उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे की फ्लाइट में मुलाकात को लेकर एकनाथ शिंदे ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस को बहुत समझदार व्यक्ति हैं, उनको पता है कि कपटी मित्र कितना खतरनाक हो सकता है. शुक्रवार को देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे एक फ्लाइट में सवार थे. दोनों नेता नागपुर जा रहे थे और आसपास ही बैठे थे. इस दौरान दोनों फ्लाइट में काफी सहज नजर आए थे और लंबी बातचीत भी हुई थी. इसी को लेकर कयास लग रहे थे. इस संबंध में जब एकनाथ शिंदे से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कपटी मित्र से कैसे निपटना है, यह देवेंद्र फडणवीस को पता है.
इस बीच रविवार को इन कयासों पर उद्धव ठाकरे के बयान से भी ब्रेक लग गया. उन्होंने कहा कि हमारे सभी बागी 6 सांसदों की योग्यता समाप्त होनी चाहिए. परभणी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा स्पीकर को नियम मानना चाहिए. ऐसे लोगों की सदस्यता खत्म होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा तो राज्य में अपने ही नेताओं के पर कतरने में जुटी है. उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर इस दौरान तंज भी कसा और कहा कि अब ये लोग मंदिर को लूटने में भी जुटे हैं. यदि ऐसा ही करना है तो फिर बाबर और इन लोगों में क्या फर्क रह गया है.
उन्होंने कहा कि यदि लोकसभा स्पीकर खुद ही नियम के अनुसार फैसला नहीं करेंगे तो फिर अन्य लोगों को पालन के लिए कैसे कहेंगे. बता दें कि उद्धव सेना के 9 सांसदों ने 2024 के आम चुनाव में जीत हासिल की थी. अब ये सांसद उद्धव का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे की लीडरशिप वाली शिवसेना में जाने की तैयारी में हैं. वहीं उद्धव ठाकरे ने इन बागी सांसदों के इलाकों में दौरे करना शुरू किया है. माना जा रहा है कि वह इन सांसदों के इलाके में अपनी पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं. उनका इरादा यह है कि भले ही सांसद टूट जाएं, लेकिन जमीनी स्तर पर पार्टी का दबदबा बना रहे.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं