विज्ञापन

मैनपुरी के मनल चौहान ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत को दिलाई जीत, घर लौटा तो स्वागत में उमड़ा पूरा शहर

Manal Chauhan Grand Welcome In Mainpuri: भारत को अंडर-19 एशिया कप चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले मनल चौहान के मैनपुरी पहुंचते ही उत्सव का माहौल बन गया. रोड शो, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के बीच हजारों लोगों ने अपने स्टार खिलाड़ी का स्वागत किया.

मैनपुरी के मनल चौहान ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत को दिलाई जीत, घर लौटा तो स्वागत में उमड़ा पूरा शहर
मनल चौहान के स्वागत में उमड़ा पूरा शहर
NDTV

पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के हीरो में शामिल मनल चौहान जब अपने गृह जनपद मैनपुरी पहुंचे तो पूरा शहर उनके स्वागत में उमड़ पड़ा. जगह-जगह फूल-मालाओं से सम्मान, खुले वाहन में रोड शो, आतिशबाजी और जयकारों के बीच युवा क्रिकेटर का ऐसा स्वागत हुआ, मानो कोई विश्व विजेता घर लौटा हो. भारत की खिताबी जीत के बाद मैनपुरी और उनके गांव नगला जुला में जश्न का माहौल देखने को मिला.

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

अंडर-19 एशिया कप जीतकर लौटे मनल चौहान के सम्मान में मैनपुरी में भव्य रोड शो निकाला गया. घिरोर से शुरू हुए इस रोड शो के दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया. कई स्थानों पर फूल बरसाए गए, मालाएं पहनाई गईं और लोगों ने भारत की जीत का जश्न मनाया. जैसे ही मनल का काफिला उनके गांव नगला जुला पहुंचा, माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया. ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया और अपने स्टार खिलाड़ी का जोरदार स्वागत किया.

पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बने थे अहम किरदार

हालांकि मैनपुरी में जश्न उनकी घर वापसी को लेकर था, लेकिन इसकी वजह वह प्रदर्शन था जिसने पूरे देश का दिल जीत लिया. अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रन का विशाल लक्ष्य रखा था.

एक समय भारतीय टीम 252 रन पर 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस चुकी थी. ऐसे दबाव भरे मुकाबले में मनल चौहान ने अटैकिंग बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने महज 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे. उनकी पारी ने भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा और टीम आखिरकार एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करने में सफल रही.

जीत के बाद जश्न पर भी दिया जवाब

मैनपुरी पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मनल चौहान ने खिताबी जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के सेलिब्रेशन पर उठे सवालों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि टीम का एकमात्र लक्ष्य पाकिस्तान को हराकर खिताब जीतना था.

मनल ने कहा कि मैच के दौरान और उससे पहले काफी बातें हुईं, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उसका जवाब मैदान के भीतर प्रदर्शन से दिया. उनके अनुसार टीम ने किसी सीमा का उल्लंघन नहीं किया और जीत के बाद निकला जश्न खिलाड़ियों की भावनाओं का स्वाभाविक परिणाम था.

मैनपुरी के लोगों के लिए गर्व का दिन

मैनपुरी की गलियों से निकलकर भारतीय अंडर-19 टीम तक पहुंचने वाले मनल चौहान आज जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं. उनकी घर वापसी पर जिस तरह लोग सड़कों पर उतर आए, उससे साफ है कि यह सिर्फ एक खिलाड़ी का स्वागत नहीं था, बल्कि पूरे शहर का अपने बेटे की सफलता पर गर्व जताने का अवसर था.

रिपोर्ट- प्रमोद कुमार पाण्डेय

यह भी पढ़ें-  'आर्यवीर को सरनेम की कीमत चुकानी पड़ी...,' बेटे के आलोचकों पर खुलकर बोले वीरेंद्र सहवाग

यह भी पढ़ें- छाछ-रोटी पर किया गुजारा, बेटे को बनाया क्रिकेटर, पाकिस्तान को धूल चटाने वाले मोहित की ये कहानी भावुक कर देगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Manal Chauhan, India U19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com