विज्ञापन

फुटबॉल खेलते-खेलते मैदान पर गिरा 15 साल का छात्र, अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

इस घटना के बाद डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है. हालांकि अभी तक मौत के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

फुटबॉल खेलते-खेलते मैदान पर गिरा 15 साल का छात्र, अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान
गुजरात में खेलते-खेलते बच्चे की जान चली गई.
  • गुजरात के बालासिनोर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र उत्सव मेहरा की फुटबॉल खेलते समय अचानक मौत हुई
  • उत्सव मेहरा नौवीं कक्षा में पढ़ता था और स्कूल परिसर में खेलते वक्त अचानक बीमार होकर मैदान पर गिर पड़ा था
  • उत्सव कबड्डी में भी होनहार था और उसका सपना राष्ट्रीय स्तर पर खेलना था, जो उसकी मौत से अधूरा रह गया

गुजरात के महीसागर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. बालासिनोर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र उत्सव मेहरा की फुटबॉल खेलते समय अचानक मौत हो गई. नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला उत्सव स्कूल परिसर में अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहा था, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मैदान पर गिर पड़ा.

मौके पर मौजूद छात्रों और शिक्षकों ने तुरंत उसकी मदद की और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में शोक की लहर फैल गई.

पढ़ाई के साथ खेलों में भी था शानदार प्रदर्शन

उत्सव मेहरा को जानने वाले लोग उसे एक होनहार छात्र और प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताते हैं. पढ़ाई के साथ-साथ उसकी खेलों में भी गहरी रुचि थी. वह कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी माना जाता था और पहले राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले चुका था.

परिजनों और शिक्षकों के अनुसार उत्सव का सपना राष्ट्रीय स्तर पर खेलना था. वह लगातार अभ्यास कर रहा था और खेलों में भविष्य बनाने की तैयारी कर रहा था. ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

डॉक्टरों ने जताई प्रारंभिक आशंका

घटना के बाद डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है. हालांकि अभी तक मौत के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से बताया जा सकेगा कि छात्र की मौत आखिर किस वजह से हुई.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

उत्सव के शव को बालासिनोर के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया. मेडिकल टीम ने आगे की जांच के लिए जरूरी नमूने भी एकत्र किए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी. खेल के मैदान में एक किशोर की अचानक मौत की घटना ने इलाके के अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. 

यह भी पढ़ें | बस स्टैंड पर आधी रात यात्री को आया हार्ट अटैक, लैब टेक्नीशियन ने तुरंत CPR देकर बचाई अनजान शख्स की जान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat News, Sports News, Student Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com