हिंदू मंदिर हो और उसमें पूजा करने वाला हिंदू न हो, बल्कि दूसरे धर्म का हो. कुछ लोगों को यह सुनने में थोड़ा अजीब लगेगा. पर राजस्थान के जोधपुर में एक ऐसा मंदिर है, जिसमें पूजा करने वाला पुजारी मुस्लिम है. वह मंदिर में पूजा भी करता है और मुस्लिम होने के नाते नमाज भी पढ़ता है. अभी जो मंदिर का पुजारी (भोपा) है, वह सिर्फ अकेला ही नहीं है, जो इस मंदिर में पूजा-पाठ का काम कर रहा है. उससे पहले उसकी 12 पीढ़ी मंदिर में पूजा-पाठ की जिम्मेदारी संभाल चुकी है. बीते दिनों कुछ दिनों से यह मंदिर काफी सुर्खियों में बना हुआ है और इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है.
माता ने कई बार किया चमत्कार
यह अनोखा मंदिर जोधपुर के भोपालगढ़ कस्बे में बागोरिया गांव में है. मंदिर का बागोरिया माता के नाम से प्रसिद्ध है. बताया जाता है कि यह मंदिर 600 साल पुराना है और गांव की कुलदेवी बागोरिया माता ने कई बार चमत्कार किया है. इस मंदिर से जुड़ी अलग-अलग कहानियां हैं.

Photo Credit: NDTV
मंदिर से जुड़ी अल-अलग कहानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, बागोरिया माता मंदिर में पूजा करने वाले मुस्लिम परिवार से जुड़े लोग जैसलमेर से अकाल की वजह से भोपालगढ़ जा रहे थे. तभी रास्ते में इनके ऊट का पैर टूट गया और लोग बागोरिया गांव के पास रुक गए. इसके बाद इनके पूर्वजों ने देवी मां से प्राथना की, जिसके बाद ऊंट ठीक हो गया हो.
लोग एक कहानी और बताते हैं, कहते हैं कि पानी और भोजन की कमी से परिवार परेशान था. तब मुस्लिम परिवार के सपने में बागोरिया माता आईं और उन्होंने पहाड़ी पर बनी बावड़ी के बारे में बताया. इस पर वो परिवार को उसी बावड़ी के पास पहुंचा तो उसे देवी की एक मूर्ति मिली. इसके बाद से परिवार वहीं रुक गया और माता की पूरे जीवन सेवा करने का निर्णय लिया. तभी से यह परंपरा चली आ रही है. अब तक इस परिवार की 13 पीढ़ियों ने बागोरिया माता मंदिर में पूजा अर्चना कर चुका है.

किला बनाने की अनोखी कहानी
मंदिर में पूजा करने वाले मुस्लिम परिवार के जमालुद्दीन खान और उनके बेटे समदंर खान ने NDTV से बातचीत में बताया था कि नवरात्र के समय यह बड़ी संख्या में लोग आते हैं. किसी तरह को कोई भेदभाव नहीं रहता है. जमालुद्दीन खान ने बताया कि यहां पर राजा किला बनाना चाहते थे. छह महीने तक किला बनाने की कोशिश चली. दिन बनाते और रात में फिर वैसे ही बराबर हो जाता. इसके बाद मां ने आदेश दिया कि यहां पर सिर्फ मेरा ही किला रहेगा.
मंदिर में पूजा करने पहुंचे एक भक्त ने बताया कि राजस्थान के कई हिस्सों में हमेशा पानी का अकाल रहता है, पर यहां नीचे बावड़ी में कभी भी पानी की कमी नहीं होती है. यहां समय-समय पर माता जी ने चमत्कार दिया है और आसपास के सभी इलाकों के लिए यह आस्था का बड़ा केंद्र है. अभी कुछ महीने पहले बागोरिया माता मंदिर में पूजा करने वाले जमालुद्दीन खान की मौत हो गई. जिसके बाद इस मंदिर से जुड़ा वीडियो एक बार फिर से वायरल हो रहा है.
यह भी पढे़ं- VIDEO: फ्रांस में बना पहला हिंदू मंदिर; 40 देशों के लोग पहुंचे, 1970 का था संकल्प, देखें तस्वीरें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं