- बांग्लादेश में शेख हसीना के समर्थन में गारमेंट वर्कर्स के प्रदर्शन के बाद हिंसा और राजनीतिक टकराव शुरू हो गया
- ढाका में कई जगहों पर देर रात बम धमाके और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया
- पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर और ग्रामीण बैंक की शाखाओं में आग लगा दी गई
बांग्लादेश में एक बार फिर से अशांति का माहौल है और गृहयुद्ध जैसे हालात पैदा हो रहे हैं. शेख हसीना की वापसी के समर्थन में बड़ी संख्या में गारमेंट वर्कर्स सड़कों पर उतर आए. हिंसा और राजनीतिक टकराव फिर शुरू हो गया है. आधी रात को ढाका में कई जगहों पर बम धमाके किए गए. इस बीच पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के चटगांव में पैतृक घर में दंगाइयों ने आग लगा दी. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली प्रतिबंधित अवामी लीग ने गुरुवार को जब 'लॉकडाउन' का आह्वान किया, तब से ये बवाल शुरू हुआ है.
गोपालगंज समेत कई जगहों पर तनाव, आगजनी
पीटीआई के मुताबिक, शेख हसीना की पार्टी के समर्थक समर्थक पर उतर आए हैं. उन्होंने 15 नवंबर 2026 को गोपालगंज में हिंसक प्रदर्शन करते हुए पुलिस की गाड़ियों पर हमले किए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अवामी लीग के सैकड़ों कार्यकर्ता धारदार हथियार और भाले लेकर सड़कों पर उतर आए. उन्होंने पुलिस की गाड़ी में आग लगाने के साथ ही पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ की.पुलिस और चश्मदीदों का कहना है कि इन हमलों में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं. कड़ी सुरक्षा के बावजूद ढाका में कई देसी बम धमाके किए गए और आगजनी, तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं.
यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग
उपद्रवियों ने बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में यूनुस के ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में आग लगा दी. साथ ही उनके घर को भी आग के हवाले कर दिया. अखबारों में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े विरोधी गुट के कार्यकर्ताओं ने रात के समय ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और उनमें आग लगा दी.
पुलिस का कहना है कि रात के समय सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. ढाका के प्रमुख फ्लाईओवर पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया था. वहीं पुलिस ने शहर में आने-जाने के रास्तों पर वाहनों की जांच की और मोटरसाइकिल सवारों और संदिग्ध वाहनों के ड्राइवर्स से पूछताछ भी की.

अवामी लीग के 'लॉकडाउन' बुलाने के बाद बवाल
अवामी लीग के 'लॉकडाउन' बुलाने के बाद ये सारा बवाल शुरू हुआ है. उन्होंने ऐसे समय में लॉकडाउन का आह्वान किया है जब पिछले साल एक विशेष ट्रिब्यूनल ने शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी मानते हुए मौत की सजा सुनाई थी. यह लॉकडाउन उसी फैसले की बरसी के मौके पर बुलाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, संवेदनशील जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बल 'बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश' (BGB) के हजारों जवानों को तैनात किया गया है. इनमें हसीना के शहर दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज जिले में भी सुरक्षा सख्त है.
ढाका में 565 लोग गिरफ्तार
बीडीन्यूज 24 के मुताबिक, लॉकडाउन से पहले पुलिस ने ढाका में 24 घंटे चले अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया, इनमें हसीना के मंत्रिमंडल के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं, जिन्हें बुधवार आधी रात को ढाका स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-बांग्लादेश से वापस लौटा BSF जवान, बताया कैसे BGB ने कब्जे में लिया था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं