंड का समय निकालकर गेम्स रिकॉर्ड के साथ दूसरा गोल्ड अपने नाम किया. इस तरह वह एक ही पैरा एशियन गेम्स में दो गोल्ड जीतने वाली चौथी भारतीय खिलाड़ी बनीं.
पति के अपमान से भी टूट गई थीं सिमरन
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में सिमरन ने एक और भावुक घटना का जिक्र किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से पहले आयोजित विदाई समारोह में एक अधिकारी ने उनके पति का अपमान किया था. सिमरन ने बताया था कि उस घटना के बाद वह काफी दुखी थीं. समारोह में जब लोग उनसे पूछ रहे थे कि वह क्यों रो रही हैं, तब वह किसी को अपनी परेशानी नहीं बता पा रही थीं.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि जब उन्होंने स्टेडियम में हो रही परेशानियों को लेकर आवाज उठाई तो उन्हें कहीं और जाकर ट्रेनिंग करने की सलाह दी गई. उनका सवाल था कि आखिर अपनी मेहनत से देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अपना ट्रेनिंग सेंटर छोड़ने के लिए क्यों कहा जाए?
SAI की तरफ से भी आया था जवाब
सिमरन के आरोपों पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के एक सूत्र ने बताया था कि स्टेडियम परिसर में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से कुछ अनुशासनात्मक कदम उठाए गए हैं. सूत्र के मुताबिक, कुछ खिलाड़ी और कोच इन कार्रवाइयों से नाराज हो सकते हैं, क्योंकि वे भी जांच के दायरे में आए हैं.
अब पीएम मोदी से शेयर करेंगी अपना अनुभव
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियाई पैरा गेम्स 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल के साथ बातचीत करेंगे. इस अवसर पर वे वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे. जापान के आइची-नागोया में इस साल आयोजित एशियाई पैरा गेम्स में भारत ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीटों ने 114 पदक जीते, जिनमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. इस कार्यक्रम में एथलीट, कोच, पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया और भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारी, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि, तथा युवा मामले और खेल मंत्रालय के अधिकारी शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें- VIDEO: चाय वाले की बेटी ने रच दिया इतिहास, पूरा हरियाणा कर रहा गर्व, घर लौटी तो स्वागत में उमड़ा गांव
यह भी पढ़ें- जिसे पानी से नफरत और ऊंचाई से लगता था डर, आज उसी बेटी ने ओलंपिक मंच पर रच दिया इतिहास
यह भी पढ़ें- VIDEO: हरियाणा की बेटी गोल्ड जीतकर दिवंगत कोच का सपना किया पूरा, घर लौटी तो स्वागत में उमड़ा पूरा गांव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं