विज्ञापन

निकाय चुनाव में थमाया 'चप्पल' तो भड़के उम्मीदवार, कलेक्ट्रेट में बुलानी पड़ी पुलिस

बूंदी में निर्दलीय उम्मीदवारों का कहना था कि उन्होंने अपनी पसंद के जो तीन चिह्न सुझाए थे उसमें से कोई भी निशान नहीं दिया गया.

निकाय चुनाव में थमाया 'चप्पल' तो भड़के उम्मीदवार,  कलेक्ट्रेट में बुलानी पड़ी पुलिस
बूंदी कलेक्टर के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते उम्मीदवार
NDTV

नगर निकाय चुनाव में नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो चुकी है. अब चुनाव चिह्न आवंटित होने के साथ ही सभी प्रत्याशी आमने-सामने हैं और चुनावी मैदान में प्रचार का रंग भी दिखाई देने लगा है. इसी बीच शुक्रवार को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट में उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों ने उन्हें आवंटित किए गए चुनाव चिह्नों को लेकर नाराजगी जताई. निर्दलीय प्रत्याशियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करते हुए चप्पल चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने पर आपत्ति जताई. प्रत्याशियों का कहना था कि उन्होंने चुनाव चिह्न के लिए अपनी पसंद के तीन चिह्नों का पैनल दिया था, लेकिन उनमें से एक भी चुनाव चिह्न उन्हें आवंटित नहीं किया गया.

कलेक्ट्रेट में नारेबाजी

प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि उनकी सहमति या पसंद जाने बिना चप्पल चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया. उनका कहना था कि क्षेत्र में चुनाव चिह्न को लेकर उनकी छवि प्रभावित हो सकती है, जिसके चलते उन्होंने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराई. मामला बढ़ने पर कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. प्रत्याशी नारेबाजी करते हुए कलेक्टर चेंबर के बाहर भी पहुंच गए. हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. 

बूंदी की चुनावी तस्वीर

वहीं, चुनाव चिह्न आवंटन के साथ बूंदी जिले में निकाय चुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है. जिले की 8 नगर निकायों के 230 वार्डों में 211 दावेदार चुनावी मैदान में हैं. इनमें 19 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला होने की स्थिति है, जबकि 14 वार्डों में सीधा मुकाबला है.

बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों में 91 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं. ऐसे में कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के सामने मुकाबले को रोचक बना रहे हैं. चुनाव चिह्न मिलने के बाद अब प्रत्याशियों का पूरा फोकस प्रचार अभियान पर रहेगा. कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे. आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के साथ ही बूंदी की सियासत और अधिक गर्माने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें-: निकाय चुनाव में 17000 बागियों ने बिगाड़ा BJP-कांग्रेस का समीकरण, होगी कार्रवाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Bundi News, Rajasthan Local Body Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com