विज्ञापन

रच गया इतिहास, इंसान की बनाई पहली चीज ने लांघी सौर मंडल की सीमा, वहां पहुंची जहां आज तक सिर्फ सन्नाटा था

NASA का अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 एक नया रिकॉर्ड कायम करते हुए पृथ्वी से एक लाइट-डे से अधिक दूरी पर पहुंच गया है. 1977 को लॉन्च किया गया यह यान अब तक का सबसे दूर पहुंचने वाला मानव निर्मित ऑब्जेक्ट बन चुका है.

रच गया इतिहास, इंसान की बनाई पहली चीज ने लांघी सौर मंडल की सीमा, वहां पहुंची जहां आज तक सिर्फ सन्नाटा था
अंतरिक्ष में इतिहास: पृथ्वी से एक लाइट-डे दूर पहुंचा वॉयजर-1
NDTV
  • वॉयजर-1 अमेरिकी नासा द्वारा 1977 में भेजा गया पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान है जो सबसे दूर तक पहुंचा है
  • यह यान अब तक लगभग 26 अरब किलोमीटर की दूरी तय कर इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचने वाला पहला यान बना है
  • वॉयजर-1 ने बृहस्पति और शनि ग्रहों का अध्ययन किया और शनि के चंद्रमा टाइटन की महत्वपूर्ण तस्वीरें भेजीं

अंतरिक्ष में कई रहस्य छिपे हैं. इन रहस्यों से पर्दा उठाने के लिए दुनियाभर की स्पेस एजेंसियां काम कर रही हैं. तमाम सैटेलाइट और प्रोब अंतरिक्ष में भेजे जा चुके हैं. आज हम ऐसे ही खास प्रोब के बारे में बता रहे हैं, जिसने इतिहास रच दिया है. यह इंसान द्वारा निर्मित पहली ऐसी चीज है, जो अंतरिक्ष में सबसे दूर पहुंची है. हम बात कर रहे हैं वॉयजर-1 प्रोब की. जिसे 1977 में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी  नासा ने स्पेस में भेजा था. अब यह प्रोब पृथ्वी से 'एक लाइट-डे' यानी लगभग 26 अरब किलोमीटर की अकल्पनीय दूरी का मील का पत्थर पार कर चुका है.

क्या होता है 'लाइट-डे'?

'लाइट-डे' वह दूरी है जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है. प्रकाश की गति लगभग 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड होती है. अंतरिक्ष में बेहद लंबी दूरियों को समझने के लिए वैज्ञानिक प्रकाश-समय आधारित इकाइयों का इस्तेमाल करते हैं.

एक लाइट डे यानी प्रकाश दिवस का मतलब है कि वॉयजर-1 से भेजे गए किसी संदेश को पृथ्वी तक पहुंचने और जवाब वापस जाने में कुल 24 घंटे लगेंगे. वॉयजर-1 का एक लाइट-डे दूर पहुंचना इसलिए खास है क्योंकि कोई भी मानव निर्मित यान इससे पहले पृथ्वी से इतनी दूरी तक नहीं पहुंचा था.

5 सितंबर 1977 को लॉन्च किया गया यह अंतरिक्ष यान अब तक करीब 26 अरब किलोमीटर की दूरी तय कर चुका है. यह सूर्य से प्लूटो की औसत दूरी से भी कई गुना अधिक दूर पहुंच चुका है. खास बात यह है कि 1970 के दशक की तकनीक से बना यह यान अपनी निर्धारित उम्र से कहीं अधिक समय तक सक्रिय रहा है और आज भी वैज्ञानिकों को महत्वपूर्ण जानकारियां भेज रहा है.

बृहस्पति से शनि तक खोले कई रहस्य

5 सितंबर 1977 को लॉन्च हुए वॉयजर-1 ने अपने शुरुआती मिशन में बृहस्पति और शनि ग्रह की स्टडी की. इसने शनि के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन की ऐतिहासिक तस्वीरें भेजीं और कई वैज्ञानिक खोजों में योगदान दिया. इसने ग्रहों के चंद्रमाओं, छल्लों और उनके वातावरण से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां जुटाईं.

साल 1980 में वॉयजर-1 शनि के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन के बेहद करीब से गुजरा था और वहां से मिली तस्वीरों और डेटा ने वैज्ञानिकों को इस रहस्यमयी दुनिया को समझने में मदद की.

इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचने वाला पहला यान

वॉयजर-1 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह है कि यह सौर मंडल की सीमा पार कर  इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचने वाला पहला मानव निर्मित यान बना. इसके जरिए वैज्ञानिक सौर मंडल के बाहर के वातावरण का अध्ययन कर रहे हैं.

हालांकि अब इसके ज्यादातर डिवाइस बंद किए जा चुके हैं और इसकी ऊर्जा लगातार कम हो रही है, लेकिन दो डिवाइस अब भी काम कर रहे हैं. 

कई बार टूटते-टूटते बचा संपर्क

पिछले कुछ सालों में वॉयजर-1 को कंप्यूटर और संचार संबंधी कई तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद नासा के इंजीनियरों ने दूर बैठकर इसके सिस्टम को चालू रखा और यान लगातार डेटा भेजता रहा.

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले कुछ सालों में इसकी ऊर्जा इतनी कम हो जाएगी कि इसका आखिरी सिग्नल भी बंद हो सकता है. लेकिन तब तक यह इतिहास रचता रहेगा.

अंतरिक्ष में मानवता का संदेश

वॉयजर-1 अपने साथ एक विशेष 'गोल्डन रिकॉर्ड' भी लेकर चल रहा है. इसमें पृथ्वी की तस्वीरें, संगीत, प्राकृतिक ध्वनियां, मानव आवाजें और कई भाषाओं में संदेश रिकॉर्ड हैं.

इस रिकॉर्ड को इस उम्मीद के साथ भेजा गया था कि अगर भविष्य में किसी एलियन को यह यान मिले, तो उसे पृथ्वी और मानव सभ्यता के बारे में जानकारी मिल सके.

यह भी पढ़ें | 15 अरब मील दूर धरती से NASA के 47 साल पुराने अंतरिक्ष यान का कमाल, साधा संपर्क; दुनिया हैरान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Voyager 1, Voyager 1 Distance From Earth, Voyager 1 Golden Record, Voyager 1 Latest Update, Voyager 1 Loses Contact
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com