उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान गोरखपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यात्रा के स्वागत के लिए लगाई गई जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत बीजेपी नेता हैं. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. अखिलेश यादव और आयोजक समिति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है. वहीं, बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस घटना को लेकर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा.
भारतीय जनता पार्टी ने कहा, "गोरखपुर में अखिलेश यादव के स्वागत के उन्माद में सपाइयों ने एक 12 वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली. PDA रथ यात्रा के दौरान JCB की चपेट में आकर बच्चे की दर्दनाक मौत, सपाइयों के हुड़दंग और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का नतीजा है. अभी सत्ता से बाहर रहकर ये हाल है, तो सोचिए सत्ता में आ गए तो क्या कहर बरपाएंगे. इन्हें सपाई कहें या बलवाई? इनके लिए सत्ता का प्रदर्शन, एक मासूम की जिंदगी से भी ज्यादा कीमती है?"
अखिलेश यादव के काफिले के वहां पहुंचने पर जेसीबी के जरिए उन्हें फूलों की माला पहनाई गई और फूल बरसाकर स्वागत किया गया. इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ गया.
इसी दौरान स्थानीय निवासी और बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह स्कूटी से सड़क पार कर रहा था. वह कक्षा 10 का छात्र था. आरोप है कि इसी दौरान वह जेसीबी की चपेट में आ गया और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर में गंभीर चोट आई.
हादसा एयरपोर्ट से महज डेढ़ किलोमीटर दूर कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के सामने हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
अखिलेश पर मुकदमा दर्ज करने की मांग...
परिजन और स्थानीय लोग मृतक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए. हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. उन्होंने अखिलेश यादव और आयोजक समिति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की.
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना व्यक्त की. इसके साथ ही, पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री योगी दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचने वाले हैं. इस दौरान उनके मृतक बच्चे के परिजनों से मुलाकात करने की भी संभावना है.
अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में किए गए शक्ति प्रदर्शन के बाद यह हादसा राजनीतिक मुद्दा बन गया है. एक तरफ जहां परिजन और बीजेपी नेता कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं इस घटना ने राजनीतिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था, भारी वाहनों के संचालन और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बीजेपी नेता रणंजय सिंह जुगनू ने कहा, "किसी परिवार के बच्चे की जान जाना अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती. अखिलेश यादव की PDA यात्रा के दौरान बच्चे की जान गई. उनका रथ आगे निकल रहा था और पीछे से JCB चलाई जा रही थी. सड़क पर इस तरह JCB चलाने की अनुमति प्रशासन ने दी थी या नहीं, यह भी जांच का विषय है."
मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत ने बताया कि उनका बेटा सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान अखिलेश यादव का काफिला वहां से निकला. काफिला आगे निकल गया, लेकिन पीछे से आ रही JCB ने उनके बेटे को टक्कर मार दी. इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई. मेरी मांग है कि अखिलेश यादव और आयोजक समिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए.
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि एम्स थाना क्षेत्र में रोड शो के दौरान चल रही JCB की चपेट में आने से एक 14 वर्षीय बच्चा घायल हो गया था. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें | 'आजम खान साहब की रिहाई ने इंसाफ पर ऐतबार को बढ़ाया है': अखिलेश यादव
यह भी पढ़ें | सीटों से सम्मान को जोड़ने वाली कांग्रेस को समाजवादी पार्टी ने दिया जवाब, नंबर एक और दो नहीं छोड़ेगी पार्टी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं