इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बेनक्रॉफ्ट उन प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली आईपीएल मिनी नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है. साल 2018 के बहुचर्चित गेंद से छेड़छाड़ विवाद में अहम भूमिका निभाने वाले बेनक्रॉफ्ट भी नीलामी में उतरेंगे. स्टोक्स ने अपना आधार मूल्य दो करोड़ रुपये, जबकि बेनक्राफ्ट ने 75 लाख रुपये रखा है. इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले 35 वर्षीय स्टोक्स पिछली बार 2023 में आईपीएल में खेले थे. तब उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से दो मुकाबले खेले थे.
इससे वह पहले राजस्थान रॉयल्स और अब समाप्त हो चुकी राइजिंग पुणे सुपरजायंट की टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं. चौतीस वर्षीय बेनक्रॉफ्ट ने अब तक आईपीएल में कोई मुकाबला नहीं खेला है, लेकिन वह बिग बैश लीग में नियमित रूप से खेलते हैं. हाल ही में उन्होंने 2018 के गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण में अपनी भूमिका स्पष्ट करने के साथ पैट कमिंस के दावों पर भी प्रतिक्रिया दी थी.
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने भी नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है, हालांकि टूर्नामेंट के अधिकांश समय उनकी उपलब्धता की उम्मीद नहीं है. बांग्लादेश के 11 खिलाड़ियों ने भी नीलामी के लिए नाम दर्ज कराया है, लेकिन तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान सूची में शामिल नहीं हैं. पिछले साल बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था.
इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी 20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला किया था. नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले बांग्लादेशी खिलाड़ियों में हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, रिपोन मंडल, रिशाद हुसैन, सैफ हसन, शाक महेदी हसन, शमीम हुसैन, शरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, तौहीद हृदय और मोहम्मद रुबेल शामिल हैं.
एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों में जापान के बेंजामिन इटो डेविस भी नीलामी में उतर सकते हैं. उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये है. नीलामी के लिए कुल 1,220 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है. इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. दस टीमों के पास अधिकतम 66 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए स्थान खाली हैं, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं.
पंजीकृत खिलाड़ियों की सूची में 184 अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले, 994 अनकैप्ड (अंतरराष्ट्रीय पदार्पण नहीं करने वाले खिलाड़ी) और 42 एसोसिएट देशों के खिलाड़ी हैं. नीलामी से पहले इस सूची में काफी कटौती होने की उम्मीद है. दस फ्रेंचाइजी ने कुल 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया है.
नीलामी में शामिल कैप्ड (अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले) भारतीय खिलाड़ी: आकाश दीप, आवेश खान, दीपक चाहर, दीपक हुड्डा, जयदेव उनादकट, करुण नायर, कुलदीप सेन, मयंक अग्रवाल, उमेश यादव, उमरान मलिक, सारांश जैन, शिवम मावी, तुषार देशपांडे और राहुल त्रिपाठी.
यह भी पढ़ें- विराट को क्रिकेट का ककहरा सिखाने वाले राजकुमार शर्मा बोले- वैभव ने UAE के बॉलर्स को खिलौना बना दिया, दिल से बधाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं