भारत को अंडर-19 एशिया कप चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले आर्यवीर सहवाग की सफलता पर उनके पिता और पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने गर्व जताया है. सहवाग का कहना है कि मशहूर सरनेम के साथ आलोचना भी आती है और आर्यवीर को भी इसका सामना करना पड़ा, लेकिन इस टूर्नामेंट में बड़े रन बनाकर उन्होंने साबित कर दिया कि उनकी पहचान सिर्फ नाम नहीं बल्कि प्रदर्शन है.
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा है कि उनके बेटे आर्यवीर सहवाग को मशहूर सरनेम की वजह से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने क्रिकेट जगत का सम्मान हासिल कर लिया है.
आर्यवीर के नाम एक शतक और तीन अर्धशतक
आर्यवीर हाल ही में संपन्न अंडर-19 एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे. पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए फाइनल में भी उन्होंने 58 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी और भारत को यादगार जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में वीरेंद्र सहवाग ने कहा, 'मुझे खुशी है कि आर्यवीर ने भारत की अंडर-19 एशिया कप जीत में योगदान दिया, खासकर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ. उसने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि बड़े स्कोर भी किए.'
सम्मान कमाने के लिए बड़े स्कोर जरूरी
उन्होंने बताया कि वह हमेशा आर्यवीर से कहते थे कि अगर सम्मान चाहिए तो बड़े स्कोर बनाने होंगे. सहवाग ने कहा, 'मैं उससे हमेशा कहता था कि सम्मान कमाने के लिए बड़े स्कोर बनाने जरूरी हैं और इस टूर्नामेंट में उसने वही करके दिखाया है.'
'सरनेम की वजह से झेली आलोचना'
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने माना कि शुरुआत में लोग सिर्फ नाम देखकर राय बनाते हैं, लेकिन प्रदर्शन ही असली पहचान बनाता है. उन्होंने कहा, 'जब तक आप किसी खिलाड़ी को खेलते हुए नहीं देखते, तब तक आप सिर्फ उसके नाम के आधार पर उसे आंकते हैं. आर्यवीर को भी उसके सरनेम की वजह से काफी आलोचना झेलनी पड़ी.'
सहवाग को भरोसा है कि आगे भी उनके बेटे को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन अब पूरी दुनिया उसके टैलेंट को पहचानती है. उन्होंने कहा, 'भविष्य में भी उसे ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन अब सभी जानते हैं कि उसके पास प्रतिभा है और वह प्रदर्शन कर सकता है. मुझे लगता है कि आगे उसे देश का प्यार ही मिलेगा.'
गौरतलब है कि ओमान में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 338 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी. मैच के बाद वीरेंद्र सहवाग ने अपने बेटे आर्यवीर से वीडियो कॉल पर बात कर उसे बधाई भी दी थी.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद आर्यवीर के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे सहवाग, धीरेंद्र शास्त्री से लिया आशीर्वाद
यह भी पढ़ें- IPL 2027 ऑक्शन कब होगा? कौन-सी टीम करेगी सबसे ज्यादा खरीदारी, जानिए पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं