जमशेदपुर के 20 वर्षीय दीपांशु सिंह ने अपनी मेहनत, जुनून और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत का मान बढ़ाया है. दुबई में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में पेंटाथलॉन टूर्नामेंट के दौरान दीपांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए तीन ब्रॉन्ज और एक गोल्ड मेडल जीता. वाटर पोलो, स्विमिंग और शूटिंग जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा साबित कर चुके दीपांशु का सपना अब ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना है. उनकी सफलता के पीछे घंटों का अभ्यास, कठिन दिनचर्या और कई सालों का त्याग छिपा है.
जमशेदपुर के रहने वाले दीपांशु सिंह महज 20 साल की उम्र में उस मुकाम की ओर बढ़ रहे हैं, जहां पहुंचने का सपना देश के लाखों युवा खिलाड़ी देखते हैं. खास बात यह है कि खेल के प्रति उनका जुनून पढ़ाई के आड़े नहीं आया है. वह खेल के साथ-साथ बीएससी जूलॉजी की पढ़ाई भी कर रहे हैं. उनके माता-पिता मनोज सिंह और उमा सिंह ने बेटे की प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को समझते हुए हमेशा उसका हौसला बढ़ाया है. इकलौते बेटे के सपने को पूरा करने के लिए परिवार ने भी हर कदम पर उसका साथ दिया.
बचपन में बॉक्सिंग और स्केटिंग का शौक, फिर पानी से हो गया प्यार
दीपांशु बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें खेलकूद में काफी दिलचस्पी थी. शुरुआत में बॉक्सिंग और स्केटिंग उनका पसंदीदा खेल था, लेकिन साल 2012 में वाटर पोलो के बारे में जानकारी मिलने के बाद उनका रुझान पानी से जुड़े खेलों की ओर बढ़ गया. इसके बाद उन्होंने स्विमिंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स में भी अपनी प्रतिभा निखारनी शुरू की.
साल 2016 में उन्होंने स्विमिंग में झारखंड के सबसे तेज तैराक का खिताब हासिल किया. इसके अलावा साल 2018 और 2022 में रोल बॉल के क्षेत्र में भी उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ. लगातार मिलती सफलताओं ने दीपांशु के आत्मविश्वास को बढ़ाया और उन्होंने खेल को ही अपना करियर बनाने का फैसला किया.
सुबह 4 बजे से शुरू होती है तैयारी
दीपांशु की सफलता का सबसे बड़ा मंत्र उनका अनुशासन है. उनकी दिनचर्या किसी आम युवा से बिल्कुल अलग है. वह सुबह 4 बजे उठ जाते हैं और दिन की शुरुआत स्विमिंग अभ्यास से करते हैं. इसके बाद सुबह 6 बजे से 8 बजे तक शूटिंग की ट्रेनिंग लेते हैं.
कुछ समय आराम और अन्य जरूरी गतिविधियों के लिए निकालने के बाद दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक फिर स्विमिंग का अभ्यास करते हैं. इसके बाद शाम 5 बजे से 7 बजे तक जिम में ट्रेनिंग करते हैं. यानी उनका अधिकांश दिन खेल और फिटनेस को समर्पित रहता है.
6 साल से नहीं खाई मिठाई, बाहर के खाने से भी बनाई दूरी
दीपांशु की कहानी सिर्फ मेडल और अभ्यास तक सीमित नहीं है. एक बेहतरीन खिलाड़ी बनने के लिए उन्होंने अपनी पसंदीदा चीजों से भी दूरी बना ली है. वह पिछले छह वर्षों से बाहर का खाना नहीं खा रहे हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने छह साल से मिठाई भी नहीं खाई है.
दीपांशु के मुताबिक, कई बार मनपसंद चीजें खाने का मन करता है, लेकिन अपने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वह खुद पर कंट्रोल रखते हैं. उनका मानना है कि खेल में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास के साथ सही खानपान और अनुशासित जीवनशैली भी बेहद जरूरी है.
एशियन चैंपियनशिप में जीते चार मेडल
हाल ही में दुबई में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में दीपांशु ने पेंटाथलॉन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत को तीन ब्रॉन्ज और एक गोल्ड मेडल दिलाया. मॉडर्न पेंटाथलॉन पांच अलग-अलग खेलों का संयोजन है. इसमें फेंसिंग, ऑब्स्टेकल, स्विमिंग, शूटिंग और रनिंग शामिल हैं. इस प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती, एकाग्रता और बेहतरीन तालमेल की जरूरत होती है. दीपांशु ने इन चुनौतियों के बीच अपने प्रदर्शन से यह साबित किया कि लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं.
ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना है सपना
दीपांशु का लक्ष्य सिर्फ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतना नहीं है. वह भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं और तिरंगे को दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच पर लहराते देखना चाहते हैं. 20 साल की उम्र में दीपांशु ने अपने लक्ष्य की दिशा तय कर ली है. सुबह चार बजे उठने से लेकर घंटों अभ्यास करने और अपनी पसंदीदा चीजों का त्याग करने तक, उनकी जिंदगी का हर दिन इसी सपने को समर्पित है.
जमशेदपुर का यह युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत से न सिर्फ परिवार और शहर का नाम रोशन कर रहा है, बल्कि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहा है जो खेल की दुनिया में देश के लिए कुछ बड़ा करने का सपना देखते हैं.
रिपोर्ट- प्रभात कुमार
यह भी पढ़ें- मैनपुरी के मनल चौहान ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत को दिलाई जीत, घर लौटा तो स्वागत में उमड़ा पूरा शहर
यह भी पढ़ें- 'आर्यवीर को सरनेम की कीमत चुकानी पड़ी...,' बेटे के आलोचकों पर खुलकर बोले वीरेंद्र सहवाग
यह भी पढ़ें- छाछ-रोटी पर किया गुजारा, बेटे को बनाया क्रिकेटर, पाकिस्तान को धूल चटाने वाले मोहित की ये कहानी भावुक कर देगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं