आज से ठीक चार साल पहले 28 जून 2022 दोपहर 1:15 बजे राजस्थान के उदयपुर में एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया. गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी ने कन्हैयालाल टेलर की गला काटकर हत्या कर दी थी. पहले हत्या का लाइव वीडियो सामने आया और फिर आरोपी का कबूलनामा. कन्हैयालाल हत्याकांड के 4 साल बीत जाने के बाद भी परिवार को न्याय का इंतजार है. बता दें कि शहर की मालदास स्ट्रीट में हत्याकांड को अंजाम दिया गया था, जिसकी जांच NIA कर रही है. एजेंसी की जांच में 11 आरोपियों को नामजद किया गया, जिसमें दो पाकिस्तान के नागरिक है. जबकि गिरफ्तार कुल 9 आरोपियों में 2 को जमानत दी जा चुकी है.
166 गवाह, पेशी महज 35 की हुई
बड़े बेटे यश ने एनडीटीवी से खास बातचीत में कहा, "केस में 166 गवाह हैं, लेकिन अब तक 30 से 35 गवाहों की पेशी हुई. वादा किया गया था कि सालभर के भीतर ही आरोपियों को फांसी हो जाएगी, लेकिन केस ही आगे नहीं बढ़ा. इस केस में किसे जिम्मेदार माना जाए, जबकि मामले का राजनीतिकरण कर दिया गया. कांग्रेस भाजपा पर तो भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगाती है. सोचना यह चाहिए था कि दोनों साथ मिलकर घिनौने अपराध पर अपराधियों को सजा दिलाए."

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी ने वीडियो बनाया था.
वहीं, कन्हैयालाल की पत्नी जशोदा शाहू का कहना है कि 4 साल हो गए, कोई त्यौहार नहीं मनाया. इसी आस में बैठे है कि हमें न्याय मिले. आज भी उनकी सिलाई मशीन के पास बैठती हूं, हर पल पूरा परिवार उन्हें याद करता रहता है.
घर का एक हिस्सा पुलिस चौकी में तब्दील
हत्या के बाद से कन्हैयालाल के बड़े बेटे यश ने सिर के बाल नहीं कटवाए और पैरों में चप्पल नहीं पहनी. अस्थियां का विसर्जन नहीं किया. यश ने संकल्प लिया है कि आरोपियों को एक साथ फांसी की सजा होने के बाद ही हरिद्वार जाएगा. आज भी घर के बाहर, गली के 500 मीटर का दायरा सीसीटीवी में कैद है. घर का नीचा वाला हिस्सा पुलिस चौकी में तब्दील हो गया है.

परिजन बोले- अगली बरसी पर फिर यही बात ना कहनी पड़े
यश और भाई तरुण, दोनों जहां भी जाते हैं, गनमैन साथ रहता है. रिश्तेदारों के कार्यक्रम में जाने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है. परिवार ने मांग रखी कि पापा की अगली बरसी पर फिर से हमें यह बात ना कहनी पड़े और उससे पहले हमे न्याय मिल जाए.
यह भी पढ़ेंः गजेंद्र शेखावत, राजकुमार रोत और अमराराम की सीटों का होगा परिसीमन! जानें राजस्थान की कौनसी 7 सीटें बंट सकती हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं